कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहे जाने पर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। दरभंगा पुलिस ने आरोपी रिजवी उर्फ राजा को गिरफ्तार कर लिया। इसी बीच सोशल मीडिया पर दो तस्वीरें वायरल हो रही हैं। पहली तस्वीर में एक शख्स मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज चौहान के साथ नजर आ रहा है। वहीं, दूसरी तस्वीर में एक शख्स भाजपा के चुनावी चिह्न का पटका पहने दिख रहा है। तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहने वाला व्यक्ति भाजपा से जुड़ा हुआ है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल तस्वीर में नजर आ रहा व्यक्ति नरेंद्र मोदी को अपशब्द बोलने वाला रिजवी उर्फ राजा नहीं है। बल्कि वह मध्यप्रदेश का भाजपा कार्यकर्ता नेक मोहम्मद रिजवी हैं।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि नरेंद्र मोदी पर अपशब्द बोलने वाला व्यक्ति भाजपा से जुड़ा है।
भुपेन्द्र कुमार (@KrBhupendraa) नाम के एक्स यूजर ने लिखा, “दरभंगा में कांग्रेस के मंच पर ज़बरदस्ती चढ़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहने वाला व्यक्ति मोहम्मद रिज़वी निकला भाजपा का ही कार्यकर्ता.. वोट चोरी के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा इतना नीचे गिर सकती है ये नहीं सोचा था.. भज*** में सदमा…… उन्मादी मिसाइल फूस“ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के कई अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें नेक मोहम्मद रिजवी नाम के फेसबुक यूजर की आंकउट पर पोस्ट मिली। यह पोस्ट 8 जनवरी 2024 को साझा की गई है।
इसके साथ ही हमे दूसरी तस्वीर भी इस आकंउट से साझा की मिली। यह तस्वीर 18 जुलाई 2025 को शेयर की गई है।
इसके साथ हमें यूजर के आकंउट पर कई पोस्ट मिले, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को अपशब्द कहने वाले व्यक्ति समझा जा रहा है। उन्होंने इन दावे का खड़न किया।
इसके बाद हमें इंडिएन एक्सप्रेस की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 29 अगस्त 2025 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि बिहार के दरभंगा में पुलिस ने शुक्रवार को बिठौली गांव में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। दरअसल शख्स पर आरोप है कि वोटर अधिकार यात्रा के दौरान एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद रिजवी के रूप में हुई है, जो जाले विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भोपुरा गांव का निवासी है।
आगे की पड़ताल के लिए हमने अमर उजाला के न्यूज डेस्क से संपर्क किया। इस दौरान हमें एक रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 29 अगस्त 2025 को प्रकाशित की है। रिपोर्ट में बताया गया है कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा के दौरान गाली देने वाले आरोपी कांग्रेस नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बिहार पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दरभंगा से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी की पहचान सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के भोपुरा गांव निवासी रिजवी उर्फ राजा के रूप में की है। उस पर आरोप है कि उसने मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और भद्दी-भद्दी गालियां दीं।”
इसके साथ ही हमने दोनों व्यक्ति की तस्वीर की तुलना की । दोनों तस्वीर में नजर आ रहे शख्स में फर्क साफ नजर आ रहा है।
यहां से पता चलता है कि प्रधानमंत्री मोदी के लिए अपशब्द इस्तेमाल करने वाले आरोपी बिहार का है। वहीं, वायरल तस्वीर में नजर आ रहे व्यक्ति मध्यप्रदेश से हैं।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल तस्वीर में नजर आ रहे शख्स और प्रधानमंत्री मोदी को अपशब्द कहने वाले व्यक्ति दोनों अलग हैं।








