वृंदावन में बेखौफ घूम रहे बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाया है। बुधवार रात को रमणरेती क्षेत्र में भोजन करके लौट रहे श्रद्धालु से बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोने की चेन छीनकर भाग गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरु कर दी है।
मूल रूप से लखनऊ व वर्तमान में राजस्थान के रावतभाटा, अणुतारा कालानी निवासी अभिषेक मिश्रा सेन स्थित न्यूक्लियर पावर कारपोरेशन लिमिटेड (एनपीसीआईएल) में कार्यरत हैं। वह वृंदावन घूमने आए थे। बुधवार की रात करीब साढे़ नौ बजे वे भोजन करने के बाद रमणरेती क्षेत्र स्थित होटल दादाजी धाम की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे।
दोनों ने चेहरे छिपाने के लिए सिर पर हेलमेट पहन रखा था। पीड़ित श्रद्धालु कुछ समझ पाते उससे पहले ही बदमाशों ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारा और लगभग 20 से 22 ग्राम वजनी सोने की चेन तोड़ ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से प्रेम मंदिर की ओर भाग गए। घटना के संबंध में पीड़ित श्रद्धालु अभिषेक मिश्रा ने रात को ही कोतवाली में शिकायत दी।
सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि लखनऊ के श्रद्धालु के गले से सोने की चेन छीनकर बाइक सवार बदमाश भागे हैं। प्राथमिकी दर्ज कर बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पीड़ित के बताए अनुसार घटना स्थल के आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किए जा रहे हैं।








