8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

नवरात्रि का त्योहार आस्था, भक्ति और उत्साह का त्योहार है। घर में मां दुर्गा की पूजा, मंदिरों में जगराता और चारों तरफ ढोल-नगाड़ों की गूंज होती है। ये नौ दिन सिर्फ पूजा-पाठ का मौका नहीं, बल्कि अपनी सेहत को तरोताजा करने का भी अवसर है। कई बार लोग गलत तरीके से व्रत रखते हैं। वे तले हुए साबूदाना वड़े या ढेर सारे आलू खाते हैं और फिर थकान या पेट में गड़बड़ी की शिकायत करते हैं।
अगर सही तरीके से व्रत रखा जाए तो ये 9 दिन वजन कम करने और शरीर को डिटॉक्स करने में मददगार हो सकते हैं। सवाल ये है कि व्रत कैसे करें कि भक्ति भी पूरी हो और सेहत भी बनी रहे।
आज ‘जरूरत की खबर’ में नवरात्रि व्रत की बात करेंगे। साथ ही जानेंगे कि-
- क्या नवरात्रि व्रत में वजन घटा सकते हैं?
- व्रत रखने से बॉडी कैसे डिटॉक्स होती है?
एक्सपर्ट: डॉ. अनु अग्रवाल, न्यूट्रिशनिस्ट और ‘वनडाइटटुडे’ की फाउंडर
सवाल: नवरात्रि का व्रत शरीर को डिटॉक्स कैसे करता है?
जवाब: हमारी रोज की जिंदगी में खाने में तेल-मसाले, बर्गर-पिज्जा और मिठाइयां शामिल हैं। ये सब शरीर में टॉक्सिन्स जमा करते हैं, जिससे पेट में भारीपन और थकान महसूस होती है। नवरात्रि में जब आप गेहूं-चावल छोड़कर साबूदाना, कु़ट्टू का आटा, राजगिरा और सेंधा नमक खाते हैं, तो ये पेट के लिए हल्के और ग्लूटेन-फ्री होते हैं। ये पेट को आराम देते हैं और पाचन को सुधारते हैं। फल जैसे सेब, अनार और सब्जियां जैसे लौकी-कद्दू फाइबर और मिनरल्स से भरपूर हैं, जो टॉक्सिन को बाहर निकालते हैं।

सवाल: क्या व्रत से सचमुच वजन कम हो सकता है?
जवाब: हां, बिल्कुल। लेकिन व्रत का मतलब सिर्फ भूखे रहना नहीं है। अगर आप तले हुए साबूदाना वड़े, आलू की टिक्की या ढेर सारी मिठाइयां खाएंगे, तो वजन बढ़ भी सकता है। वजन कम करने के लिए-
- कम तेल में खाना बनाएं, जैसे साबूदाना खिचड़ी या भुने मखाने।
- दिन में 4-5 बार थोड़ा-थोड़ा करके खाएं।

सवाल: व्रत में क्या खाना चाहिए ताकि वजन कम हो और बॉडी डिटॉक्स हो?
जवाब: नवरात्रि में खाना ऐसा हो जो पेट को हल्का रखे, एनर्जी दे और डिटॉक्स करे। यह रहा 9 दिन का आसान डाइट प्लान-
सुबह 7-8 बजे: गुनगुने पानी में नींबू-शहद, फिर 1 सेब या 1 कटोरी पपीता।
नाश्ता 10-11 बजे: साबूदाना की खिचड़ी में 1 चम्मच घी, मखाने की खीर, जिसमें कम चीनी हो या राजगिरा के लड्डू।
दोपहर 1-2 बजे: कुट्टू की रोटी या समा के चावल, उबली लौकी या कद्दू की सब्जी, 1 कटोरी दही।
शाम 4-5 बजे: नारियल पानी या फल की चाट। इसमें केला, अनार और सेब रखें।
रात 7-8 बजे: उबली सब्जी जैसे लौकी, कद्दू और छाछ लें।
सवाल: पूरे दिन भूखे रहना ठीक है?
जवाब: नहीं, बिल्कुल नहीं। व्रत का मतलब भगवान की भक्ति है, न कि शरीर को तकलीफ देना। पूरे दिन भूखे रहने से कमजोरी, चक्कर या एसिडिटी हो सकती है। दिन में 4-5 बार हल्का खाना, जैसे दही, फल, या साबूदाना, आपको चुस्त रखेगा।

