2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

बिजनेसमैन मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी के घर एंटीलिया को लेकर कई लोगों के मन में यह सवाल होता है कि यह अंदर से कैसा दिखता है? उसमें क्या-क्या सुविधाएं हैं और वहां रहना कैसा होता है? इसी तरह का सवाल एक्ट्रेस और कॉमेडियन अर्चना पूरन सिंह के मन में भी आया। हाल ही में जब वह अपने पति परमीत सेठी और दोनों बेटों के साथ दिल्ली घूमने पहुंचीं, तो उन्होंने इस सवाल का जवाब जानने की कोशिश की।
दरअसल, अर्चना पूरन सिंह की यह दिल्ली ट्रिप उनके यूट्यूब व्लॉग का हिस्सा थी। इस यात्रा में उन्होंने और उनके परिवार ने दिल्ली की मशहूर लोकल डिशेज, खासकर छोले-भटूरे ट्राई करने का फैसला किया। सबसे पहले वो कमला नगर पहुंचे, जो स्ट्रीट फूड के लिए मशहूर है। यहां उन्होंने छोले-भटूरे का स्वाद लिया और ताजी छाछ का लुत्फ उठाया। इसके बाद वे पहाड़गंज के एक फेमस रेस्टोरेंट पहुंचे, जो 1950 से चल रहा है।

रेस्टोरेंट में अंबानी के कुक से मिलीं अर्चना
यहीं अर्चना और उनके परिवार की मुलाकात एक ऐसे कुक से हुई जिसने न केवल बॉलीवुड स्टार्स शाहरुख खान और सलमान खान के लिए खाना बनाया था, बल्कि अंबानी परिवार के लिए भी काम किया था। कुक ने बताया कि छोले-भटूरे पकाने के शौक में वह श्रीलंका, बहरीन, दुबई, स्पेन और फ्रांस तक घूम चुके हैं। यह सुनकर अर्चना हैरान रह गईं और मुस्कुराते हुए बोलीं, “ये तो ऐसी जगह गए हैं, जहां मैं भी नहीं गई।”
बातों-बातों में जब उस कुक ने बताया कि वह एक महीने तक अंबानी परिवार के घर एंटीलिया में रहे थे और वहीं खाना बनाते थे, तो अर्चना की जिज्ञासा और बढ़ गई। उन्होंने तुरंत पूछा, “भैया, अंदर से कैसा है एंटीलिया?” कुक ने जवाब दिया, “अच्छा है।”
बता दें कि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुकेश अंबानी के एंटीलिया की कीमत करीब 15,000 करोड़ रुपए है। इसमें 27 मंजिलें, तीन हैलीपैड, 168 कारों की पार्किंग, एक मंदिर, स्पा, जिम, थिएटर, आइसक्रीम पार्लर और यहां तक कि एक स्नो रूम भी है। कहा जाता है कि यह इमारत 8.0 तीव्रता तक के भूकम्प को झेलने के लिए डिजाइन की गई है।








