महोबा जिले में कानपुर-सागर हाईवे पर भोर सुबह तीन बजे हुए दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर दिया। टक्कर के बाद सड़क पर धूल का गुबार उड़ा। गुबार हटते ही खून से लथपथ पांच महिलाएं इधर-उधर पड़ीं थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद तेज आवाज आई। मौके पर पहुंचने पर एक महिला कराहते हुए कह रही थी कि हम तो मर गए। हाईवे पर यह दर्दनाक मंजर देख राहगीरों का कलेजा भी कांप गया।
राहगीरों की समझ में नहीं आया कि वह क्या करें। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस बुलाकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां तीन महिलाओं की मौत हो गई। हादसे के बाद जैसे ही यह खबर उनके परिजनों को मिली, तो चैन की नींद सो रहे परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के पालन-पोषण के लिए रुपये कमाने निकली उनकी मां अब वापस नहीं आएंगी।








