भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की फेमस एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे बिग-बॉस में अपने प्रदर्शन से खूब सुर्खियां बटोर रही हैं. अब उनका अपकमिंग फिल्म ‘रोजा’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है. 4 मिनट 54 सेकंड के इस दमदार ट्रेलर में उस मां का संघर्ष दिखाया गया है, जिसे बेटी होने के बाद घर से निकाल दिया जाता है. इस फिल्म में करुण रस का भरपूर प्रयोग है, जिसकी झलक ट्रेलर में भी दिख रही है.
ट्रेलर में आम्रपाली दुबे एक मुस्लिम महिला की भूमिका निभा रही हैं. उसका पति उसे तलाक दे देता है और ससुराल वाले भी घर से निकाल देते हैं. भावुक कर देने वाले इस ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे एक मां अपने बच्चे को दूध पिलाने के लिए दर-दर भटकती है. फिल्म के एक पार्ट में धार्मिक भावनाओं और मानवता के बीच का टकराव भी दिखाया गया है.
इमोशनल करने वाला है ट्रेलर, फिल्म भी होगी दिलचस्प
आम्रपाली दुबे के किरदार का दर्द, संघर्ष और विपरीत परिस्थितियों इमोशनल करने वाली हैं. आम्रपाली जैसी और भी निसहाय महिलाओं को फिल्म की कहानी में जगह दी गई है. महिलाओं को कमजोर समझकर अपने ही लोगों के अत्याचार का सामना करना पड़ता है.
ट्रेलर से एक बात साफ हो रही है कि ‘रोजा’ सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिए बनाई गई फिल्म नहीं है. ये महिलाओं को अपने खिलाफ होने वाले अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देती है. सामाजिक संवेदनशीलता और महिला सम्मान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित ये फिल्म ट्रेलर से ही बहुत दिलचस्प नजर आ रही है.
यहां देखें ट्रेलर:
फिल्म निर्देशक ने बताया इस फिल्म का उद्देश्य
फिल्म का निर्देशन इश्तियाक़ शैख़ बंटी ने किया है, जबकि निर्माता अमित सिंह चौहान हैं. फिल्म की कहानी शकील नियाज़ी ने लिखी है. ट्रेलर रिलीज होने के साथ ही आम्रपाली दुबे के किरदार और फिल्म की कहानी को लेकर ऑडियंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है.
फिल्म के ट्रेलर को लेकर निर्देशक इश्तियाक़ शैख़ बंटी ने बताया, ‘‘रोजा’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि समाज की उन महिलाओं की पीड़ा और संघर्ष को सामने लाने की कोशिश है, जिन्हें कमजोर समझकर प्रताड़ित किया जाता है. हमारी कोशिश है कि फिल्म के माध्यम से दर्शकों तक एक संवेदनशील और प्रभावशाली संदेश पहुंचे. आम्रपाली दुबे ने रोजा के किरदार को पूरी संजीदगी के साथ निभाया है. हमें उम्मीद है कि फिल्म की कहानी दर्शकों के दिलों को छुएगी और उन्हें महिलाओं के सम्मान, अधिकार तथा सामाजिक जिम्मेदारी के बारे में सोचने के लिए प्रेरित करेगी.’
फिल्म से जुड़े कलाकारों के बारे में
भोजपुरी फिल्म ‘रोजा’ में आम्रपाली दुबे, आज़म शैख, ज्योति मिश्रा, अमित शुक्ला, अयाज़ खान, जे. नीलम, विद्या सिंह, संतोष श्रीवास्तव, अनु ओझा, उल्हास कुड़वा, स्लेशा मिश्रा, नीलम पांडेय, ससिस्टा रॉय और स्वस्तिका राय मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे.
फिल्म का संगीत ओम झा ने तैयार किया है, जबकि गीतों को नवाब आरज़ू, प्यारे लाल यादव, अमजद और मोहम्मद हसनैन ने लिखा है. फिल्म के गीतों को कल्पना पटवारी, ओम झा, आलोक कुमार, प्रियंका सिंह, जितेश शंकर, स्निग्धा सरकार और सारेगामापा विजेता अपूर्व सुजीत गौतम ने अपनी आवाज दी है.






