नवंबर का राशिफल, 7 राशियों के लिए ये महीना शुभ:  मेष और कर्क राशि वालों को प्रमोशन; मिथुन, मकर राशि वालों को रुका पैसा
जीवन शैली/फैशन लाइफस्टाइल

नवंबर का राशिफल, 7 राशियों के लिए ये महीना शुभ: मेष और कर्क राशि वालों को प्रमोशन; मिथुन, मकर राशि वालों को रुका पैसा

Spread the love


  • Hindi News
  • Jeevan mantra
  • Jyotish
  • Masik Rashifal (Monthly Horoscope) | November Rashifal 2025, Monthly Zodiac Forecast: Singh Rashi, Sagittarius Gemini Cancer Singh Rashi Meen Libra Leo Aries Taurus Kanya Scorpio And Other Signs

4 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

नवंबर में सूर्य, मंगल, बुध और शुक्र ग्रह का राशि परिवर्तन होगा। गुरु कर्क राशि में और शनि मीन राशि में अपनी चाल बदल लेंगे। इन ग्रहों में परिवर्तन होने से मेष और कर्क राशि वालों को प्रमोशन और नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।

मिथुन और मकर राशि के लोगों को रुका हुआ पैसा मिलने की संभावना है। कन्या राशि वालों के लिए ये महीना फायदेमंद रहेगा। इस महीने धनु राशि वालों की उन्नति के साथ ट्रांसफर के योग भी बनेंगे। कुंभ राशि वालों के इनकम सोर्स बढ़ेंगे।

एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा ये महीना

मेष – पॉजिटिव: मिलाजुला समय है। आत्मविश्वास चरम पर होगा। कामों में सफलता के लिए पूरी तरह समर्पित रहेंगे। चुनौतियों का सामना करने के लिए मानसिक और शारीरिक ऊर्जा बहुत होगी। सामाजिक कामों में लोगों का सहयोग मिलेगा। नए मौके मिल सकते हैं। ये मौके आने वाले दिनों में आपके लिए फायदेमंद रहेंगे। नेगेटिव: निजी समस्याएं बढ़ सकती हैं। अनचाहे खर्चे हो सकते हैं। निवेश से मिलने वाला फायदा कम होगा। भाइयों के साथ मनमुटाव हो सकता है। जल्दी ही समस्या का समाधान मिल जाएगा। फालतू कामों में समय खराब न करें। अपने लक्ष्य पर फोकस रहें।

करियर – कार्यक्षेत्र में सफलता के संकेत हैं। तरक्की और मुनाफे के योग बन रहे हैं। नया काम शुरू हो सकता है। साझेदारी का ऑफर मिल सकता है। कॉम्पिटीटर से संभलकर रहें। असमंजस की स्थिति में अनुभवी लोगों से सलाह लें। नौकरी में मेहनत होगी। मेहनत का फायदा भी मिलेगा। काबिलियत से आगे बढ़ेंगे। प्रमोशन या नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। परिवार – घर में मांगलिक कामों की योजनाएं बनेंगी। परिवार में तालमेल बना रहेगा, लेकिन व्यस्तता के कारण पारिवारिक मामलों में थोड़ा तनाव भी हो सकता है। परिवार के साथ समय बिताने के लिए खुद को समय दें। प्रेम संबंधों में प्यार और समर्थन की भावना रहेगी, लेकिन कभी-कभी साथी को पूरा समय नहीं दे पाएंगे। इससे रिश्ते में तनाव बढ़ सकता है। संतान पाने की इच्छा है तो मनोकामना पूरी होगी। हेल्थ – सेहत में कुछ उतार-चढ़ाव रहेगा। मौसम में बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम, सिरदर्द, या इनडाइजेशन हो सकता है। पर्याप्त नींद लें। संतुलित आहार के साथ सेहत का ध्यान रखें। शारीरिक परेशानी महसूस हो तो डॉक्टर से सलाह लें। परिवार में किसी की सेहत गड़बड़ा सकती है। इस कारण तात्कालिक रूप से चिंता और अव्यवस्था भी हो सकती है।

वृष – पॉजिटिव: नए मौके और आत्मविश्लेषण का महीना है। सही दिशा में मेहनत और सकारात्मक नजरिये से आप अपने लक्ष्य आसानी से पा लेंगे। कहीं पैसा फंसा है, तो वापस मिल सकता है। पुराना निवेश इस महीने बहुत फायदेमंद रहेगा। घर में धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन भी होगा। प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने का मन बना सकते हैं। नेगेटिव: निजी और पारिवारिक जीवन में बाहरी इंसान का दखल न होने दें। गलतफहमी के कारण कई तरह की समस्याओं में फंस सकते हैं। निजी कामों पर भी ध्यान नहीं दे पाएंगे। गुस्से और आवेश में आने की बजाय धैर्य और संयम से काम निपटाएं।

करियर – नए बिजनेस साझेदारों से फायदा मिलेगा। अपनी नेतृत्व क्षमता से दूसरों को प्रभावित करेंगे। निवेश करते समय सावधानी रखें। नौकरी और बिजनेस में अपनी योजनाएं गुप्त रखें। गैर जरूरी विवादों से बचें। नौकरीपेशा लोगों को खास प्रोजेक्ट में फायदा मिल सकता है। आपकी मेहनत और मैनेजमेंट पर अधिकारियों का भरोसा बढ़ सकता है। परिवार – पति-पत्नी के बीच तालमेल से पारिवारिक जीवन में सुख-शांति का माहौल रहेगा। प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी। भावनात्मक जुड़ाव गहरा होगा। दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ समय बिताने के मौके मिलेंगे। अविवाहित लोगों के लिए शादी के रिश्ते आ सकते हैं। हेल्थ – पुरानी बीमारियों को नजरअंदाज न करें। समय पर इलाज करवाएं। सेहत को प्रायोरिटी पर रखें। गैर जरूरी तनाव लेने से बचें। जोड़ों का दर्द हो सकता है। शरीर में वात की समस्या हो सकती है। आयुर्वेदिक दवाइयां कारगर रहेंगी। ज्यादा तला-भूना खाना खाने से बचें।

मिथुन – पॉजिटिव: पूरे महीने ग्रह स्थिति लगभग अनुकूल रहेगी। आपके सभी खास काम तय समय पर पूरे हो जाएंगे। कोशिश करते रहें। ऑनलाइन गतिविधियों के जरिए शुभ सूचना मिलेगी। किसी व्यक्ति की सलाह और योगदान से आपको खास फैसले लेने में आसानी होगी। विदेश जाकर पढ़ाई करने की कोशिश कर रहे लोगों को खुशखबरी मिल सकती है। नेगेटिव: सही समय पर सही फैसले लेने की जरूरत है। रुपए-पैसे संबंधी लेनदेन करते समय सावधानी रखें। उधार दिए पैसे की वापसी मुश्किल है। प्रॉपर्टी संबंधी काम स्थगित रखें। कोई भी पेपर वर्क करने से पहले उसका अच्छी तरह से अध्ययन करना जरूरी है। प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स नाकामयाबी को लेकर चिंतित न हों। दोबारा कोशिश करें।

करियर – व्यावसायिक मामलों में कुछ उतार-चढ़ाव रहेंगे। जल्दबाजी न करें। कोई भी फैसला बहुत सोच-समझकर लें। व्यवसाय बढ़ाने के लिए किसी के साथ साझेदारी प्लान कर रहे थे, तो उसे स्थगित रखना उचित है। रुका हुआ पैसा मिल सकता है। ऑफिस में काम ज्यादा होने से ओवरटाइम करना पड़ेगा। प्रमोशन भी हो सकता है, इसलिए अधिकारियों से संबंध मधुर रखें। परिवार – त्योहार को लेकर घर में सब उत्साहित रहेंगे। परिवार और जीवनसाथी का पूरा सहयोग आपकी चिंताओं को कम करेगा। बच्चों की उपलब्धि से भी घर में खुशनुमा माहौल रहेगा। लव पार्टनर के साथ डेटिंग पर जाने का अवसर मिलेगा। विवाह की प्लानिंग हो सकती है। हेल्थ – किसी भी तरह का रिस्क लेने से परहेज करें। वाहन भी बहुत सावधानी से चलाएं। इस समय चोट लगने की आशंका है। वरिष्ठ लोगों को सेहत संबंधी छोटी-मोटी परेशानियां हो सकती हैं। थोड़ी सी सावधानी रखने से आप स्वस्थ रहेंगे। सर्दी से बचाव करें।

