![]()
रणबीर कपूर स्टारर फिल्म ‘रामायण’ का दूसरा ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। 2 मिनट 36 सेकेंड के इस ट्रेलर में पहले ट्रेलर के मुकाबले VFX और किरदारों के कॉस्टयूम में सुधार किया गया है। गुरुवार, 15 अक्टूबर को एक्टर यश के होम टाउन बेंगलुरु में इस ट्रेलर को लॉन्च किया गया। इस कार्यक्रम में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा समेत फिल्म से जुड़े सभी प्रमुख लोग शामिल हुए। दुनिया भर में 5 नवंबर को रिलीज होने जा रही इस फिल्म का अंतरराष्ट्रीय नाम ‘रामायण: द राइज ऑफ ए लीजेंड’ रखा गया है। देखें दूसरे ट्रेलर की झलक … टीवी स्पॉट में दिखा रावण और इंद्र का टकराव इससे पहले सोनी पिक्चर्स ने अपने आधिकारिक एक्स (X) हैंडल पर एक नया टीवी स्पॉट और प्रोमो शेयर किया। इस वीडियो में कुणाल कपूर देवराज इंद्र के रूप में अपने ऐरावत हाथी पर सवार नजर आ रहे हैं। सीन में रावण (यश) ऐरावत पर वार करके उसे जमीन पर गिरा देता है और कहता है कि ‘मेरे सामने हर सिर झुकेगा’। प्रोमो में भगवान राम (रणबीर कपूर) का संवाद सुनाई देता है, जिसमें वे कहते हैं- ‘अगर मैंने इसे नहीं रोका, तो दुनिया का विनाश हो जाएगा, यह तो बस शुरुआत है’। वीडियो में अच्छाई और बुराई के बीच युद्ध की पृष्ठभूमि भी बताई गई है। लॉंच से पहले नमित मल्होत्रा का भावुक पोस्ट फिल्म के मेकर नमित मल्होत्रा ने एक्स (X) पर एक नोट शेयर किया, जिस पर उनके साथ निर्देशक नितेश तिवारी और यश के भी दस्तखत हैं। नमित ने लिखा कि जब उन्होंने ‘रामायण’ बनाने की शुरुआत की थी, तब उनका सपना भारत की इस महान गाथा को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि सोनी पिक्चर्स के ग्लोबल कैंपेन के जरिए दुनिया भर के दर्शक पहली बार इस कहानी को इतने बड़े पैमाने पर देखेंगे। उन्होंने इसे देश के लिए गर्व का पल बताते हुए लिखा- ‘हमारी सच्चाई, हमारा इतिहास, भारत से दुनिया तक, जय श्री राम’। राष्ट्रपति भवन में स्पेशल स्क्रीनिंग की तैयारी मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राजनीतिक हस्तियों और देश के शीर्ष नेताओं के लिए ‘रामायण’ की एक विशेष स्क्रीनिंग आयोजित करने की अनुमति मांग रहे हैं। अगर अनुमति मिलती है तो यह स्क्रीनिंग 5 नवंबर को फिल्म की ग्लोबल रिलीज के आसपास आयोजित की जाएगी। रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी और फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी शामिल हो सकते हैं। रणबीर कपूर बने हैं भगवान राम, यश निभा रहे रावण का रोल फिल्म ‘रामायण’ में बॉलीवुड और साउथ सिनेमा के बड़े कलाकार एक साथ नजर आने वाले हैं। रणबीर कपूर फिल्म में भगवान राम की भूमिका में हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं। साउथ सुपरस्टार यश इस फिल्म में रावण के रोल में दिखेंगे। इसके अलावा सनी देओल हनुमान की भूमिका में हैं, जबकि रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर भी अहम भूमिकाओं में शामिल हैं। 4000 करोड़ के बजट में बन रही देश की सबसे महंगी फिल्म ‘दंगल’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म बना चुके डायरेक्टर नितेश तिवारी पिछले कई सालों से इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो भागों में बनने वाली इस फिल्म का कुल बजट 4000 करोड़ रुपए के करीब है, जो इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महंगी फिल्म बनाता है। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स (VFX) की जिम्मेदारी ऑस्कर विनिंग कंपनी DNEG संभाल रही है। फिल्म के पहले पार्ट की शूटिंग पूरी हो चुकी है। ऑस्कर विनर्स एआर रहमान और हैंस जिमर दे रहे म्यूजिक फिल्म के संगीत को लेकर भी काफी समय से चर्चा बनी हुई है। इस फिल्म में दो दिग्गज म्यूजिशियन एआर रहमान और ऑस्कर विजेता हैंस जिमर पहली बार एक साथ मिलकर बैकग्राउंड स्कोर और संगीत तैयार कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज और एक्टर यश के मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के तहत किया जा रहा है। इस ग्रैंड प्रोजेक्ट को दो भागों में बनाया जा रहा है, जिसका पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 में दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा। यह खबर भी पढ़ें… ‘रामायण’ फिल्म के मेकर पर इनकम टैक्स रेड की खबर: नमित मल्होत्रा की कंपनी प्राइम फोकस के मुंबई दफ्तरों में जांच; विदेशी लेन-देन से जुड़ा मामला फिल्म ‘रामायण’ के निर्माता नमित मल्होत्रा की कंपनी प्राइम फोकस लिमिटेड के मुंबई स्थित दफ्तरों पर आयकर विभाग की छापेमारी की खबर सामने आई थी। CNBC-TV18 की रिपोर्ट के मुताबिक, यह कार्रवाई विदेशी लेन-देन में कथित गड़बड़ियों की जांच के सिलसिले में की गई थी। इस दौरान कंपनी के शेयरों में भी करीब 8% की गिरावट दर्ज की गई थी। पूरी खबर यहां पढ़ें…
Source link







