चकेरी थानाक्षेत्र में एक युवक ने कथित तौर पर स्कूल की मार्कशीट और स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) में जन्मतिथि बदलकर खुद को बालिग दर्शाया और पासपोर्ट बनवा लिया। इसके बाद वह करीब एक साल तक दुबई में नौकरी करता रहा। सौतेली भाभी की शिकायत पर पुलिस कमिश्नर के आदेश से रेलबाजार थाने में आरोपी के खिलाफ फर्जीवाड़ा और पासपोर्ट अधिनियम समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सुजातगंज नई बस्ती निवासी शहाना बेगम के मुताबिक, उनका सौतेला देवर अरबाज आलम और सास-ससुर उनके साथ मारपीट करते थे। इस पर उन्होंने वर्ष 2023 में तीनों के खिलाफ रेलबाजार थाने में मारपीट और धमकाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि कार्रवाई से बचने के लिए अरबाज ने फर्जी मार्कशीट, टीसी और अन्य दस्तावेज बनवाए। उसने अपनी वास्तविक जन्मतिथि 22 जून 2007 के बजाय 22 जून 2002 दर्ज कराई और इसी आधार पर पासपोर्ट बनवा लिया। इसके बाद वह दुबई चला गया और करीब एक साल नौकरी की। इस दौरान वह बीमारी का हवाला देकर कोर्ट में पेशी से भी बचता रहा। फर्जीवाड़े की जानकारी होने पर शहाना ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की। थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।