कर्क – पॉजिटिव: इस समय अचानक कुछ ऐसे शुभ काम होंगे कि आप खुद भी आश्चर्यचकित रह जाएंगे। अनुकूल ग्रह स्थिति बनी रहेगी। इनका उपयोग करना आप पर निर्भर करता है। पैतृक संपत्ति से जुड़ा फायदा भी हो सकता है। लाभदायक यात्राएं होंगी। इनकम के रास्ते भी खुलेंगे। युवाओं को अपने किसी प्रोजेक्ट पर की गई मेहनत के मनोनुकूल परिणाम मिलने वाले हैं। नेगेटिव: आलस्य को अपने हावी न होने दें। अपनी ऊर्जा और कार्य क्षमता को बनाए रखें। पड़ोसी की किसी छोटी सी बात को लेकर मुद्दा बन सकता है। आर्थिक मामलों में कोई भी निर्णय सावधानी से लें, वरना किसी तरह की गलती होने की आशंका है। अपने गुस्से पर भी काबू रखना बहुत जरूरी है। ससुराल पक्ष के साथ मधुर संबंध बनाए रखने में आपकी कोशिश जरूरी है।

करियर – यह माह व्यावसायिक विकास के लिए अनुकूल रहेगा। नई योजनाओं को लागू करने और अपने लक्ष्य पाने का समय है। पुराने निवेश या कोशिशों से आर्थिक लाभ मिल सकता है। व्यवसायियों के लिए यह समय नई साझेदारी और बड़े सौदों के लिए सही रहेगा। नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन या नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। सहकर्मियों और बड़ों के साथ संबंध बनाए रखने में विशेष सावधानी रखें। परिवार – प्रेम प्रसंगों में भावनात्मक नजदीकियां आएंगी। पति-पत्नी के संबंध भी मधुर रहेंगे। घर में खुशनुमा माहौल रहेगा। किसी महत्वपूर्ण वस्तु की शॉपिंग भी संभव है। घर में किसी बच्चे के जन्म की खुशखबरी मिलने की संभावना है। उत्सव का माहौल रहेगा। हेल्थ – स्वास्थ्य ठीक रहेगा। डायबिटिक लोग अपना विशेष ध्यान रखें। उचित इलाज लेते रहें। तनाव से घबराने की बजाय उस पर काबू करने की कोशिश करें। सफल होंगे। सकारात्मक लोगों के संपर्क में रहें। खुद को रचनात्मक कामों में व्यस्त रखें।

सिंह – पॉजिटिव: महीने की शुरुआत में ही संतान से संबंधित महत्वपूर्ण सूचना मिल सकती है। पारिवारिक तथा व्यावसायिक गतिविधियों में तालमेल बना रहेगा। मीडिया और ऑनलाइन कामों में विशेष ध्यान दें। फंसे हुए पैसे की वापसी भी हो सकती है। विद्यार्थियों को विषय समस्या का समाधान मिलेगा। नेगेटिव: दूसरों पर भरोसा करने की बजाय अपनी कार्य क्षमता पर ही विश्वास रखें। जरूरत पड़ने पर अपरिचित लोगों को ठीक से समझने के बाद ही कॉन्टैक्ट बढ़ाएं। विद्यार्थियों को परीक्षा के मनचाहे अंक न मिलने से कुछ मायूसी की स्थिति रह सकती हैं। महीने के आखिरी दिनों में लापरवाही से आप लक्ष्य से भटक सकते हैं। आत्म मनन और चिंतन में भी समय दें।

