पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों में तनाव के साथ साथ देश में भी सांप्रदायिक तनाव का स्थिति की बात हो रही है। इसी बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि खून से लथपथ एक घायल व्यक्ति पुलिस से शिकायत कर रहा है। दावा किया जा रहा है कि उत्तराखंड के देहरादून में एक शादी में जा रहे मुस्लिम व्यक्ति से उसका नाम पूछने के बाद उस पर हमला किया गया।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में पाया कि इस दावे को गलत पाया है। पड़ताल में पुलिस का बयान हमें मिला। पुलिस के बयान में इस घटना में किसी भी तरह के सांप्रदायिक एंगल होने की बात से इंकार किया है। मामले के बारे में पता चला कि बंजारावाला में मोनाल एन्क्लेव के पास एक कार फंस गई, जिससे ट्रैफिक जाम हो गया। भीड़भाड़ के बीच, पीछे से एक ड्राइवर ने गाड़ी हटाने के लिए कहा, जिससे बहस हो गई। इसके बाद ही मारपीट की पूरी घटना हुई।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि उत्तराखंड के देहरादून में एक शादी में जा रहे मुस्लिम व्यक्ति से उसका नाम पूछने के बाद उस पर हमला किया गया।
रिंकी यादव (@Rinkiyadav04) नाम की एक एक्स यूजर ने लिखा “देहरादून में मुस्लिम परिवार शादी समारोह से जा रहा था, 5-6 लोग आए धर्म पूछे और धारदार हथियार से हमला कर दिए, परिवार का सदस्य खून से लथपथ है, बता रहे है कि एक बच्चे को भी मारे है, सोचिए बदला पाकिस्तान से लेना है,वहा कुछ नहीं हो रहा और देश के अंदर ये सब? पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इस पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी आप नीचे देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों के लिंक को आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने अमर उजाला की देहरादून टीम से संपर्क किया। यहां अमर उजाला की टीम से इस मामले में की एक रिपोर्ट हमें मिली। इस रिपोर्ट में कार गड्ढे में फंसने के कारण झड़प और मारपीट का मामला सामने आया।
मामले की ज्यादा जानकारी के लिए हमने देहरादून पुलिस का बयान देखने के लिए हमने उनके एक्स हैंडल की जांच की। यहां देहरादून पुलिस का बयान मौजूद था। इस बयान में भी मामले में किसी धार्मिक पहलू होने से इंकार किया गया। इसी के साथ हमें पुलिस की फेसबुक पोस्ट भी देखने को मिली। इस पोस्ट में पुलिस का तरह से लिखा गया था।
“दिनांक 01/05/2025 को कोतवाली पटेल नगर क्षेत्रांतर्गत मोनाल एंक्लेव बंजारा वाला में झगड़े की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मौके पर चीता पुलिसकर्मी पहुंचे, जिनके द्वारा अवगत कराया गया कि अनीश अली निवासी भोगपुर, भारूवाला ग्रांट में अपने परिजनों के साथ एक विवाह समारोह में सम्मिलित होने जा रहा था, जिसकी गाड़ी मोनाल एनक्लेव मे एक दुकान के बाहर खराब होने पर वहां जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस बात को लेकर मोनाल एन्क्लेव में रहने वाले एक व्यक्ति संजय रावत व अनीश अली के मध्य विवाद हो गया तथा दोनों पक्षों के मध्य इस बात को लेकर मार पीट हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आई। यह घटना कार के खराब होने तथा उससे जाम लगने के कारण हुए विवाद के चलते हुई थी, परंतु सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ लोगों द्वारा उक्त घटना को सांप्रदायिक रूप देने का प्रयास किया जा रहा है, पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार सतर्क दृष्टि रखते हुए ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है, जिनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि घटना में किसी भी तरह का कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। मामले को सांप्रदायिक रंग देकर गलत दावा किया जा रहा है।








