सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला अपना मुंडन करवाती नजर आ रही हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो हालिया हैं, जहां अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए महिलाएं मुंडन करा रही हैं।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो दो साल पुराना है। जिसे हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए महिलाएं मुंडन करा रही हैं।
जनता लाइव नाम के फेसबुक यूजर ने लिखा, “आखिर क्यों ये औरतें बीच सड़क करवा रही अपना मुंडन, अंकिता भंडारी को अब मिलेगा न्याय।” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें उत्तराखंड न्यूज की रिपोर्ट मिली। यहां हमें वायरल वीडियो से जुड़ी कुछ क्लिप देखने को मिलीं। यह वीडियो 22 सितंबर 2023 को साझा किया गया है। इसके साथ ही लिखा है कि अंकिता भंडारी के न्याय के लिए ज्योति रौतेला ने मुंडवाया सिर।
इसके बाद हमें आज तक की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 29 सितंबर 2023 को प्रकाशित की गई है। यहां हमें वायरल वीडियो 1 सकेंड से 15 सकेंड तक देखने को मिला। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि कांग्रेस नेता ने अंकिता भंडारी को न्याय के लिए अपना सिर मुंडवाए है। इसके साथ ही कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि बीजेपी अभी तक वीआईपी का पता नहीं लगा पाई है, जिससे शक और भी ज्यादा गहराता जा रहा है।
आगे की पड़ताल के लिए हमने अमर उजाला के न्यूज डेस्क से संपर्क किया। इस दौरान हमें एक रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 9 जनवरी 2026 को प्रकाशित की गई हैं। रिपोर्ट में बताया गया है “तीन साल पहले वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या का मामला सामने आया था। हत्याकांड में शुरू से ही वीआईपी के नाम को लेकर लोग सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। वहीं, बीते दिनों वायरल ऑडियो वीडियो प्रकरण के बाद यह मांग और तेज हो गई थी। अब सीएम ने इस मामले में सीबीआई जांच की संस्तुति कर दी है।”
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को दो साल पुराना पाया है। अब इस मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश होने के बाद दो साल पुराने वीडियो को नए संदर्भ से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।








