Fact Check: रोहित शर्मा का पांच साल पुराना वीडियो विश्व विजेता महिला टीम को टिप्स देने का बताकर हो रहा शेयर
ऑटो-ट्रांसपोर्ट

Fact Check: रोहित शर्मा का पांच साल पुराना वीडियो विश्व विजेता महिला टीम को टिप्स देने का बताकर हो रहा शेयर

Spread the love


भारत की महिला क्रिकेट टीम ने महिला वनडे विश्व कप 2025 का खिताब जीता है। रविवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 298 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 45.3 ओवर में 246 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह भारत ने यह मुकाबला 52 रन से जीत लिया और पहली बार महिला टीम वनडे विश्व कप का खिताब जीतने में कामयाब रही। इसी बीच  सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और स्मृति मंधाना बात करते नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप जीतने के लिए महिला टीम को टिप्स दिए थे। 

अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया। हमने पाया कि वायरल वीडियो 5 साल पुराना है।  

क्या है दावा 

सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप जीतने के लिए महिला टीम को टिप्स दिए थे। 

क्रिकेट जाट नाम के फेसबुक यूजर ने लिखा “ हिटमैन ने वर्ल्डकप जीतने के लिए महिला टीम को दिए टिप्स। जीतने का सपना पूरा करने के लिए बनाया प्लान।” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां  देख सकते हैं।

पड़ताल 

इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने पहली तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें Baseline Ventures नाम के यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो मिला। यह वीडियो 30 अप्रैल 2020 को साझा किया गया है। वायरल हिस्सा मूल वीडियो में 16. 41 सकेंड से 17 .30 सकेंड तक देखने को मिला। वीडियो में रोहित शर्मा बोलते हैं कि वर्ल्ड कप जीतना सपना है, एक चीज हम दोनों में कॉमन है कि आईसीसी नॉकआट में सेमीफाइनल में हम लोग हार रहे हैं, आप लोग फाइनल में हार रहे हो।

इसके बाद हमें स्मृति मंधाना के एक्स हैंडल पर यूट्यूब वीडियो से जुड़ी तस्वीर मिली। यह पोस्ट 30 अप्रैल 2020 को साझा की गई है। इसके साथ ही पोस्ट में लिखा है कि दूसरा एपिसोड आ गया है दोस्तों हिटमैन रोहित शर्मा के साथ ,आज उनका जन्मदिन भी है, इसलिए यह और भी खास है। 



इसके बाद हमें एनडीटीवी की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 3 मई 2020 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि रोहित शर्मा ने भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना के साथ यूट्यूब चैनल पर इंटरव्यू के दौरान अपने फेवरेट शॉट को लेकर बात की है। इसके साथ ही  रोहित ने आगे अपने इंटरव्यू में महिला क्रिकेटर को सलाह भी दी और कहा कि जब आप ओपनर हैं तो यह समझ कर बल्लेबाजी करें कि आपको 50 ओवर तक बल्लेबाजी करनी है।

 

पड़ताल का नतीजा 

हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को पांच साल पुराना पाया है। 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *