अमेरिकी न्याय विभाग ने हाल ही में यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े कुछ दस्तावेज शेयर किए हैं। इसे एपस्टीन फाइल्स के नाम दिया गया है, इसमें कई बड़े उद्योगपतियोंं और नेताओं के भी नाम शामिल होने की जानकारी है। इसकी कड़ी में एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही है। इस तस्वीर में एक व्यक्ति दो लड़कियों से घिरे हुए नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि लड़कियों के बीच में खड़ा युवक अबू धाबी के शासक और यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान हैं।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में सामने आया कि इस फाइल में मोहम्मद बिन जायद का नाम जरूर है, लेकिन वायरल हो रही तस्वीर में जायद मौजूद नहीं हैं।
क्या है दावा
इस तस्वीर को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि अबू धाबी के शासक और यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की तस्वीर एपस्टीन फाइल में सामने आई है।
Hanifkhattak79 नाम के इस्टाग्राम अकाउंट ने इस तस्वीर को शेयर करके लिखा “अभी-अभी 🇦🇪🇮🇱🇺🇸 अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का परिवार भी #EpsteinFiles में फंसा है। इसीलिए यूएई ईरान और गाजा के खिलाफ इजरायल का साथ देता है, अब यह खुलासा हुआ है कि वह एपस्टीन के बुलावे पर मौज-मस्ती के लिए प्राइवेट आइलैंड पर जाते थे।” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
इसके लिंक आप यहां और यहां और आर्काइव लिंक यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने एपस्टीन के गोपनीय दस्तावेज़ों में कीवर्ड सर्च करने पर ऐसी किसी तस्वीर का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। आगे हमने गूगल लेंस के माध्यम से इस तस्वीर को सर्च करने की कोशिश की। यहां हमें एक फेसबुक अकाउंट पर यह तस्वीर 25 जनवरी 2012 को अपलोड की गई मिली। इस तस्वीर में पुरुष के दोनों ओर खड़ी महिलाओं की स्थिति वायरल तस्वीर जैसी ही थी, लेकिन बीच में खड़ा पुरुष पूरी तरह अलग था।
फेसबुक पर शेयर की गई इस तस्वीर के साथ कैप्शन लिखा गया था “अब मुझे मैच में चमाख के खराब परफॉर्मेंस का राज पता चल गया है… वो ब्लॉन्ड लड़कियाँ!
चमाख गेंद को सिर से मारना नहीं चाहता था, उसे अपने फोरहैंड को नुकसान पहुंचने का डर था, और वो पागल हो गया है… और उसे गैबॉन में बेचा नहीं जाएगा…”
पोस्ट में जिस चमाख का ज़िक्र है, वह संभवतः मोरक्को के पूर्व फुटबॉलर मारुआन चमाख हैं, जो तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति से काफी मिलते-जुलते हैं। मूल तस्वीर और वायरल इमेज की तुलना करने पर साफ़ दिखता है कि चमाख के चेहरे को डिजिटल तरीके से बदला गया है।
हालांकि एपस्टीन फाइल में मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का नाम भी सामने आया है। लेकिन ये नाम किसी यौन शोषण के मामले से नहीं जुड़ा है। एपस्टीन ने सऊदी पत्रकार जमाल खशोगी की हत्या को लेकर अनस अल रशीद नाम के व्यक्ति से बातचीत की थी और दावा किया था कि जायद अल नाहयान ने सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान को इस मामले में ‘फंसाया’ था।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि तस्वीर में अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान नहीं है।