करियर – कारोबार में प्रतिस्पर्धा की स्थिति रहेगी। बेहतरीन नतीजे पाने के लिए अपनी कार्यप्रणाली में भी बदलाव करना जरूरी है। किसी कर्मचारी की वजह से दिक्कत आ सकती है, इसलिए उचित रणनीति बनाकर काम करें। कोई कानूनी मामला अटका हुआ है तो उसका हल मिलने की भरपूर संभावना है। ऑफिस में टारगेट पूरा करने के लिए अधिकारियों का दबाव रहेगा। जिसकी वजह से ओवर टाइम भी करना पड़ सकता है। परिवार – वैवाहिक संबंधों में उचित सामंजस्य और प्रेम बना रहेगा। घर में किसी के लिए शादी का रिश्ता आ सकता है। बच्चों की तरफ से भी कोई शुभ समाचार मिल सकता है। लव लाइफ में थोड़ा संभलकर रहना होगा। गलतफहमी से रिश्ते में कड़वाहट आ सकती है। हेल्थ – तनाव वाली परिस्थितियों से खुद को दूर रखें। जीवनसाथी की सेहत को लेकर तनाव हो सकता है। सिरदर्द और सर्वाइकल की समस्या से राहत पाने के लिए नियमित योग और व्यायाम करें। घर के किसी सदस्य के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बनी रहेगी।

कन्या – पॉजिटिव: ये महीना फायदेमंद रहेगा। अपनी कमियों से सीख लेकर आगे बढ़ने की कोशिश करें। महत्वपूर्ण सूचना मिल सकती है। मीडिया और ऑनलाइन संबंधी गतिविधियों में विशेष ध्यान दें। किसी पुरानी समस्या का समाधान मिलने से राहत महसूस करेंगे। विद्यार्थियों को प्रतियोगिता परीक्षा का नतीजा अपने में पक्ष में मिलेगा। जिससे आप अपने भविष्य संबंधी रूपरेखा बनाने में उत्सुक रहेंगे। नेगेटिव: कुछ गैर जरूरी खर्चे आपको परेशान कर सकते हैं। अपने इगो और गुस्से पर नियंत्रण रखें, वरना बनते काम बिगड़ सकते हैं। पड़ोसियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद में न पड़ें। कहीं से कोई अनचाही खबर मिल सकती है। मन उदास रहेगा। घर के बड़ों की सलाह की अनदेखी करना आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है।

करियर – बिजनेस और नौकरी दोनों जगह अपने काम करने के तरीकों में बदलाव करें। व्यवसाय में किसी तरह का इन्वेस्टमेंट करने का प्लान है, तो समय अनुकूल है। आप अपनी हिम्मत और आत्मविश्वास से कई रुके काम पूरे कर लेंगे। ऑफिस में साथियों से आपके संबंध बेहतर रहेंगे। परिवार – व्यस्तता की वजह से घर परिवार को ज्यादा समय नहीं दे पाएंगे। जिसकी वजह से जीवनसाथी के से संबंधों में कुछ तनाव रहेगा। एक्स्ट्रा मेरिटल अफेयर का नकारात्मक असर आपके परिवार पर पड़ सकता है। हेल्थ – शरीर में सुस्ती और थकान हो सकती है। खानपान और रूटीन को लेकर लापरवाही करने से सेहत गड़बड़ा सकती है। तनाव की वजह से ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसी समस्या बढ़ सकती है। सकारात्मक रहने की कोशिश करें। योग और प्राणायाम से फायदा मिल सकता है।

तुला – पॉजिटिव: पूरे माह आपकी व्यस्तता बनी रहेगी। हालांकि आप अपने विवेक और योग्यता से सभी चुनौतियों को पार करके मनचाही सफलता भी हासिल कर लें। आपकी कोई कल्पना साकार होगी और फायदेमंद परिस्थितियां भी बनेंगी। कुछ समय अपने रुचि पूर्ण कार्यों में भी व्यतीत करने से ऊर्जा और सुकून से भरपूर महसूस करेंगे। आपके उत्तम व्यक्तित्व से सामाजिक और पारिवारिक क्षेत्र में आपका रुतबा बढ़ेगा। नेगेटिव: परनिंदा और आलोचना जैसी स्थिति से दूरी रखें। वरना इस वजह से आपका आत्म सम्मान प्रभावित हो सकता है। संतान से जुड़ी किसी चिंता का निवारण करने में समय लगेगा, इसलिए धैर्य और शांति बनाए रखना ही उचित है। आर्थिक मामलों में आपको सावधानी बरतने की अति आवश्यकता है।

