यूपी के बलरामपुर में पेट्रोल-डीजल लेने के लिए बृहस्पतिवार को जिले में अफरातफरी का माहौल बन गया। सुबह से ही पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और कई स्थानों पर ईंधन भरवाने को लेकर ग्राहकों व पंप कर्मियों के बीच झड़प भी हुई।
तुलसीपुर मार्ग स्थित एक पेट्रोल पंप पर तो स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ लोगों ने पंप कर्मी को जमीन पर पटककर पीट दिया और दांत से काटकर घायल कर दिया। घटना के बाद पंप पर पुलिस बल तैनात कर ईंधन वितरण कराया गया।
…तुरंत ईंधन देने का दबाव बनाने लगे
गंगाडीहवा निवासी पंप कर्मी विनोद कुमार ने नगर कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि बुधवार रात करीब नौ बजे वह मां शारदा फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल दे रहे थे। इसी दौरान छह लोग पहुंचे और तुरंत ईंधन देने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए पिटाई शुरू कर दी।
आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जमीन पर पटककर लात-घूंसों से पीटा और एक व्यक्ति ने दांत से काटकर घायल कर दिया। जान से मारने की धमकी देकर सभी भाग गए। घटना के बाद बृहस्पतिवार सुबह पंप पर पुलिस की निगरानी में ईंधन वितरण कराया गया।








