चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार रात एक यात्री ने नशे की हालत में जमकर हंगामा किया और सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की की। उसको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर सरोजनीनगर राजदेव प्रजापति के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम देवरिया पडियापुर, पोस्ट मडौली, थाना महुवाडीह, निवासी घनश्याम विश्वकर्मा बताया। वह इंडिगो की फ्लाइट 6ई-97 से दम्माम जाने वाला था। शिकायत के मुताबिक, घनश्याम काफी नशे में था, जिसके चलते एयरलाइंस स्टाफ ने उसे उड़ान के लिए अयोग्य बताते हुए बोर्डिंग से मना कर दिया और टर्मिनल के बाहर भेज दिया।
टर्मिनल से बाहर आते ही उसने अपना आपा खो दिया। बैग पटक-पटक कर तोड़ना शुरू कर दिया और यात्रियों से भी अभद्रता की। ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप किया तो वह उनसे गाली-गलौज और हाथापाई पर उतर आया। स्थिति बिगड़ते देख सुरक्षा कर्मियों ने उसे काबू में किया और सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर उत्पात, धमकी व कर्मचारियों से दुर्व्यवहार समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया है।








