![]()
बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट के 10वें एडिशन में शनिवार को मुंबई के जियो वर्ल्ड गार्डन्स में शिल्पा राव की परफॉर्मेंस अचानक रोक दी गई। शिल्पा का माइक दो बार बंद किया गया। वह करीब 8:30 बजे स्टेज पर पहुंची थीं, जबकि उनका शो शाम 7:45 से 8:15 बजे तक होना था। परफॉर्मेंस के दौरान मेन स्टेज की लाइट बंद कर दी गई और उसी समय दूसरे स्टेज पर सिंगर कुटले खान का शो शुरू हो गया। शिल्पा ने कहा, “वो नहीं गाने दे रहे।” फैंस ने नाराज होकर शिल्पा-शिल्पा के नारे लगाए और आयोजकों को हूट किया। बाद में शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि इस तरह की घटना से दुख होता है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट में दो स्टेज बनाए गए थे। मेन स्टेज के बाईं ओर एक छोटा दूसरा स्टेज था। कार्यक्रम का फॉर्मेट तय था। पहले मेन स्टेज पर कलाकार परफॉर्म करता था। इसके बाद दूसरे स्टेज के आर्टिस्ट परफॉर्म करते थे। उनका शो खत्म होने पर अगला आर्टिस्ट मेन स्टेज पर आता था। हालांकि, कार्यक्रम तय समय से पीछे चल रहा था। शिल्पा राव की परफॉर्मेंस शाम 7:45 से 8:15 बजे तक होनी थी। वह करीब 8:30 बजे स्टेज पर पहुंचीं। उन्होंने फिल्म ‘अनवर’ (2007) का गाना ‘तोसे नैना लागे’ गाकर शो शुरू किया। शुरुआत में परफॉर्मेंस शानदार रही। गाना खत्म होने से पहले ही शिल्पा का माइक अचानक बंद हो गया। उन्होंने बैकस्टेज टीम को इशारा किया। इसके बाद एक क्रू मेंबर तुरंत उनके लिए दूसरा माइक लेकर पहुंचा। शिल्पा ने दर्शकों से कहा, “मुझे माइक की जरूरत नहीं है। आप लोग मेरी आवाज हैं।” इस पर दर्शकों ने जोरदार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि उनकी मां भी कार्यक्रम में मौजूद हैं और उनका जन्मदिन है। इसके बाद दर्शकों ने ‘हैप्पी बर्थडे टू यू’ गाना गाया। शिल्पा ने इसके बाद ‘तेरे हवाले’ गाया। उन्होंने ‘कलंक’ (2019) का टाइटल ट्रैक, ‘खुदा जाने’ और ‘वो अजनबी’ भी परफॉर्म किया। ‘खुदा जाने’ फिल्म ‘बचना ऐ हसीनो’ (2008) का गाना है। ‘वो अजनबी’ फिल्म ‘द ट्रेन’ (2007) का गाना है। ‘सैयारा’ (2025) के गाने ‘बर्बाद’ के लिए द रिश भी शिल्पा के साथ स्टेज पर पहुंचे। इसके बाद शिल्पा ने फिल्म ‘देवरा’ (2024) का गाना ‘छुट्टमल्ले’ गाया। कुटले खान का शो शुरू होते ही मेन स्टेज बंद ‘छुट्टमल्ले’ खत्म करने के बाद शिल्पा अगले गाने की तैयारी कर रही थीं। तभी मेन स्टेज की लाइट बंद हो गई। इसी समय शिल्पा का माइक भी बंद कर दिया गया। ठीक उसी वक्त दूसरे स्टेज की लाइट जल उठी और कुटले खान ने परफॉर्म करना शुरू कर दिया। दर्शकों को कुछ सेकंड बाद समझ आया कि क्या हुआ है। शिल्पा की परफॉर्मेंस अचानक खत्म कर दी गई थी। मेन स्टेज अंधेरे में था। फिर भी साफ दिख रहा था कि शिल्पा इस घटना से हैरान, नाराज और परेशान थीं। दर्शकों ने जोर-जोर से “शिल्पा-शिल्पा” के नारे लगाने शुरू कर दिए। वे मांग कर रहे थे कि शिल्पा को परफॉर्मेंस पूरी करने दी जाए। हंगामे के बीच शिल्पा का माइक फिर चालू किया गया। वह आगे आईं और उन पर स्पॉटलाइट डाली गई। इस दौरान कुटले खान बगल वाले स्टेज पर गाते रहे। शिल्पा ने कुटले खान से कहा, “कुटले जी, मैं एक लाइन बोलकर निकल जाऊंगी, ठीक है? आप बहुत अच्छा गा रहे हो। आप बहुत सही गा रहे हो।” ‘मैं बाय कहे बिना नहीं जा सकती’ दर्शकों के लगातार नारे लगाने के बीच शिल्पा ने कहा, “मैं सिर्फ बाय कहना चाहती थी। मैं बाय कहे बिना नहीं जा सकती। वो नहीं गाने दे रहे।” उनकी बात सुनकर दर्शकों ने जोरदार हूटिंग की। शिल्पा ने आगे कहा, “लेकिन मैं एक बात कहूंगी। आप लोगों ने मेरी परफॉर्मेंस के 15-20 मिनट शानदार बना दिए।” उन्होंने कहा, “लंबे समय बाद मैंने मुंबई में परफॉर्म किया है।” हालांकि, वह अपनी बात पूरी कर पातीं, इससे पहले उनका माइक फिर बंद कर दिया गया। उस समय दूसरे स्टेज पर कुटले खान की परफॉर्मेंस जारी थी। शिल्पा असहाय नजर आईं और कुछ नहीं कर सकीं। स्टेज से चली गईं। इंस्टाग्राम पर लिखा- हमारा किस्सा अधूरा रह गया कॉन्सर्ट के बाद शिल्पा राव ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “मुंबई, आज रात मेरे दिल का एक छोटा-सा हिस्सा टूट गया। हमसे इतनी खूबसूरत चीज इस तरह छीन ली गई, यह बहुत दुख देता है।” शिल्पा ने आगे लिखा, “लेकिन जब म्यूजिक रुक गया, तब भी आप नहीं रुके। जिस तरह आप मेरा नाम पुकारते रहे, आपकी आवाज में जो प्यार था, मैं उसे महसूस कर सकती थी।” उन्होंने लिखा, “आज रात हमारा किस्सा अधूरा रह गया। मैं वादा करती हूं, मैं वापस आऊंगी। आई लव यू, मुंबई। हमेशा और हमेशा।” इस कार्यक्रम में नीरज श्रीधर, रूप कुमार राठौड़, अनु मलिक, यूफोरिया, हरिहरन, हिमेश रेशमिया और कई अन्य कलाकारों ने भी परफॉर्म किया।
Source link







