सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दो लोग शराब और तमंचा लिए नजर आ रहे हैं। इसके बाद एक युवक ने अचानक गोली चला दी। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो हरियाणा का है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो हरियाणा का नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश का है। दरअसल, मुजफ्फरनगर में ट्यूबवेल पर बैठकर शराब पीते हुए मामा ने तमंचा चेक किया। इस दौरान गोली चल गई और सामने बैठे उसके भांजे के सीने में जा घुसी।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें एक व्यक्ति अचानक से गोली चला देता है। वीडियो को हरियाणा का बता कर शेयर किया जा रहा है।
अमृत यदुवंशी (@AmritYaduvanshi) नाम के एक्स यूजर ने लिखा “ हरियाणा से वायरल वीडियो तीन दोस्त शराब पीते हैं, एक वीडियो बनाता है। उनके पास अवैध तमंचा था। एक दोस्त कैमरामैन को तमंचा देता है, पर वह नहीं लेता। तभी तीसरा दोस्त कारतूस डालकर कैमरामैन को गोली मार देता। वीडियो वायरल हो गया। इस घटना से क्या सीख मिलती है?“ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के कई अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें एनडीटीवी की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 26 फरवरी 2021 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है उत्तर प्रदेश के मुजफ्फनगर में पीड़ित द्वारा रिकॉर्ड किए गए एक खौफनाक वीडियो में एक व्यक्ति लापरवाही से एक देसी पिस्तौल उठाता है, उसमें गोली भरता है और अपने भांजे को गोली मार देता है। गोली लगने के बाद पीड़ित के हाथ से मोबाइल फोन गिर जाता है।
इसके बाद हमें टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 28 फरवरी 2021 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फनगर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शराब पार्टी के दौरान एक व्यक्ति ने अपने भांजे को गोली मार दी। आरोपी ने अपने भांजे को उस समय गोली मारी जब वह वीडियो बना रहा था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
आगे की पड़ताल में हमने अमर उजाला की न्यूज डेस्क से संपर्क किया। इस दौरान हमें एक रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 25 फरवरी 2021 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया “मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में खेत की ट्यूबवेल पर बैठकर शराब पीते हुए मामा द्वारा तमंचा चेक करते समय चली गोली सामने बैठे उसके भांजे के सीने में जा घुसी। गोली लगने से भांजे प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी मामा फरार हो गया। पीड़ित के पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।”
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो चार साल पुराना और यूपी का पाया है। इसका हरियाणा से कोई संबंध नहीं है।








