बरेली में राहुल सागर की हत्या के मामले में आरोपी लकी लभेड़ा को बिथरी थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैरों में पुलिस की गोली लगी है। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि उधार के रुपये मांगने पर राहुल सागर के साथ मारपीट की गई थी। 21 जनवरी को उपचार के दौरान घायल राहुल की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया। विवेचना में हत्या की धारा बढ़ाई गई।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबिश दे रही थी। बृहस्पतिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर आरोपी लकी लभेड़ा को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। सिपाही अक्षय तोमर घायल भी हुए हैं। आरोपी से तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की गई है। घायल आरोपी और सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। एसी उत्तरी ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।








