![]()
अक्षय तृतीया तिथियों की घट-बढ़ की वजह से 19 और 20 अप्रैल, दो दिन है। इस तिथि पर सोना खरीदने की परंपरा है। अगर आप भी इस दिन सोना खरीदना चाहते हैं तो जानिए- मान्यता है कि अक्षय तृतीया पर किए गए धर्म-कर्म से अक्षय पुण्य मिलता है। ऐसा पुण्य जिसका शुभ असर कभी खत्म नहीं होता है। वैशाख शुक्ल तृतीया पर भगवान परशुराम अवतरित हुए थे। शास्त्रों में परशुराम को चिरंजीवी यानी अक्षय माना गया है। इनकी कभी मृत्यु नहीं होगी। इसलिए इस तिथि को अक्षय तृतीया और चिरंजीवी तिथि कहते हैं। इस बार तिथियों की घट-बढ़ की वजह से ये पर्व 19 और 20 अप्रैल, दो दिन है। 19 तारीख की सुबह करीब 10.45 बजे वैशाख शुक्ल तृतीया तिथि शुरू होगी और अगले दिन 20 तारीख की सुबह 7.25 बजे तक रहेगी। उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक 20 तारीख को तृतीया तिथि में सूर्योदय होगा, इसलिए इस दिन अक्षय तृतीया मनाना ज्यादा शुभ है। अक्षय तृतीया पर सोना खरीदने की परंपरा क्यों है? शास्त्रों में सोने को सबसे पवित्र और अक्षय माना गया है। इसे देवताओं की धातु कहते हैं। अक्षय तृतीया के संबंध में कहा जाता है कि इस दिन खरीदा गया सोना लंबे समय तक लाभ देता है, सोने के साथ घर में शुभता, पवित्रता आती है। महाभारत की कथा है कि इसी तिथि पर सूर्य देव ने युधिष्ठिर को अक्षय पात्र दिया था, जिसमें पका भोजन द्रौपदी के खाना खाने तक खत्म नहीं होता था। इन्हीं मान्यताओं की वजह से अक्षय तृतीया पर नए बर्तन और सोना खरीदने की परंपरा है। क्या सोना खरीदारी के लिए ये सही समय है? कमोडिटी और करेंसी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के अनुसार आने वाले दिनों में सोने में तेजी देखने को मिल सकती है। ऐसे में इसमें निवेश मुनाफा दे सकता है। हालांकि सोने में सीमित निवेश ही करना चाहिए। कुल पोर्टफोलियो का सिर्फ 10 से 15% ही सोने में निवेश करना चाहिए। अगले एक साल में कहां जा सकता है सोना? कमोडिटी एक्सपर्ट अनुज गुप्ता कहते हैं कि अगले अक्षय तृतीया तक सोना 1.70 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। सोने में निवेश के 2 सुरक्षित तरीके निवेश कैसे कर सकते हैं: रेप्युटेड ज्वेलर्स से गोल्ड के सिक्के या ज्वेलरी खरीद सकते हैं, लेकिन फिजिकल गोल्ड में स्टोरेज और असली-नकली की पहचान समस्या है। वहीं गोल्ड ETF में निवेश के लिए डीमैट अकाउंट होना चाहिए। इसमें स्टोरेज और असली-नकली पहचान की समस्या नहीं है। किसे निवेश करना चाहिए: गोल्ड में निवेश वो लोग करें जो कम रिस्क में बेहतर रिटर्न चाहते हैं। जैसे रिटायरमेंट प्लान करने वाले, नए निवेशक या ऐसे लोग जो शेयर बाजार से डरते हैं। गोल्ड ने 2021 के बाद कितना रिटर्न दिया? 2021 में सोना करीब 48,500 रुपए प्रति 10 ग्राम था। अब सोना करीब 1.55 लाख प्रति 10 ग्राम चल रहा है। यानी, 5 साल में सोने ने 200% से ज्यादा रिटर्न दिया है। इस साल अब तक सोना 15% से ज्यादा चढ़ चुका है। साल की शुरुआत में गोल्ड के दाम 1.30 लाख के करीब थे। सोने के आभूषण पहनकर प्रकट हुई थीं देवी लक्ष्मी
Source link








