1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महान नायिका वीरांगना अवंतीबाई लोधी की 195वीं जयंती के अवसर पर रविवार को शोभायात्रा निकाली गई। वीरांगना अवंतीबाई लोधी शोभायात्रा समिति के तत्वावधान में दहतोरा स्थित अवंतीबाई लोधी पार्क से निकाली गई यात्रा में शौर्य, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का अनुपम संगम देखने को मिला। इस दौरान 18 स्थानों पर यात्रा का फूल बरसाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी और केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल रहे। पूरनलाल लोधी ने कहा कि अवंतीबाई लोधी का व्यक्तिगत जीवन जितना पवित्र, संघर्षशील और निष्कलंक था, उनका बलिदान भी उतना ही वीरोचित था। उनके जीवन की गाथा हर नागरिक को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देती है।
यात्रा के दौरान नई पीढ़ी को महापुरुषों के त्याग से परिचित कराने के उद्देश्य से रानी अवंतीबाई लोधी, लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर, स्वामी ब्रह्मानंद और अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी की विशेष झांकियां सजाई गईं। सैकड़ों मोटरसाइकिल और चार पहिया वाहनों के साथ विशाल जनसैलाब इस शोभायात्रा का हिस्सा बना।
शोभायात्रा दहतोरा स्थित अवंतीबाई लोधी पार्क से प्रारंभ होकर वीरांगना अवंतीबाई चौराहा, पश्चिमपुरी रोड, कारगिल चौराहा, नंबरदार और बोदला चौराहा होते हुए अमरपुरा स्थित अवंतीबाई लोधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। अमरपुरा में जिलास्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के समापन पर अतिथियों ने विजयी टीमों और खिलाड़ियों को मंच से मेडल व पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक एवं पार्षद वीरेंद्र सिंह लोधी, एडवोकेट तेजेंद्र राजपूत, केशव लोधी, लालसिंह लोधी, केपी सिंह, अनुराग राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियां, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, श्याम भदौरिया, अमित बघेल, रजत लोधी, वीनू राजपूत, नरेश लोधी आदि मौजूद रहे।







