![]()
दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके में बहुमंजिला बिल्डिंग ढहने से 6 लोगों की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। अब इस मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। हादसे के विरोध में मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षदों ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मुख्यालय सिविक सेंटर में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पार्षद निगम आयुक्त संजीव खैरवार के कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और भाजपा शासित एमसीडी तथा निगम अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान रिश्वतखोर अफसर मुर्दाबाद और दोषियों को गिरफ्तार करो जैसे नारे लगाए गए। आप पार्षदों ने आरोप लगाया कि अवैध बहुमंजिला बिल्डिंग का निर्माण एमसीडी अधिकारियों की मिलीभगत और भ्रष्टाचार के कारण संभव हुआ। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो 6 लोगों की जान बचाई जा सकती थी। बिल्डिंग मालिक गिरफ्तार, अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग दिल्ली पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ढही हुई बिल्डिंग के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि प्रदर्शनकारी पार्षदों का कहना है कि केवल बिल्डिंग मालिक पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। अवैध निर्माण की निगरानी और रोकथाम की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए। आप पार्षदों ने मांग की कि संबंधित बिल्डिंग इंस्पेक्टरों और क्षेत्रीय अधिकारियों को तत्काल निलंबित किया जाए तथा उनके खिलाफ हत्या और आपराधिक लापरवाही के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। आप पार्षद दल का कहना है, साकेत में जो हुआ वह महज हादसा नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार और लापरवाही का परिणाम है। पैसों के लालच में अवैध निर्माण को संरक्षण दिया गया। मासूम लोगों की मौत के जिम्मेदार अधिकारियों को जेल भेजे बिना हम शांत नहीं बैठेंगे।
Source link








