सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में पीएम नरेंद्र मोदी इस्राइल की संसद नेसेट को संबोधित कर रहे हैं। अब उनके संबोधन का एक हिस्सा शेयर किया जा रहा है। इसमें वह पाकिस्तानी हमलों से ग्रसित अफगानिस्तान को सहायता पैकेज देने की बात कर रहे हैं। पीएम मोदी कह रहे हैं कि अफगानिस्तान में आतंकवादियों ने नागरिकों की हत्या कर दी, यह शर्मनाक है। भारत अफगानिस्तान में अपने पड़ोसी देशों के साथ खड़ा है। हिबतुल्लाह मेरा प्रिय मित्र है, और मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि भारत और इस्राइल के बीच 8.6 अरब डॉलर के सैन्य समझौते के अलावा, अफगानिस्तान के पुनर्निर्माण के लिए एक विशेष सहायता पैकेज भी दिया जाएगा।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी जांच में सामने आया कि इस दावे में किसी तरह की कोई सच्चाई नहीं है। हमने पीएम मोदी के मूल भाषण को सुना, इसमें हमें कहीं भी उनके द्वारा अफगानिस्तान का नाम नहीं सुनाई दिया। उनका पूरा भाषण सुनने पर भी हमें कहीं अफगानिस्तान के लिए किसी विशेष पैकेज के बारे में सुनने को नहीं मिला।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी ने अफगानिस्तान पर हुए हमलों के कारण विशेष सहायता पैकेज की बात कही है।
AFW (@AFWire_Official) नाम के एक एक्स अकाउंट ने इस वीडियो को शेयर करके लिखा, “भारत के PM नरेंद्र मोदी ने नेसेट में एक भाषण के दौरान अफगानिस्तान तालिबान के लिए एक स्पेशल मदद पैकेज की घोषणा की, जिसे इस्राइल का समर्थन मिला। भारत और इस्राइल का कहना है कि वे अफगानिस्तान की सुरक्षा और स्थिरता पक्का करने के लिए कमिटेड हैं।” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने पीएम मोदी की वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें यह वीडियो इस्राइली पीएम नेतन्याहू के अधिकारिक यूट्यूब चैनल पर देखने को मिला। 1 घंटे 43 मिनट लंबे इस वीडियो में पीएम मोदी ने अपना भाषण लगभग 1 घंटे 7 मिनट पर शुरू किया और लगभग 1 घंटे 39 मिनट पर खत्म किया। इस दौरान में हमें कहीं भी पीएम मोदी अफगानिस्तान का नाम लेते हुए नहीं सुनाई दिए।
आगे हमें विदेश मंत्रालय की वेबसाइट पर पीएम मोदी द्वारा इस्राइली संसद में दिए गए भाषण की लिखित कॉपी देखने को मिली। इसमें भी कहीं पीएम मोदी के भाषण में अफगानिस्तान का जिक्र नहीं था।
आगे एआई डिटेक्ट टूल से भी हमने इस वीडियो को सर्च किया। हमने हाइव एआई डिटेक्टर टूल पर इस वीडियो को सर्च किया। यहां से पता चला कि वीडियो में पीएम मोदी की आवाज को एआई के माध्यम से बदला गया है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि पीएम मोदी का इस्राइली संसद में दिए गए बयान का वीडियो एडिट किया गया है।








