![]()
नाना पाटेकर का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। गोवा में कार्डियक अरेस्ट के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई लोगों ने नाना को श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाना पाटेकर को कहा कि वे बेहतरीन कलाकार थे। उन्होंने अलग-अलग किरदारों से दर्शकों का दिल जीता। मोदी ने अपने बयान में नाना की फिल्मों के नामों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, नाना पाटेकर का जीवन तिरंगे की आन-बान और शान की तरह रहा। वो बंधनों में नहीं रहे, परिंदे की तरह फिल्मों के आसमान में उड़े। उन्होंने समाज में व्याप्त अव्यवस्था पर अपनी फिल्मों के माध्यम से करारा प्रहार किया। वे एक ऐसे क्रांतिवीर थे, जिन्होंने बुराइयों के विरुद्ध काम किया। उनकी वाणी जितनी तेज थी, उनकी खामोशी भी उतनी ही प्रभावी थी। वो देशविरोधियों पर निरंतर अंकुश के समर्थक थे। पीएम मोदी ने अपने बयान में नाना पाटेकर की 6 फिल्मों तिरंगा, परिंदा, प्रहार, क्रांतिवीर, खामोशी और अंकुश का जिक्र किया। इनमें ‘परिंदा’ और ‘क्रांतिवीर’ के लिए नाना पाटेकर को नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला था।
बॉलीवुड, राजनीति, खेल और साहित्य जगत की कई हस्तियों ने भी पाटेकर को श्रद्धांजलि दी है। अक्षय कुमार, विराट कोहली, रवीना टंडन, रजनीकांत, परेश रावल, मनोज बाजपेयी, कंगना रनौत और सुनील शेट्टी समेत कई सितारों ने उनके निधन पर दुख जताया है। राहुल गांधी बोले- दर्शकों के दिलों में एक अमिट छाप छोड़ी
नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि दी। उन्होने लिखा “प्रसिद्ध अभिनेता नाना पाटेकर जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने अभिनय और किरदारों से उन्होंने भारतीय सिनेमा पर और दर्शकों के दिलों में एक अमिट छाप छोड़ी है। इस पीड़ा के समय में मेरी गहरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिजनों, मित्रों और समर्थकों के साथ हैं।” अक्षय कुमार बोले- यकीन करना मुश्किल है कि आप चले गए अक्षय कुमार ने नाना के साथ (वेलकम) और हाल ही में (हाउसफुल 5) में काम किया था। उन्होंने कहा कि नाना उन दुर्लभ कलाकारों में थे, जिन्हें दर्शकों का ध्यान खींचने के लिए बहुत कुछ करने की जरूरत नहीं थी। अक्षय ने उनकी आवाज, इंटेंसिटी और हर परफॉर्मेंस में ईमानदारी को याद किया। उन्होंने लिखा कि नाना की कमी को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। विराट कोहली बोले- उनका काम पीढ़ियों तक जिंदा रहेगा विराट कोहली ने नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया। उन्होंने लिखा, “भारतीय सिनेमा के एक सच्चे दिग्गज। उनका काम और विरासत आने वाली पीढ़ियों तक जिंदा रहेगी। नाना पाटेकर जी, आपकी आत्मा को शांति मिले। ॐ शांति।” रजनीकांत और परेश रावल ने शोक जताया तमिल सुपरस्टार रजनीकांत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्हें इस बात पर भरोसा नहीं हो रहा कि उनके प्यारे दोस्त नानाजी अब हमारे बीच नहीं रहे। उन्होंने परिवार और करीबियों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वहीं अभिनेता परेश रावल ने उन्हें याद करते हुए लिखा, “भाऊ, नाना साहेब। बेहद ईमानदार और गंभीर इंसान। आपके लिए हमेशा प्यार और सम्मान रहेगा। ओम शांति।” रितेश देशमुख बोले- एक युग का अंत रितेश देशमुख ने नाना के निधन पर कहा कि उनके पास शब्द नहीं हैं और यह खबर सुनकर ऐसा लगा जैसे उन पर ट्रक चढ़ गया हो। रितेश ने उन्हें बेमिसाल अभिनेता बताया। उन्होंने (ब्लफमास्टर) और (हाउसफुल 5) में नाना के साथ काम किया था। रितेश ने कहा कि नाना के साथ मराठी फिल्म में काम करना उनकी अधूरी इच्छा रह गई। सुनील शेट्टी ने कहा- सिनेमा अब पहले जैसा नहीं रहेगा अभिनेता सुनील शेट्टी ने अपनी श्रद्धांजलि में लिखा कि यह खबर बेहद हैरान करने वाली है। आप जितनी भी ऊंचाइयों पर पहुंचे, अपनी जड़ों से हमेशा जुड़े रहे। बिना किसी झिझक के अपनी बात कहने वाले, बेहद ईमानदार और अपनी कला के उस्ताद नाना जी जैसा दूसरा कोई नहीं हो सकता। दुनिया में सिर्फ एक ही नाना थे और हमेशा वही रहेंगे। उनके बिना सिनेमा अब कभी पहले जैसा नहीं रहेगा। रवीना टंडन ने याद की ‘गुलाम-ए-मुस्तफा’ की शूटिंग अभिनेत्री रवीना टंडन ने एक लंबे नोट में लिखा कि नाना पाटेकर का जाना उनके लिए एक गहरा झटका है। उन्होंने कहा कि हम सब जानते हैं कि एक दिन हर इंसान को जाना है, लेकिन फिर भी इस नुकसान को सहना आसान नहीं होता। रवीना ने बताया कि उनके और नाना के बीच आपसी सम्मान और प्यार भरा रिश्ता था। वे बेहद निडर, मजबूत और दयालु इंसान थे। फिल्म ‘गुलाम-ए-मुस्तफा’ के एक सीन का जिक्र करते हुए उन्होंने लिखा कि नाना की समझ और मार्गदर्शन ने उनके अभिनय में गहराई लाने में बहुत मदद की थी, जिसके लिए वे हमेशा उनकी आभारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग यादों से भी बढ़कर अपनी ताकत और व्यक्तित्व की छाप छोड़ जाते हैं, नाना पाटेकर भी उन्हीं में से एक थे। मनोज बाजपेयी बोले- मुंबई आने वाले युवाओं को उम्मीद देते थे नाना अभिनेता मनोज बाजपेयी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि नाना पाटेकर जी के निधन की खबर पर यकीन कर पाना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि मुंबई आकर फिल्मों में अपनी जगह बनाने का सपना देखने वाले हम जैसे कई लोगों को नाना जी के सफर से हिम्मत मिलती थी। उन्होंने यह विश्वास दिलाया कि अगर आप अपनी कला, अपनी पहचान और खुद के प्रति सच्चे हैं, तो अपनी जगह खुद बना सकते हैं। मनोज ने लिखा कि हमने अपने समय का एक बेहतरीन अभिनेता खो दिया है, उनकी कमी हमेशा खलेगी। कंगना रनोट बोलीं- हमेशा फिट और सेहतमंद दिखते थे नाना अभिनेत्री कंगना रनोट ने भी नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह बेहद दुखद और दर्दनाक खबर है। नाना पाटेकर हमेशा इतने फिट और सेहतमंद नजर आते थे कि इस खबर पर यकीन करना मुश्किल लग रहा है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। प्रकाश राज बोले- बातचीत और बहसें हमेशा याद रहेंगी एक्टर प्रकाश राज ने नाना को याद करते हुए कहा कि वह उनके साथ बिताए पलों, बातचीत, बहसों और नाना के हाथ का बना खाना हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने नाना से मिली सीख को भी याद किया और कहा कि उनकी जिंदगी में आने के लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे। मेहुल कुमार बोले- नाना पाटेकर हमेशा जमीन से जुड़े इंसान रहे दैनिक भास्कर के साथ बातचीत में डायरेक्टर मेहुल कुमार ने नाना पाटेकर को याद करते हुए कहा कि उनके साथ तिरंगा, क्रांतिवीर और कोहराम जैसी तीन यादगार फिल्में कीं। उन्होंने बताया कि नाना बेहद जमीन से जुड़े और सच्चाई के साथ चलने वाले इंसान थे। फिल्मों की सफलता और कई अवॉर्ड मिलने के बाद भी उनका व्यवहार कभी नहीं बदला। मेहुल कुमार ने बताया कि नाना ने किसी और डायरेक्टर के साथ तीन फिल्में नहीं की थीं। क्रांतिवीर को लेकर दिलीप कुमार ने भी कहा था कि नाना को लोग हमेशा इस किरदार के नाम से याद रखेंगे। उन्होंने बताया कि कोहराम के दौरान अमिताभ बच्चन को शुरुआत में नाना के साथ काम करने में थोड़ा संकोच था, लेकिन नाना और अमिताभ की बाद में अच्छी दोस्ती हो गई। वहीं (तिरंगा) के सेट पर नाना और राज कुमार के बीच भी अच्छी बॉन्डिंग बन गई थी। मेहुल कुमार ने कहा कि नाना सिर्फ एक स्टार नहीं थे, बल्कि अच्छे इंसान भी थे। उन्होंने गरीबों और किसानों की काफी मदद की। उनका नाम हमेशा याद रखा जाएगा। उदित नारायण बोले- नाना के निधन की खबर सुनकर हिल गया हूं दैनिक भास्कर के साथ बातचीत में सिंगर उदित नारायण ने नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि सुबह-सुबह यह खबर सुनकर उन्हें यकीन ही नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि 75 साल की उम्र में नाना का जाना फिल्म इंडस्ट्री और देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है। बतौर एक्टर उनका कोई जवाब नहीं था और बतौर इंसान भी उनकी शानदार पर्सनालिटी थी। उदित ने बताया कि उन्हें नाना के साथ काम करने का मौका मिला था। एक फिल्म की रिकॉर्डिंग के दौरान नाना ने खुद माइक पर गाकर बताया था कि वह गाने को किस तरह चाहते हैं। उदित ने उनके लिए एक टेक में गाना गाया, जिसके बाद नाना ने उनकी तारीफ की थी। उन्होंने (तिरंगा) में भी नाना के साथ काम की यादें साझा कीं। जूनियर NTR बोले- हर किरदार में दिखती थी ईमानदारी साउथ स्टार जूनियर NTR ने नाना को भारतीय सिनेमा के बेहतरीन कलाकारों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि नाना के हर किरदार में एक खास ईमानदारी और इंटेंसिटी नजर आती थी। उनकी परफॉर्मेंस अभिनय जैसी नहीं, बल्कि पर्दे पर जिंदगी के सामने आने जैसी लगती थी। NTR ने कहा कि भारतीय सिनेमा में नाना का योगदान पीढ़ियों तक याद किया जाएगा। नितिन गडकरी ने दोस्ती को किया याद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उनके और नाना पाटेकर के बेहद करीबी और दोस्ताना संबंध थे। उन्होंने नाना के पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर और उनकी खास डायलॉग डिलीवरी को याद किया। गडकरी ने (नाम फाउंडेशन) के जरिए किसानों और ग्रामीण परिवारों के लिए नाना के काम को भी श्रद्धांजलि में याद किया। शुभेंदु अधिकारी बोले- भारतीय सिनेमा ने खास आवाज खो दी पश्चिम बंगाल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने नाना को भारतीय सिनेमा की बेबाक और खास आवाज बताया। उन्होंने (परिंदा), (क्रांतिवीर), (प्रहार) और (अब तक छप्पन) में उनके अभिनय को याद किया। उन्होंने नाना के सामाजिक काम और ग्रामीण समुदायों के लिए किए गए प्रयासों का भी जिक्र किया। नाना का करीब पांच दशक का करियर नाना पाटेकर ने 1978 में गमन से फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने हिंदी और मराठी सिनेमा के साथ थिएटर में भी काम किया। परिंदा, क्रांतिवीर, प्रहार, अब तक छप्पन, नटसम्राट, वेलकम और हाउसफुल 5 जैसी फिल्मों में उनके किरदार यादगार रहे। उन्हें तीन नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिले थे और 2013 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
Source link







