बरेली में शुक्रवार को आंधी के साथ आधे घंटे तक बारिश हुई। सीबीगंज में आंधी चलने से सनौआ स्थित कांशीराम कॉलोनी के ए-ब्लॉक में खेल रहे बच्चों पर एक पेड़ गिर पड़ा। पेड़ गिरते देख कुछ बच्चे भागे लेकिन 15 वर्षीय किशोर दक्ष टहनियों की चपेट में आकर घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पास ही खड़े वाहन भी पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गए। बिजली केबल टूटने से आपूर्ति बाधित हो गई। इसके अलावा बारिश आंधी के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली बाधित रही।
बारिश में बिजली आपूर्ति बाधित
हल्की बारिश व तेज हवा की वजह से शुक्रवार सुबह व दोपहर में जगह-जगह बिजली आपूर्ति बाधित हुई। शहर के छह उपकेंद्र व 12 फीडर प्रभावित होने से 50 हजार से अधिक उपभोक्ता परेशान हुए। ब्रेक डाउन व ट्रिपिंग की वजह से साढ़े तीन घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। हरूनगला उपकेंद्र पर दोपहर 12:45 बजे ब्रेक डाउन हुआ तो शाम छह बजे आपूर्ति बहाल की जा सकी। इस दौरान लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। हालांकि, निगम का दावा है कि आधा घंटे में ही दूसरी लाइन से आपूर्ति बहाल करा दी गई। महानगर उपकेंद्र पर भी बरसात के कारण ट्रिपिंग की समस्या हुई। दुर्गानगर, डेलापीर, शाहदाना, पवन विहार में भी बारिश के कारण ट्रिपिंग हुई। कुछ समय के लिए आपूर्ति बाधित रही।