सवाल: व्रत में एनर्जी कैसे बनाए रखें?
जवाब: व्रत में थकान या चिड़चिड़ापन न हो, इसके लिए-
खूब पानी पिएं: दिन में 8-10 गिलास पानी, नींबू पानी या नारियल पानी पिएं।
हल्के स्नैक्स: भुने मखाने, बादाम या अखरोट खाएं। ये लंबे समय तक एनर्जी देते हैं।
हाइड्रेशन ड्रिंक्स: पुदीने का शरबत या छाछ पिएं, ये शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स बनाए रखते हैं।
सवाल: डायबिटीज या बीपी वालों को व्रत कैसे रखना चाहिए?
जवाब: डायबिटीज और बीपी के मरीजों को व्रत से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। फिर भी, कुछ आसान टिप्स-
डायबिटीज: मीठे फल जैसे-केला, चीकू कम खाएं। सेब, नाशपाती या अनार बेहतर हैं। हर 3 घंटे में थोड़ा-थोड़ा खाएं ताकि शुगर लेवल स्थिर रहे।
बीपी: सेंधा नमक कम यूज करें, ज्यादा नमक से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है।
दोनों के लिए: उबली सब्जियां, दही और मखाने सही हैं।

सवाल: बच्चे और बुजुर्ग व्रत रख सकते हैं?
जवाब: बच्चों और बुजुर्गों को इस तरह के सख्त लंबे व्रत रखने से बचना चाहिए, क्योंकि उनकी बॉडी को ज्यादा पोषण की जरूरत होती है।
सवाल: व्रत में सिर्फ आलू खाना सही है?
जवाब: आलू व्रत का सबसे आसान और सस्ता ऑप्शन है, लेकिन सिर्फ आलू खाना ठीक नहीं है। आलू में स्टार्च ज्यादा होता है, जो वजन बढ़ा सकता है। आलू को बैलेंस करने के लिए फाइबर वाली सब्जियां जैसे लौकी, टमाटर और फल खाएं।
सवाल: ऑफिस जाने वाले अपने व्रत को कैसे आसान बनाएं?
जवाब: ऑफिस वालों के लिए व्रत मुश्किल लग सकता है, लेकिन थोड़ी प्लानिंग से ये आसान लगेगा-
सुबह: घर से निकलने से पहले दही और फल खाएं।
टिफिन: मखाने, ड्राई फ्रूट्स या साबूदाना खिचड़ी साथ रखें।
हाइड्रेशन: चाय-कॉफी की जगह नारियल पानी या नींबू पानी पिएं।
सवाल: व्रत के बाद अचानक नॉर्मल खाना शुरू करें?
जवाब: नहीं, ये गलती न करें। 9 दिन हल्का खाना खाने के बाद तुरंत तला-भुना या भारी खाना खाने से पेट खराब हो सकता है। इससे एसिडिटी हो सती है।
- पहले दिन दलिया, मूंग की खिचड़ी या सूप से शुरू करें।
- 2-3 दिन बाद धीरे-धीरे दाल, रोटी और हल्की सब्जियां शामिल करें।
- अगर तला-भुना खाना ही है तो बहुत हल्का कुछ 3-4 दिन बाद शुरू करें।
सवाल: व्रत में एक्सरसाइज करनी चाहिए?
जवाब: हल्की एक्सरसाइज जरूर करें, जैसे योग, प्राणायाम या 20-30 मिनट की वॉक करें। इससे शरीर एक्टिव रहता है, लेकिन जिम या हैवी वर्कआउट से बचें, वर्ना थकान और डिहाइड्रेशन हो सकता है। व्रत में सूर्य नमस्कार के 2-3 राउंड और गहरी सांस लेने से शरीर तरोताजा रहता है।
सवाल: 9 दिन बाद क्या शरीर हल्का और एनर्जेटिक लगता है?
जवाब: हां, अगर आप सही डाइट और हाइड्रेशन का ध्यान रखते हैं तो 9 दिन बाद पाचन बेहतर हो जाएगा, नींद अच्छी आएगी और शरीर हल्का महसूस होगा।
………………
ये खबर भी पढ़िए
जरूरत की खबर- एंटीऑक्सिडेंट के लिए खाएं ये चीजें:शार्प ब्रेन और मजबूत इम्यूनिटी के लिए जरूरी, जानें कब लेना चाहिए सप्लीमेंट

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर डाइट हार्ट डिजीज, कुछ प्रकार के कैंसर और उम्र से जुड़ी बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद करती है। पूरी खबर पढ़िए…