करियर – व्यवसाय में अगर कोई नया काम शुरू करने की योजना बना रहे हैं तो समय अनुकूल है। सिर्फ उसके बारे में पूरी जानकारी अवश्य हासिल कर लें। हालांकि कुछ विरोधी सक्रिय होंगे, जिनका विरोध करने के लिए आपको बहुत अधिक मेहनत मशक्कत भी करनी पड़ेगी। नौकरी के लिए प्रयासरत युवाओं को इंटरव्यू में सफलता मिलने की उम्मीद है, लेकिन राजनीति जैसे मामलों से तटस्थ रहें। परिवार – परिवारजनों और जीवनसाथी का सहयोग आपके आत्मबल को और अधिक बढ़ाएगा। पुराने मित्रों के साथ मेल मुलाकात के मौके बनते रहेंगे और संबंधों में पुनः नजदीकियां आएंगी। लव अफेयर्स के मामले में सावधान रहें। हेल्थ – व्यस्तता की वजह से अपने स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं देंगे, इस वजह से थकान और अपच जैसी समस्या रहेगी। आयुर्वेदिक चीजों का उपयोग करें। किसी भी तरह का रिस्क लेना आपको मुसीबत में डाल सकता है।

वृश्चिक – पॉजिटिव: इस माह कई तरह की गतिविधियों में व्यस्तता बनी रहेगी। आप अपनी दिनचर्या और खान-पान को व्यवस्थित रखने के लिए कुछ विशेष नियम बनाएंगे। जिससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से राहत मिलेगी। अगर भवन निर्माण संबंधी कोई कार्य रुका हुआ है तो अब उसमें पुनः गति आएगी। समय अनुकूल है। घर में किसी धार्मिक आयोजन की योजनाएं भी बनेंगी। नेगेटिव: अपनी मनोवृत्ति संतुलित रखें। अपने गुस्से और ईगो को दूर करने की कोशिश करें। इस समय किसी भी प्रकार के निवेश अथवा लेनदेन के कार्यों को स्थगित रखें। फाइनेंस संबंधी कार्यों में कुछ नुकसान होने की आशंका है। भावनाओं पर काबू रखें। कोई आपका नाजायज फायदा उठा सकता है। अनावश्यक खर्चों पर काबू करेंगे तो आर्थिक समस्या से बच जाएंगे।

करियर – व्यापार में विस्तार संबंधी कई योजनाएं बनेंगी और उन पर अमल करना भी लाभदायक रहेगा। इस समय बहुत अधिक मेहनत और परिश्रम की जरूरत है। हालांकि आप इसमें सफल भी रहेंगे। पार्टनरशिप संबंधी व्यवसाय में आपसी सामंजस्य बनाकर रखना बहुत जरूरी है। ध्यान रखें कि आपकी कोई व्यापारिक सूचना लीक हो सकती है। विदेश जाने के लिए प्रयासरत लोगों को कोई खुशखबरी मिलने वाली है। परिवार – पति-पत्नी के आपसी तालमेल और सामंजस्य में कुछ कमी रहेगी। समय रहते परेशानियों को सुलझा लें। प्रेम प्रसंग में कुछ अविश्वास जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। वहम और शक जैसी बातों से दूर रहें। हेल्थ – हल्की-फुल्की मौसमी परेशानियां बनी रहेंगी। संतुलित दिनचर्या और खानपान से आप अपने स्वास्थ्य को ठीक रखें। वाहन भी सावधानीपूर्वक चलाएं।

धनु – पॉजिटिव: इस माह शांति और सुकून के मूड में रहेंगे और दिनचर्या भी लगभग व्यवस्थित बनी रहेगी। उन्नति के शुभ अवसर मिलेंगे। जो काम पिछले काफी समय से रुके हुए हैं, उन्हें पूरा करने का उचित समय है। कुछ विरोधी हावी होंगे, लेकिन आपके व्यक्तित्व के समक्ष वे अप्रभावी रहेंगे। युवा अगर अपने भविष्य को लेकर कोई निर्णय लेने वाले हैं तो ऐसा करना सकारात्मक रहेगा। नेगेटिव: प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त संबंधी कोई गतिविधि चल रही है तो उससे संबंधित पूरी जानकारी हासिल करें। किसी नजदीकी संबंध को लेकर मन में भ्रम और हताशा जैसी स्थिति हो सकती हैं। अपने विचारों में धैर्य और स्थिरता बनाकर रखें। पॉजिटिव रहने के लिए कुछ समय प्रभावशाली लोगों के साथ भी व्यतीत करें।

