कानपुर में विजन-2051 के तहत सबसे पहले बहुप्रतीक्षित न्यू कानपुर सिटी योजना विकसित होगी और छह मल्टीलेवल पार्किंग बनेंगी। पीपीपी मॉडल पर लांच होने वाली केडीए की पहली अटलनगर योजना के लिए रुचि की अभिव्यक्ति (एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट) आमंत्रित किया गया है। 12 चौराहों के साथ ही पार्कों के सुंदरीकरण का खाका भी तैयार कर लिया गया है। केडीए ने ए, बी और सी श्रेणियों में करीब 10,987 करोड़ से 22 विकास कार्य कराने का खाका खींचा है। सबसे पहले ए-श्रेणी के कार्य होंगे।
बुधवार को केडीए सचिव अभय कुमार पांडेय ने बैठक कर विजन-2051 की समीक्षा की। केडीए न्यू कानपुर सिटी विकसित करने की तैयारियां कर रहा है। इसी बीच मैनावती मार्ग से गंगा बैराज राज्य मार्ग को जोड़ने के लिए 800-800 मीटर की दो लिंक रोड बनाने का फैसला हुआ। इसके लिए काश्तकारों से तीन एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी। बैठक में गाटा संख्या और सड़क की ड्राइंग तय हुई। जमीन अर्जन का प्रस्ताव भी जिलाधिकारी को भेजा गया।








