1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

हाल ही रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म ‘सैयारा’ को दर्शकों ने काफी पसंद किया है। इसमें अनीत पड्डा ने एक युवती का किरदार निभाया है, जो अल्जाइमर जैसी बीमारी से जूझ रही है। बता दें कि यह रोल अनीत के लिए निजी तौर पर भी जुड़ा हुआ था।
हाल ही में अनीत ने द हॉलीवुड रिपोर्टर को दिए इंटरव्यू में बताया कि उनके दादाजी अल्जाइमर से पीड़ित हैं।
उन्होंने कहा, “मेरे दादू को अल्जाइमर है, इसलिए ये फिल्म मेरे लिए और भी इमोशनल थी। अब वो ज्यादातर बातें याद नहीं रखते, लेकिन इस कहानी पर मुझे भरोसा था क्योंकि ये कहती है कि दिमाग भूल जाता है, पर दिल कभी नहीं भूलता। ये बात मेरे दादू के लिए सच है।”
अनीत ने आगे बताया, “उन्हें मेरा नाम याद नहीं रहता। बहुत कुछ याद नहीं है, लेकिन अब भी वो मुझे ‘हीरापुत’ या ‘मक्खन’ कहकर बुलाते हैं। जब मैं उनसे मिलने गई तो वो मुझे पहचानते नहीं थे, लेकिन मेरे पास बैठने में उन्हें अच्छा लगा। फिल्म रिलीज होने पर वो थिएटर नहीं जा पाए क्योंकि बिस्तर पर हैं। मेरे माता-पिता ने उन्हें वीडियो दिखाए। तब वो मुस्कुराए और बोले ‘हीरापुत’ और ‘मक्खन की मूवी’। ये मेरे लिए खास पल था।”

मोहित सूरी के डायरेक्शन में बनी ‘सैयारा’ बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही। फिल्म ने दुनियाभर में 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की है।
अनीत ने इंटरव्यू में फिल्म में अपने को-स्टार अहान पांडे के साथ शुरुआती मुलाकात की याद भी शेयर की।
उन्होंने कहा,“जब मैं सैयारा के लिए ऑडिशन दे रही थी, अहान मुझे माउंट मैरी चर्च ले गए। हमने मोमबत्ती जलाई। मैंने उनसे पूछा कि उन्होंने क्या विश किया। उन्होंने कहा, तुम बताओ। एक हफ्ते बाद जब मुझे कॉल आया कि रोल मिल गया है, तब अहान ने बताया कि उन्होंने यही विश किया था।”
अनीत पड्डा ने साइन की अपनी दूसरी फिल्म
बता दें कि अनीत पड्डा जल्द एक और लव स्टोरी में नजर आएंगी। ‘बैंड बाजा बारात’ फेम डायरेक्टर मनीष शर्मा अनीत को लेकर एक रोमांटिक फिल्म बनाने वाले हैं। अनीत की इस फिल्म को यशराज फिल्म्स ही प्रोड्यूस करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अनीत को उनकी नई फिल्म के लिए कास्ट कर लिया गया है।

मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम भी शुरू हो चुका है। अनीत को यह रोमांटिक फिल्म पंजाब पर आधारित होगी। वहीं, फिल्म की शूटिंग साल 2026 की पहली छमाही में शुरू की जाएगी। फिल्म में अनीत के अपोजिट कौन होगा, इसे लेकर कोई जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।