करियर – इस समय व्यवसाय पर बहुत अधिक ध्यान देने की जरूरत है। कार्य विस्तार संबंधी योजनाएं कार्य रूप में परिणित होंगी। जल्दी ही इसके अनुकूल परिणाम भी मिलेंगे। नौकरी में हल्की-फुल्की परेशानियां बनी रहेंगी। हालांकि आप धैर्य और विवेक से किसी उच्च अधिकारी की मदद से समस्याओं का हल भी पा लेंगे। स्थान परिवर्तन जैसी स्थिति भी बन रही है। परिवार – घर में सुख-शांति और अनुशासित माहौल बना रहेगा। घर के किसी अविवाहित सदस्य के लिए उचित रिश्ता आ सकता है। बच्चों की तरफ से भी कोई शुभ समाचार मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। हेल्थ – अपनी आदतों और दिनचर्या को एकदम व्यवस्थित रखें। मौसम के अनुकूल आहार व्यवहार रखना आपको स्वस्थ रखेगा। ब्लड प्रेशर और हार्ट की समस्या से परेशान लोग अपना विशेष ध्यान रखें।

मकर – पॉजिटिव: इस राशि के लोगों के लिए नवंबर की शुरुआत बहुत ही बेहतर होगी। अगर टाइम का मैनेजमेंट अच्छी तरह करें तो आपकी तमाम मुश्किलें आसान हो जाएगी। रुकी हुई पेमेंट मिलने के बेहतर आसार बने हुए हैं। मित्र तथा सगे संबंधी भी आपकी योग्यता की सराहना करेंगे। मेहनत के परिणाम मिलने से विद्यार्थियों का उत्साह बना रहेगा। नेगेटिव: परिवार संबंधी किसी भी मुद्दे को धैर्य और शांति से सुलझाएं। कोई बड़ा निर्णय लेते समय अपने शुभचिंतकों से सलाह अवश्य लें। व्यक्तिगत दिनचर्या के साथ-साथ सामाजिक और सोसाइटी संबंधी गतिविधियों में भी अपनी उपस्थिति दें। भूमि या वाहन संबंधी ऋण लेने का प्लान भी बन सकता है। अपने सामर्थ्य का ध्यान रखें।

करियर – कारोबार में किसी नए काम को शुरू करने के लिए अनुकूल समय है, लेकिन उनमें मन मुताबिक फायदा पाने के लिए थोड़ा इंतजार करना होगा। उधार दिया हुआ पैसा या पेमेंट कलेक्ट करने के लिए ये समय उत्तम है। प्रयासरत युवाओं का कार्य शुरु हो सकता है। नौकरीपेशा व्यक्तियों को अचानक ही किसी यात्रा का ऑर्डर आ सकता है। जल्दी ही प्रमोशन के भी आसार बनेंगे। परिवार – दांपत्य जीवन में मधुरता लाने के लिए जीवनसाथी की भावनाओं का सम्मान करें तथा साथ में कुछ समय जरूर व्यतीत करें। प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ने से मन प्रफुल्लित और उमंग भरा रहेगा। विवाह की अनुमति भी मिल सकती है। हेल्थ – अपने ऊपर अत्यधिक कार्यभार लेने से बचें। सिर दर्द और माइग्रेन की समस्या से परेशान रह सकते हैं। अपना आहार व्यवहार संयमित रखें।

