होम

कानपुर: डीसीपी दफ्तर के पास चेन लूट में पकड़े गए गोल्फ कैडी, 90 सीसीटीवी खंगालने के बाद पुलिस कर सकी पहचान

Spread the love


रेलबाजार थाना क्षेत्र में डीसीपी पूर्वी कार्यालय के पास स्कूटी सवार दंपती को गिराकर चेन लूटने वाले बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूटी गई चेन भी बरामद की गई है। दोनों की उम्र 19 वर्ष है। पूछताछ में दोनों खुद को गोल्फ कैडी (गोल्फ खेलने वालों के सहायक) बता रहे हैं। पुलिस ने करीब 90 सीसीटीवी कैमरे खंगालने के बाद आरोपियों की पहचान की। फिलहाल दोनों को जेल भेज दिया गया है।

मामले की खुलासा करते हुए एसीपी कैंट डा प्रियंका बाजपेई ने बताया कि शनिवार की सुबह कृष्णा नगर निवासी त्रिभुवन जैन अपनी पत्नी नीलम को स्कूटी से लेकर जनरलगंज स्थित जैन मंदिर जा रहे थे। तभी सीओडी पुल उतरते ही डीसीपी पूर्वी कार्यालय से दो सौ मीटर की दूरी पर बाइक सवार लुटेरों ने नीलम के गले में झपट्टा मारकर चेन लूट ली थी। स्कूटी से गिरने के कारण त्रिभुवन जैन और नीलम घायल भी हो गये थे। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर बदमाशों के संभावित भागने वाले रास्तों पर लगे करीब 90 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले। कैमरों की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियां और आवागमन का रास्ता चिन्हित किया। इसके बाद आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की गई।

लुटेरों की पहचान चकेरी के घाउखेड़ा निवासी योगेश उर्फ़ अंकित कश्यप और जाजमऊ के मैकूपुरवा निवासी दानिश के रूप में हुई। इसके बाद दोनों को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे गोल्फ क्लब में गोल्फ खेलने आने वाले लोगों के हेल्पर का काम करते थे। इससे कुछ ज्यादा पैसे नहीं मिल रहे थे इसलिए स्पोर्ट्स बाइक की मदद से चेन लूट को अंजाम दिया। रेल बाजार थानाध्यक्ष अमान सिंह ने बताया कि पुलिस यह भी पता लगा रही है कि दोनों बदमाश दंपती का पीछा कहां से कर रहे थे। बताया कि दानिश के खिलाफ चकेरी में वर्ष 2023 में नाबालिग का अपहरण कर दुष्कर्म, पॉक्सो समेत एससी एसटी एक्ट का मामला दर्ज है।

चेन बेचने के फिराक में थे गांजे के लती लुटेरे

पुलिस ने बताया कि दानिश और योगेश दोनों ही सिगरेट में गांजा भरकर पीते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने चकेरी के ही तीन चार सराफ से संपर्क कर चेन को डेढ़ से दो लाख रुपये में बेचने का प्रयास किया, लेकिन कोई उन्हें 70-80 हजार से ज्यादा रुपये देने को तैयार नहीं थी। दोनों की पहचान कैमरों से हो चुकी थी, बाकी काम मुखबिरों ने कर दिया। सटीक सूचना पर दोनों लुटेरों के चेन व वारदात में प्रयुक्त पलसर बाइक के साथ पकड़ लिया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *