11 घंटे पहलेलेखक: शिवाकान्त शुक्ल
- कॉपी लिंक

दिवाली रोशनी, सजावट और खुशियों का त्योहार है। इस बार यह पर्व 20 अक्टूबर, 2025 को मनाया जाएगा। दिवाली घर-आंगन को रोशन करने और परिवार के साथ जश्न मनाने का बेहतरीन मौका होता है। मान्यता है कि इस दिन देवी लक्ष्मी साफ-सुथरे और सजे-धजे घर में प्रवेश करती हैं। इसलिए लोग दिवाली से पहले अपने घरों को साफ-सुथरा और डेकोरेट करवाते हैं।
कुछ लोग इसके लिए अच्छी खासी रकम भी खर्च करते हैं। वहीं कुछ लोग बजट कम होने पर घर को अपने मनमुताबिक नहीं सजा पाते हैं। इसका उन्हें मलाल भी होता है।
हालांकि सजावट के लिए महंगे शोपीस या डिजाइनर सामान जरूरी नहीं हैं। बस थोड़ी-सी क्रिएटिविटी, घर पर मौजूद चीजों का सही इस्तेमाल और कुछ स्मार्ट व DIY (डू-इट-योरसेल्फ) आइडियाज से हम घर को बिना ज्यादा खर्च किए त्योहार जैसा लुक दे सकते हैं।
तो चलिए, आज जरूरत की खबर में हम बात करेंगे कि कम बजट में दिवाली पर घर की सजावट कैसे की जा सकती है। साथ ही जानेंगे कि-
- बजट-फ्रेंडली डेकोरेशन के लिए किन सामग्रियों की जरूरत होती है?
- दिवाली पर होम डेकारेशन के दौरान कौन सी सावधानियां बरतनी जरूरी हैं?
एक्सपर्ट: सीतू कोहली, इंटीरियर डिजाइनर, नई दिल्ली
सवाल- दिवाली पर घर की सजावट का क्या महत्व है?
जवाब- दिवाली डेकोरेशन सिर्फ घर को खूबसूरत बनाने के लिए नहीं होती, बल्कि यह हमारी परंपरा, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक भी है। सजावट से घर का वातावरण खुशनुमा होता है। घर आने वाले मेहमानों काे पॉजिटिव वाइब्स मिलती है।
इसके अलावा परिवार के सभी सदस्य मिलकर सजावट में हिस्सा लेते हैं, जिससे काम करने का आनंद और त्योहार की खुशी दोनों बढ़ जाती हैं। मनोविज्ञान की दृष्टि से रंग-बिरंगी रोशनी और सुंदर वातावरण मन को प्रसन्न और तनाव दूर करते हैं। नीचे दिए ग्राफिक से दिवाली डेकोरेशन के महत्व को समझिए-

सवाल- कम बजट में होम डेकोरेशन के लिए किन सामानों की जरूरत होती है?
जवाब- दिवाली पर घर सजाने के लिए ज्यादा खर्च जरूरी नहीं है। फूलों, दीयों, रंगोली, पेपर लैंटर्न और LED लाइट्स जैसे साधारण आइटम्स से भी घर खूबसूरत लग सकता है। थोड़ी क्रिएटिविटी और पुराने सामान का इस्तेमाल करके कम बजट में शानदार डेकोरेशन कर सकते हैं। इसके लिए कुछ बेसिक सामग्री पर्याप्त हैं। जैसेकि-
- लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, पूजा थाली, हल्दी, रोली, अक्षत, फूल, माला आदि।
- पारंपरिक मिट्टी के दीये, मोमबत्तियां और डिजाइनर दिवाली लैंटर्न आदि।
- ताजे फूलों की माला, पंखुड़ियां और रंगोली पाउडर।
- LED स्ट्रिंग लाइट्स, तोरण, कैंडल होल्डर।
- पेपर क्राफ्ट्स, वॉल हैंगिंग्स।
सवाल- दिवाली पर कम बजट में घर की सजावट कैसे की जा सकती है?
जवाब- इसके लिए कुछ आसान तरीके अपना सकते हैं। कांच की पुरानी बोतलों में लाइट डालकर मिनी लैम्प जैसा दिखा सकते हैं। टी-लाइट कैंडल्स को रंगीन ग्लास कप में रख सकते हैं।
दीयों पर पेंट या मिरर वर्क करना बच्चों के साथ एक मजेदार एक्टिविटी भी बन सकता है। दरवाजे पर फूलों और पत्तों का तोरण लगाएं और बच्चों की ड्रॉइंग्स या पेपर लैंटर्न दीवार पर सजाएं। पुरानी साड़ी या दुपट्टे से टेबल कवर या वॉल हैंगिंग बनाना भी शानदार तरीका है।
मिट्टी के बर्तनों में पौधे या फ्लोटिंग कैंडल रखें। रिबन, लेस और मोती से थाली या दीया प्लेट सजाएं। पुराने कार्डबोर्ड बॉक्स से लैंटर्न या कैंडल स्टैंड तैयार कर सकते हैं। ड्राई फ्लावर्स से सेंटरपीस तैयार करना और आईने पर फूल या लाइट की बॉर्डर लगाना भी अच्छे विकल्प हैं।
रंगोली में हल्का ग्लिटर पाउडर डालें। पेंटेड बास्केट में फलों या फूलों से डेकोरेशन करें। दरवाजे पर ‘Welcome’ बोर्ड को दिवाली थीम में सजाएं। पर्दों के पीछे फेयरी लाइट्स लगाएं। ये सभी छोटे-छोटे आइडियाज घर को सुंदर, रोशन और त्योहारी माहौल से भर देंगे। इसके अलावा दिवाली डेकोरेशन के कई और आइडियाज हैं। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

सवाल- दिवाली पर होम डेकोरेशन में किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
जवाब- इस दौरान सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखना जरूरी है। दीयों और मोमबत्तियों को बच्चों की पहुंच से दूर रखें। बिजली के वायर व्यवस्थित करें ताकि कोई खतरा न हो। सजावट ऐसी हो कि आवाजाही में बाधा न आए। इसके अलावा कुछ और बातों का भी ध्यान रखें। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

सवाल- दिवाली पर पूजा स्थान को कैसे सजाएं?
जवाब- इस दिन पूजा स्थान के सभी सामानों और प्रतिमाओं को हटाकर पानी से पूजा रूम को अच्छे से साफ करें। इसके बाद मूर्तियों को साफ करके उन्हें पूजा की जगह पर सजाएं। मिट्टी के छोटे दीये या मोमबत्तियां मूर्तियों के चारों ओर रखें और उन्हें रंग-बिरंगे कपड़े या थाली पर सजाकर आकर्षक बनाएं। ताजे फूलों की माला या पंखुड़ियों से मूर्तियों और थाली को सजाएं।
अगर ज्यादा रोशनी चाहते हैं तो छोटे LED लाइट्स या स्ट्रिंग लाइट्स का इस्तेमाल करें। पूजा थाली को मोती, रिबन और हल्के ग्लिटर से सजाएं। इसके अलावा पूजा स्थान के आसपास रंगोली या हल्की सजावट करके इसे त्योहार के अनुरूप बनाएं। ध्यान रखें कि सारे सामान व्यवस्थित और साफ-सुथरे हों।
सवाल- लिविंग रूम और डाइनिंग एरिया को कैसे सजाएं?
जवाब- लिविंग रूम वह जगह है, जहां मेहमान बैठते हैं, इसलिए यहां ज्यादा ध्यान दें। कुशन कवर और पर्दों को त्योहार वाले रंग (लाल, पीला, सुनहरा) से बदलें। सोफे के पास साइड टेबल पर फ्लावर वास रखें। डाइनिंग टेबल को एक ही रंग के फूल, फलों और मोमबत्तियों से सजाएं। मिठाई और ड्राईफ्रूट्स रखने के लिए सुंदर ट्रे का इस्तेमाल करें।

सवाल- दिवाली पर दीये और लाइटिंग को कैसे खास बनाया जा सकता है?
जवाब- दिवाली की रौनक दीयों और लाइटिंग से पूरी होती है। इसके लिए दीयों को अलग-अलग पैटर्न जैसे स्वास्तिक, ओम या लक्ष्मी के पदचिह्न में सजाकर आकर्षक बनाएं। कटोरी या छोटे बर्तन में पानी डालकर उसमें तैरते दीये और फूल रखें। यह देखने में बेहद खूबसूरत लगता है।
LED स्ट्रिंग लाइट्स को खिड़की, गार्डन, बालकनी और सीढ़ियों पर सजाएं। पुराने ग्लास की बोतलों में छोटे लाइट्स डालकर मिनी लैम्प की तरह इस्तेमाल करें, जिससे दिवाली की रोशनी और भी खास दिखेगी। घर के बच्चों को भी इसमें शामिल करें। यह उन्हें क्रिएटिविटी और त्योहार की खुशी का अनुभव देगा।
…………………
जरूरत की ये खबर भी पढ़िए
जरूरत की खबर- दिवाली पर करनी है घर की सफाई: एक्सपर्ट से जानें डीप क्लीनिंग के 11 टिप्स, 8 जरूरी सावधानियां बरतना न भूलें

हिंदू मान्यताओं के अनुसार, साफ-सुथरा घर देवी लक्ष्मी को आकर्षित करता है। थोड़ी समझदारी, सही प्लानिंग और कुछ आसान टिप्स अपनाकर हम कम समय में अपने घर को चमकदार और दिवाली के लिए परफेक्ट तरीके से तैयार कर सकते हैं। पूरी खबर पढ़िए…