कुंभ – पॉजिटिव: इस माह प्रभावशाली लोगों से संपर्क बनेंगे, जो कि आपके लिए फायदेमंद रहेंगे। विभिन्न स्रोतों से आय बढ़ने की स्थिति बनी हुई है। अगर संतान के करियर से संबंधित कोई गतिविधि चल रही है तो इस माह के मध्य में ही उसकी सफलता की पूरी संभावना है। रचनात्मक और सामाजिक कार्य में आपका अधिकतर समय व्यतीत होगा। मीडिया और संपर्क सूत्रों माध्यम से आपको कोई महत्वपूर्ण सूचना मिल सकती है। नेगेटिव: विपरीत परिस्थितियों को सुलझाने के लिए गुस्से और आवेश में आने की बजाय धैर्य और संयम से काम लें, अन्यथा आपकी छवि खराब हो सकती है। किसी भी बड़ी योजना में धन निवेश करने से पहले शुभचिंतकों की राय अवश्य लें। छोटी-मोटी समस्याओं पर तनाव लेना उचित नहीं है। ससुराल पक्ष के साथ संबंधों में मधुरता बनाए रखें।

करियर – कारोबार में दूरदराज के क्षेत्र से अगर कोई डील चल रही है तो उसके बेहतर परिणाम मिलने की संभावना है। विस्तार संबंधी गतिविधियों को लेकर चल रही बाधा दूर होगी। विदेशी कंपनियों से जुड़े लोगों को एक्टिव रहने की जरूरत है। होलसेल से जुड़े व्यापारी किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। सॉफ्टवेयर कंपनी में कार्यरत लोग अपनी मेहनत के अनुकूल परिणाम हासिल कर लेंगे। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में जुटे युवाओं को सफलता मिलने की संभावना है। परिवार – घर की व्यवस्था उचित बनी रहेगी और वरिष्ठ लोगों का सहयोग रहेगा। नजदीकी मित्रों और संबंधियों के साथ गेट टुगेदर संबंधी प्रोग्राम बनते रहेंगे। प्रेम संबंधों की दृष्टि से समय में प्रतिकूलता बन रही है। हेल्थ – स्वास्थ्य ठीक रहेगा। अपना इम्यून सिस्टम मजबूत रखने के लिए संयमित दिनचर्या रखें। योग, मेडिटेशन करते रहें।

मीन – पॉजिटिव: मीन राशि के लिए ये माह बहुत ही सुखद और व्यवस्थित रहेगा। वरिष्ठ तथा अनुभवी लोगों के मार्गदर्शन में कोई काम पूरा होगा। दिल की बजाय दिमाग से निर्णय लें। युवाओं को अपने किसी प्रोजेक्ट में सफलता मिलने से खुशी मिलेगी। पारिवारिक और सोसायटी संबंधी गतिविधियों में आपकी उपस्थिति सराहनीय रहेगी और आपके विचारों को भी प्राथमिकता मिलेगी। नेगेटिव: प्रॉपर्टी से संबंधित कोई समस्या है तो कोर्ट-कचहरी से बाहर आपसी बातचीत से सुलझाना उचित रहेगा। ध्यान रखें कि कभी-कभी बातचीत के दौरान आपके मुंह से ऐसी बात भी निकल सकती है जो संबंधों के लिए नुकसानदायक रहेगी। वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें। अपने गुस्से पर कंट्रोल रखें।

करियर – व्यावसायिक कार्यों में बहुत अधिक मेहनत और परिश्रम करने की जरूरत है। हालांकि व्यवसाय की कार्यप्रणाली और योजनाएं सफल रहेंगी। किसी नए काम को शुरू करने की कोशिश चल रही है तो ये समय बहुत ही अनुकूल है, लेकिन लेनदेन में बहुत अधिक सतर्क रहें। मार्केटिंग तथा संपर्क सूत्रों को और अधिक बेहतर बनाएं। ऑनलाइन गतिविधियों की भी जानकारी लें। परिवार – परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी, लेकिन परिवार से जुड़े किसी मामले में कोई बड़ा निर्णय भी लेना पड़ सकता है। प्रेम प्रसंग स्थापित होंगे, लेकिन इस बात का ध्यान रखें कि इनका असर आपके करियर और पढ़ाई पर ना हो। हेल्थ – स्वास्थ्य ठीक रहेगा, लेकिन किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी लापरवाही न करें। योग, व्यायाम को अपनी दिनचर्या में नियमित रखना आपको स्वस्थ और ऊर्जावान रखेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *