जरूरत की खबर- नकली नोट कैसे पहचानें:  शक होने पर चेक करें ये 5 चीजें, फेक करेंसी मिले तो तुरंत करें पुलिस में शिकायत
महिला

जरूरत की खबर- नकली नोट कैसे पहचानें: शक होने पर चेक करें ये 5 चीजें, फेक करेंसी मिले तो तुरंत करें पुलिस में शिकायत

Spread the love


10 घंटे पहलेलेखक: संदीप सिंह

  • कॉपी लिंक

हाल ही में झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 500-500 के नकली नोट बरामद किए हैं। इनका मूल्य तकरीबन 5 लाख रूपए है।

बीते दिनों उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में भी स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) और स्थानीय पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने इनके पास से करीब 1.5 लाख रुपए के नकली नोट और उसे छापने के उपकरण बरामद किए गए थे।

नकली करेंसी किसी भी देश के लिए एक दीमक की तरह है, जो देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाती है। इसलिए इसकी पहचान करना जरूरी है। नकली नोट का इस्तेमाल करना भी कानूनन अपराध है। इसके लिए जेल हो सकती है।

तो चलिए, आज जरूरत की खबर में बात करेंगे कि नकली नोट की पहचान कैसे कर सकते हैं? साथ ही जानेंगे कि-

  • अगर आपके पास नकली नोट आ जाए तो क्या करें?
  • ATM से नकली नोट निकले तो किससे शिकायत करें?

एक्सपर्ट: राज शेखर, प्रबंधक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, देहरादून

सवाल- नकली नोट की पहचान कैसे करें? जवाब- आज के दौर में जालसाज नकली नोट की ऐसी छपाई करते हैं कि आम आदमी के लिए असली और नकली नोट के बीच अंतर कर पाना मुश्किल होता है। अधिकांश लोगों को इसकी जानकारी तब होती है, जब वे बैंक या किसी फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन में पैसे जमा करते हैं।

2000 के नोट बंद होने के बाद सबसे ज्यादा 500 के नोट सर्कुलेशन में हैं। यही वजह है कि जालसाज अधिकांश 500 के नकली नोट छापते हैं।

हालांकि हर नोट में कुछ ऐसे फीचर्स होते हैं, जिनके जरिए आप आसानी से असली और नकली नोट की पहचान कर सकते हैं। इसके लिए नोट के वॉटरमार्क, सिक्योरिटी थ्रेड, माइक्रोलेटिंग और RBI द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों को चेक कर सकते हैं।

आइए नीचे दिए ग्राफिक से इसे समझते हैं।

इसके अलावा RBI द्वारा 500 रुपए के असली नोट की पहचान के लिए कुछ अन्य तरीके बताए गए हैं। जैसेकि-

  • असली 500 रूपए के नोट का साइज 66MMx150 MM होता है।
  • नोट में ‘भारत’ और ‘INDIA’ शब्द माइक्रो लेटर में लिखे होते हैं।
  • नोट पर नीचे दाईं ओर 500 रुपए के चिन्ह को तिरछा करने पर वह हरे रंग से नीले रंग में बदल जाता है।
  • नोट में अशोक स्तंभ का प्रतीक दाईं ओर होता है।
  • हर असली नोट पर ‘स्वच्छ भारत’ का लोगो और स्लोगन छपा होता है।

सवाल- क्या नकली नोट की पहचान करने का कोई और तरीका है? जवाब- हां, नकली नोट की पहचान ऑनलाइन भी कर सकते हैं। इसके लिए आपको अपने स्मार्टफोन में ‘Chkfake’ एप डाउनलोड करना होगा। यह एप पूरी तरह फ्री है। यह भारत समेत कई अन्य देशों की मेजर करेंसी की जांच कर सकता है। यह एप उन लोगों के लिए बहुत फायदेमंद है, जो विदेश घूमने जाते हैं।

‘Chkfake’ एप का ऐसे करें इस्तेमाल

  • पहले गूगल प्ले स्टोर या एप्पल एप स्टोर से Chkfake एप डाउनलोड करें।
  • इसके बाद एप में अपना अकाउंट बनाएं या गेस्ट यूजर के तौर पर लॉगिन करें।
  • एप में दिए विकल्पों में से ‘Currency’ या ‘नोट’ पर क्लिक करें।
  • उस देश की करेंसी चुनें, जिसकी आप जांच करना चाहते हैं।
  • भारतीय रुपए के लिए (INR) पर सिलेक्ट करें।
  • इसके बाद अपने फोन के कैमरे से उस नोट की स्पष्ट फोटो लें।
  • एप उस नोट के वॉटरमार्क, सीरियल नंबर, सिक्योरिटी थ्रेड जैसी चीजों को स्कैन करेगा।
  • स्कैनिंग के बाद एप बताएगा कि आपका नोट असली है या नकली।

सवाल- क्या नकली नोट मिलने पर आपके खिलाफ FIR हो सकती है? जवाब- RBI के निर्देशों के मुताबिक, अगर आपके पास 1 से 4 नकली नोट अनजाने में आ जाते हैं और आप तुरंत बैंक या पुलिस को सूचित कर देते हैं तो आपके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं होगा।

जबकि किसी व्यक्ति के पास 5 या उससे अधिक नकली नोट मिलते हैं तो बैंक अधिकारी तुरंत पुलिस को सूचित करेंगे। इसके बाद FIR दर्ज करवाकर इसकी जांच की जाएगी।

सवाल- अगर किसी लेन-देन के दौरान आपके बाद नकली नोट आ जाए तो क्या करें? जवाब- RBI के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, अगर आपको किसी ट्रांजैक्शन में नकली नोट मिला है और आपको यह जानकारी नहीं है कि नकली नोट आया कहां से है तो तुरंत नजदीकी RBI ऑफिस या पुलिस को सूचित करें।

वहीं अगर ATM से नकली नोट निकला है तो मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में नोट दिखाएं और सिक्योरिटी गार्ड को इसकी जानकारी दें। इसके बाद उस बैंक की ब्रांच में संपर्क करें, जिसका ATM है। ऐसी स्थिति में आपके पास ठोस सबूत होने चाहिए। सबूत न होने पर बैंक नोट वापस लेने से मना भी कर सकता है।

नीचे दिए ग्राफिक से समझिए कि ATM से नकली नोट निकलने पर क्या करना चाहिए।

सवाल- नकली नोट चलाने या छापने पर कितनी सजा हो सकती है? जवाब- भारतीय कानून के मुताबिक, नकली नोट छापने पर 10 साल से लेकर आजीवन कारावास हो सकती है। वहीं नकली नोटों के लिए उपकरण या सामग्री बनाने या रखने पर 7 साल तक की जेल हो सकती है।

………………… जरूरत की ये खबर भी पढ़ें…

जरूरत की खबर-ATM से निकले कटे-फटे नोट तो क्या करें:कहां और कैसे कराएं एक्सचेंज

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के मुताबिक अगर आपके पास कोई गंदा, कटा-फटा या खराब नोट है तो आप उसे किसी भी बैंक या RBI के ऑफिस में जाकर बदल सकते हैं। हालांकि उसके भी कुछ नियम हैं। पूरी खबर पढ़िए…

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *