- Hindi News
- Jeevan mantra
- Jyotish
- Saptahik Rashifal (Weekly Horoscope) | Saptahik Rashifal (22 To 28 September 2025), Weekly Zodiac Forecast: Singh Rashi, Kanya, Aries, Taurus, Gemini Cancer Libra, And Other Signs
21 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

22 से 28 सितंबर तक वृष राशि वालों को रुके हुए पैसे वापस मिलने की संभावना है। मिथुन और वृश्चिक राशि वालों को आर्थिक सुधार देखने को मिलेगा। कन्या राशि वालों को नए मौके मिलेंगे। तुला राशि वालों की डेली इनकम बढ़ेगी और तनाव से राहत मिलेगी। मकर राशि वालों को नए कॉन्ट्रैक्ट मिलेंगे। इनके अलावा बाकी राशियों पर सितारों का मिलाजुला असर रहेगा।
एस्ट्रोलॉजर डॉ. अजय भाम्बी के मुताबिक 12 राशियों के लिए कुछ ऐसा रहेगा ये हफ्ता…

मेष – पॉजिटिव: इस सप्ताह कोई बेहतरीन अवसर मिलने वाला है। किसी अटके हुए या उधार दिए गए पैसे की वसूली के लिए यह समय अच्छा है। घर के वरिष्ठ व्यक्ति की सलाह और मार्गदर्शन पर जरूर अमल करें, यह आपके लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा। लोगों से मिलना-जुलना भी होगा। नेगेटिव: किसी भी विवाद की स्थिति में शांत रहना बेहतर होगा, वरना इससे आपका ध्यान अपने काम से हट सकता है। पैसों से जुड़ा कोई भी लेन-देन करते समय उसकी पूरी जानकारी लेना जरूरी है। दूसरों के मामले में दखल न दें। सरकारी काम अभी अटके रहेंगे।
करियर: आपकी कोई व्यवसाय से जुड़ी इच्छा पूरी होने वाली है। आय की स्थिति में भी सुधार आएगा। प्रॉपर्टी से जुड़ी कोई भी डील करते समय कागजात अच्छी तरह से देख लें। व्यापारियों से अच्छा तालमेल बना रहेगा। नौकरी में मनचाहा काम पाने के लिए अभी सब्र करना होगा। लव: पारिवारिक तालमेल ठीक बना रहेगा। प्रेमी-प्रेमिका को अपने रिश्ते अच्छे बनाए रखने के लिए एक-दूसरे की भावनाओं को समझना जरूरी है। हेल्थ: ध्यान रखें कि अपनी क्षमता से ज्यादा काम करना आपको शारीरिक और मानसिक रूप से थका सकता है। स्वास्थ्य को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न करें। भाग्यशाली रंग: क्रीम, भाग्यशाली अंक: 1

वृष – पॉजिटिव: इस सप्ताह किसी संस्था आदि में कुछ समय बिताना और सहयोग करना आपको मानसिक शांति देगा और रोजमर्रा के तनाव से भी राहत मिलेगी। पारिवारिक मामलों में पिता या पिता जैसे व्यक्ति से सही मार्गदर्शन मिल सकता है। जमीन से जुड़ा कोई रुका हुआ काम सुलझाने का यह सही समय है। नेगेटिव: मानसिक और भावनात्मक स्थिति में संतुलन बनाए रखें। जोश में अपना होश न खोएं। किसी भी तरह की कागजी कार्यवाही करते समय छोटी सी गलती आपके लिए बहुत बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। आय के साथ-साथ खर्चों की भी अधिकता रहेगी।
करियर: कारोबार में कोई भी मुश्किल परिस्थिति आने पर चिंता करने की बजाय उसका समाधान ढूंढे। हालांकि, सहयोगी और कर्मचारियों का पूरा सहयोग व्यावसायिक गतिविधियों को और भी बेहतर बनाएगा। बाजार में अटके हुए पैसे का काफी हिस्सा मिलने की संभावना है। लव: पति-पत्नी के संबंध खुशनुमा रहेंगे। प्रेम संबंधों में भी परिवार की मंजूरी मिलने से मानसिक शांति मिलेगी। हेल्थ: असंतुलित खान-पान की वजह से पेट खराब हो सकता है। ब्लड प्रेशर की नियमित जांच करते रहें। भाग्यशाली रंग: नीला, भाग्यशाली अंक: 2

मिथुन – पॉजिटिव: कहीं फंसा हुआ पैसा इस सप्ताह मिल जाने से आपकी आर्थिक स्थिति में कुछ सुधार आएगा। किसी करीबी व्यक्ति के साथ चल रही नाराजगी भी दूर होगी। विद्यार्थी पूरी मेहनत से अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करेंगे और बेहतर परिणाम भी हासिल करेंगे। नेगेटिव: कुछ फालतू खर्चे भी सामने आ सकते हैं। किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचें और अपने सिद्धांतों से किसी भी तरह का समझौता न करें। मानसिक शांति पाने के लिए किसी शांत या धार्मिक जगह पर कुछ समय जरूर बिताएं।
करियर: व्यवसाय में कोई सुनहरा अवसर मिलेगा और साथ ही कोई महत्वपूर्ण फैसला लेना पड़ सकता है, जिसमें जीवनसाथी या परिवार के लोगों की सलाह फायदेमंद साबित होगी। युवा लोगों के लिए नौकरी से जुड़े किसी इंटरव्यू में सफलता के योग बन रहे हैं। लव: दांपत्य संबंधों में मधुरता रहेगी। घर का माहौल भी सकारात्मक रहेगा। किसी प्रिय मित्र से मुलाकात पुरानी खुशनुमा बातें याद करवाएगी। हेल्थ: गले में दर्द या इन्फेक्शन की समस्या बढ़ सकती है। लापरवाही न करें और सही इलाज लें। भाग्यशाली रंग: बादामी, भाग्यशाली अंक: 9

कर्क – पॉजिटिव: इस सप्ताह छोटी-छोटी खुशियां आपको खुश रखेंगी। खास लोगों से मुलाकात होगी। कुछ दिनों से चल रही व्यस्त दिनचर्या से राहत पाने के लिए कुछ समय आध्यात्म और मनपसंद गतिविधियों में भी जरूर बिताएं। भाइयों से आपको नैतिक सहयोग मिलेगा। नेगेटिव: किसी को भी पैसे उधार देने से पहले उसकी वापसी सुनिश्चित कर लें। राजनीतिक लोगों और गतिविधियों से दूर रहें। अभी आपको इनसे संबंधित और ज्यादा जानकारी लेने की जरूरत है। इस समय किसी भी जोखिम भरे काम में न तो रुचि लें और न ही निवेश करें।
करियर: काम की जगह पर कर्मचारियों के साथ चल रही समस्या का हल मिलेगा और व्यवस्था ठीक हो जाएगी। साझेदारी से जुड़े कारोबार में बहुत ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। जरा सी लापरवाही संबंधों को खराब कर सकती है। ऑफिस में अधिकारियों की तरफ से काम का दबाव बढ़ेगा। लव: पारिवारिक माहौल सुखद रहेगा। सिर्फ किसी परिवार के सदस्य की नकारात्मक बात को गंभीरता से न लें। शादी से बाहर के संबंधों में ज्यादा रुचि न लें। हेल्थ: स्वास्थ्य ठीक रहेगा, लेकिन जोखिम भरे कामों से दूर रहें। वाहन भी सावधानी पूर्वक चलाएं। भाग्यशाली रंग: जामुनी, भाग्यशाली अंक: 3

सिंह – पॉजिटिव: इस सप्ताह व्यवस्थित गतिविधियों में बने रहने से उत्साह रहेगा। काफी समय बाद करीबी संबंधियों के साथ मिलना-जुलना होने से सभी सदस्य खुशी और आनंद महसूस करेंगे। पिछले कुछ समय से चली आ रही रुकावटें दूर होंगी और कोई नया रास्ता भी खुलेगा। नेगेटिव: अभी आर्थिक स्थिति कुछ सामान्य ही रहेगी। कहीं भी दस्तखत करते समय कागजात वगैरह अच्छी तरह जांच लें। बच्चे अपने भविष्य से जुड़ी गतिविधियों में कुछ रुकावटें आने की वजह से तनाव में रह सकते हैं। उनका मनोबल बनाकर रखना जरूरी है।
करियर: व्यवसाय में कड़ी मेहनत रंग लाएगी और बेहतर परिणाम मिलने वाले हैं। सहयोगियों की मदद से भी व्यवस्था ठीक बनी रहेगी। साझेदारी संबंधी व्यवसाय में कुछ गलतफहमियां आ सकती हैं। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह लेना जरूरी है। नौकरी में आप अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाएंगे। लव: घर में कोई शुभ काम से जुड़ी प्लानिंग होगी। प्रेम संबंधों को मर्यादा में रखना जरूरी है। हेल्थ: दिनचर्या को व्यवस्थित रखना जरूरी है। गलत खान-पान की वजह से पेट खराब रह सकता है। भाग्यशाली रंग: बादामी, भाग्यशाली अंक: 7

कन्या – पॉजिटिव: इस सप्ताह ग्रहों की स्थिति आपको अपनी योग्यता और क्षमता दिखाने का मौका दे रही है, इसका पूरा फायदा उठाएं। घर के बुजुर्गों और वरिष्ठ लोगों के अनुभव और मार्गदर्शन का पालन करने से आपको बेहतरीन कामयाबी मिलेगी। आय के रास्ते भी खुलेंगे। नेगेटिव: पारिवारिक और व्यक्तिगत जीवन में तालमेल बनाकर भी चलना होगा। बेकार में दूसरों के मामले में उलझने के बजाय अपने कामों में ही व्यस्त रहें, क्योंकि इसका नकारात्मक असर आपकी काम करने की क्षमता पर पड़ सकता है। लेन-देन से जुड़े मामलों में सावधानी बरतें।
करियर: कारोबार में कुछ नए मौके मिलेंगे। फैशन डिजाइनिंग से संबंधित कामों में अच्छा मुनाफा होने की उम्मीद है। पार्टनरशिप संबंधी कामों में पुरानी बातों को बढ़ावा न देकर वर्तमान गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित रखें। ऑफिस में आपके प्रयासों से अच्छा माहौल बना रहेगा। लव: घर में सुख-शांति रहेगी, बुजुर्गों का भी आशीर्वाद बना रहेगा। प्रेम संबंधों में भावनात्मक नजदीकी बढ़ेगी। हेल्थ: बहुत ज्यादा काम के साथ-साथ भरपूर आराम भी लेना जरूरी है। कुछ समय प्रकृति के साथ बिताएं। ध्यान और योग भी स्वस्थ रहने का अच्छा तरीका है। भाग्यशाली रंग: पीला, भाग्यशाली अंक: 2

तुला – पॉजिटिव: घर में व्यवस्थित माहौल आपके तनाव को कम करेगा और समय खुशनुमा बीतेगा। किसी धार्मिक और अनुभवी व्यक्ति के साथ कुछ समय बिताने से अपनी सोच में भी बेहतरीन बदलाव महसूस करेंगे। किसी दोस्त के साथ चल रही नाराजगी दूर करने का यह अच्छा समय है। नेगेटिव: किसी को भी अपने निजी जीवन में दखल न देने दें और अपने स्वाभिमान को बनाए रखें। अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज संभालकर रखें, वरना इनका कोई गलत इस्तेमाल कर सकता है। समय-समय पर बच्चों का सही मार्गदर्शन करते रहने से उनका मनोबल बढ़ेगा।
करियर: वरिष्ठ लोगों के मार्गदर्शन में कोई नई व्यवसायिक योजना सफल हो सकती है। रोजाना की आय में भी कुछ बढ़ोतरी होगी। खान-पान से संबंधित गतिविधियों में सुधार आएगा। फाइनेंस से जुड़े मामलों में लापरवाही की वजह से कुछ गलतियां कर सकते हैं। लव: वैवाहिक संबंधों में मधुरता रहेगी। प्रेमी-प्रेमिका एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें, इससे और ज्यादा नजदीकी बढ़ेगी। हेल्थ: प्रदूषण और वर्तमान मौसम से अपना बचाव करें। ज्यादा भीड़-भाड़ वाली जगह पर जाने से भी बचें। भाग्यशाली रंग: हरा, भाग्यशाली अंक: 9

वृश्चिक – पॉजिटिव: इस सप्ताह आपके आर्थिक ग्राफ में सुधार आएगा। किसी दोस्त से मुलाकात का अवसर मिलेगा। आपसी बातचीत से दोनों की ही कई समस्याओं का हल भी निकलेगा। साथ ही संतान से जुड़ी कोई चिंता दूर होने से आपको राहत मिलेगी। पिता या पिता जैसे व्यक्ति का मार्गदर्शन बना रहेगा। नेगेटिव: किसी खास काम को लेकर मन के अनुसार परिणाम न मिलने से हिम्मत न हारें और अपना मनोबल बनाकर रखें। कोर्ट-कचहरी से संबंधित कोई भी महत्वपूर्ण काम टाल दें। कुछ समय धर्म-कर्म के मामलों में भी जरूर लगाएं।
करियर: व्यवसाय में मनचाही सफलता पाने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत करनी पड़ेगी। स्टाफ और कर्मचारियों की वजह से वर्तमान काम करने का तरीका बेहतरीन तरीके से चलता रहेगा। इंपोर्ट-एक्सपोर्ट से संबंधित कामों में अच्छा मुनाफा होने की उम्मीद है। प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले लोगों को बहुत ज्यादा काम की वजह से तनाव रहेगा। लव: पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हो सकता है। प्रेम संबंधों में नजदीकी बढ़ेगी। हेल्थ: सिर दर्द और सर्वाइकल की समस्या दिनचर्या को थोड़ा अस्त-व्यस्त कर देगी। गैस और बादी वाली चीजों के सेवन से बचें। भाग्यशाली रंग: आसमानी, भाग्यशाली अंक: 6

धनु – पॉजिटिव: अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं, इससे आपको आत्मिक और मानसिक खुशी मिलेगी। किसी खास व्यक्ति के साथ रहने से आपकी सोच में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। मुश्किल समय में अनुभवी लोगों से मार्गदर्शन लेना आपके लिए सहायक रहेगा। नेगेटिव: किसी भी तरह के राजनीति जैसे माहौल से दूर रहें, वरना आपकी छवि खराब हो सकती है। युवा लोग अपने लक्ष्य को हासिल न होने पर अपना मनोबल गिरने न दें। वाहन या मशीन से संबंधित उपकरणों का प्रयोग ध्यान पूर्वक करें, कुछ नुकसान होने जैसी स्थिति बन रही है।
करियर: काम की जगह पर विस्तार से जुड़ी योजनाएं बनेंगी और काफी हद तक कामयाबी भी मिलेंगी। लेकिन इस समय किसी को भी पैसे उधार न दें, वरना आप खुद आर्थिक समस्या में फंस सकते हैं। ऑफिस के कामों पर और ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है। लव: दांपत्य संबंधों में मधुरता रहेगी और घर में सुखद माहौल बना रहेगा। अपने लव पार्टनर के साथ लॉन्ग ड्राइव पर जाएं। हेल्थ: मौसमी परेशानियां जैसे खांसी, जुकाम, बुखार जैसी स्थिति रहेगी। आयुर्वेदिक इलाज लें और व्यायाम और योगा पर भी ध्यान दें। भाग्यशाली रंग: लाल, भाग्यशाली अंक: 7

मकर – पॉजिटिव: योग और मेडिटेशन जैसी गतिविधियों के माध्यम से मानसिक स्थिति संतुलित रखें, इससे अपनी दिनचर्या को पूरे जोश से निभाएंगे और अच्छे परिणाम भी मिलेंगे। इस समय आर्थिक पक्ष पहले से और ज्यादा मजबूत स्थिति में रहेगा। कुछ समय से चल रही चिंताओं से भी राहत मिलेगी। नेगेटिव: बहुत ज्यादा उत्साह और जल्दबाजी में बने-बनाए काम बिगड़ भी सकते हैं। कुछ करीबी लोग ही जलन की भावना से आपका नुकसान करने की कोशिश करेंगे, लेकिन ऐसे लोगों की परवाह न करें और दूरी बनाकर रखें। आवेश और गुस्से पर काबू रखना जरूरी है।
करियर: व्यवसाय में कुछ नए कॉन्ट्रैक्ट मिलेंगे और उनसे अच्छी खासी आमदनी भी होगी, लेकिन काम की गुणवत्ता को बढ़ाना होगा। नौकरी में हल्की-फुल्की परेशानियां आएंगी, लेकिन बुद्धिमत्ता और विवेक से आप सभी परेशानियों का हल शांतिपूर्ण तरीके से निकाल लेंगे। लव: पति-पत्नी के बीच अच्छे संबंध रहेंगे, वरिष्ठ लोगों का भी साथ बना रहेगा। प्रेम संबंध बदनामी का कारण बन सकते हैं, इसलिए सावधान रहें। हेल्थ: अपनी आदतों और दिनचर्या को एकदम व्यवस्थित रखें। लापरवाही करना स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। भाग्यशाली रंग: केसरिया, भाग्यशाली अंक: 5

कुंभ – पॉजिटिव: इस सप्ताह कुछ नए अवसर सामने आएंगे, लेकिन उन्हें हासिल करना आपकी काम करने की क्षमता पर भी निर्भर करता है। अपनी योजनाओं को गुप्त तरीके से पूरा करें, इससे किसी का दखल नहीं होगा। कुछ समय अनुभवी लोगों के साथ बिताने से आपके व्यक्तित्व में भी निखार आएगा। नेगेटिव: परिवार के लोगों के बीच चल रहा विवाद बढ़ सकता है, इसलिए समय रहते उसका समाधान करना जरूरी है। बेकार के खर्चों में कमी करने से आपकी आर्थिक समस्या काफी हद तक सुलझ सकती है। लेकिन अपनी महत्वपूर्ण वस्तुएं और दस्तावेज ज्यादा संभालकर रखें।
करियर: कारोबार में दूर-दराज के क्षेत्रों से संबंधित कामों में बेहतरीन सफलता मिलेगी। अगर कोई सरकारी मामला चल रहा है तो उसे जल्दी सुलझाने की कोशिश करें, वरना परेशानी बढ़ सकती है। ऑफिस में किसी सहयोगी द्वारा प्रोजेक्ट को लेकर भरपूर सहायता मिलेगी। लव: पति-पत्नी आपसी तालमेल ठीक बनाकर रखें और एक-दूसरे की भावनाओं की कदर करें। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी। हेल्थ: किसी भी विपरीत परिस्थिति में सकारात्मक रहें। ज्यादा तनाव और चिंता की वजह से स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ेगा। योग और मेडिटेशन जरूर करें। भाग्यशाली रंग: गुलाबी, भाग्यशाली अंक: 9

मीन – पॉजिटिव: रोजमर्रा की व्यस्त दिनचर्या से राहत पाने के लिए इस सप्ताह अपने पसंद के कामों में समय दें, इससे खुशी मिलेगी। बुजुर्गों के मार्गदर्शन से मुश्किल राह आसान हो जाएगी। धैर्य पूर्वक किए गए कामों का नतीजा भी शुभ मिलेगा। लाभ होगा, पर धीमी गति से। नेगेटिव: जोखिम भरे काम और जोखिम लेने जैसी गलती न करें। काम में जल्दबाजी करने की आदत नुकसान दे सकती है। कोशिश करके समय पर ही अपने कामों को पूरा करने का प्रयास करें। प्रॉपर्टी से जुड़ा कोई विवाद भी उठ सकता है, लेकिन धैर्य बनाकर रखने से जल्दी ही हल निकलेगा।
करियर: व्यवसाय में अपने ऑर्डर या काम को समय पर पूरा करने का प्रयास करें। हार्डवेयर के कारोबारियों को आर्थिक लाभ होने वाला है। किसी नए काम को करने से पहले उसके बारे में पूरी जानकारी ले लें, तो यह काम आपके लिए बहुत ही आसान और फायदेमंद साबित होगा। लव: पति-पत्नी के संबंधों में भावनात्मक लगाव बना रहेगा। साथ ही मनोरंजन से जुड़ा कोई कार्यक्रम भी बनेगा। लव पार्टनर के साथ लॉन्ग ड्राइव पर जाने का कार्यक्रम बनेगा। हेल्थ: सीने से जुड़ी किसी तरह की दिक्कत महसूस हो सकती है। पारंपरिक इलाज कराना आपके लिए ज्यादा सही रहेगा। भाग्यशाली रंग: क्रीम, भाग्यशाली अंक: 3








