गुरुग्राम में सबसे महंगे टोल पर हंगामा:  ग्रामीणों ने प्लाजा घेरा, बोले- 10KM वालों से भी पूरा टैक्स मांगा जा रहा, 31 अगस्त तक टाइम दिया – gurugram News
टिपण्णी

गुरुग्राम में सबसे महंगे टोल पर हंगामा: ग्रामीणों ने प्लाजा घेरा, बोले- 10KM वालों से भी पूरा टैक्स मांगा जा रहा, 31 अगस्त तक टाइम दिया – gurugram News

Spread the love


हरियाणा से सटे यूईआर-2 के बक्करवाला टोल प्लाजा पर हंगामा करते ग्रामीण।

हरियाणा के गुरुग्राम में जहां नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी टोल टैक्स वसूली शुरू करने की तैयारी में है, वहीं मंगलवार को अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) पर महंगे टोल को लेकर लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया।

.

कई गांवों के लोग टोल प्लाजा पर जुट गए और खूब हंगामा किया। उनका कहना था कि जो टोल दरें निर्धारित की गई है, उन्हें देना उनके बस की बात नहीं है। 10 किलाेमीटर जैसी कम दूरी के लिए भी पूरा टोल शुल्क देना पड़ रहा है। स्थानीय लोग जब आधार कार्ड दिखाकर छूट मांगते है तो मना कर दिया जाता है। कह दिया जाता है कि ये मान्य नहीं है। ग्रामीणों के साथ पहुंचे 360 गांवों के प्रधान रामकुमार ने कहा कि यह अन्याय है। टोल में स्थानीय लोगों को रियायत मिलनी ही चाहिए।

उधर, सूचना मिलते ही मुंडका विधानसभा के विधायक गजेंद्र दराल भी मौके पर पहुंचे और लोगों को किसी तरह समझाया। आश्वासन दिया गया कि 31 अगस्त तक उनकी सभी शर्तें मान ली जाएंगी। इस पर ग्रामीणों ने कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे।

बता दें कि द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) को 17 अगस्त को पीएम मोदी ने उद्घाटन किया था। UER-2 पर टोल वसूली शुरू कर दी गई, जो हरियाणा में सबसे ज्यादा है। इसी का ग्रामीण विरोध कर रहे है।

उधर, द्वारका एक्सप्रेस वे पर भी अगले महीने से टोल टैक्स वसूली की तैयारी है। गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर पर बजघेड़ा में टोल प्लाजा पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है। अब बस इंतजार है, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से मंजूरी की, जिसके लिए प्रपोजल तैयार कर लिया गया है। यह पूरी तरह मानव रहित टोल प्लाजा रहेगा।

17 अगस्त को पीएम मोदी ने द्वारका एक्सप्रेस वे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) का एक साथ उद्घाटन किया था। इस दौरान हरियाणा के सीएम नायब सैनी भी मौजूद थे।

17 अगस्त को पीएम मोदी ने द्वारका एक्सप्रेस वे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) का एक साथ उद्घाटन किया था। इस दौरान हरियाणा के सीएम नायब सैनी भी मौजूद थे।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने ये मांगें रखीं….

  • टोल शुल्क देश में सबसे ज्यादा: बक्करवाला, मुंडका, रानी खेड़ा, रसूलपुर, मदनपुर डबास, हिरण कूदना, नीलवाल, टिकरी कला, मोहम्मदपुर मजरी, घेवरा, मुबारकपुर डबास आदि गांवों के प्रदर्शनकारी टोल शुल्क को कम करने की मांग कर रहे हैं। प्रधान रामकुमार का कहना है कि वर्तमान शुल्क बहुत अधिक है और यह देश के अन्य टोल प्लाजा की तुलना में कहीं ज्यादा है। यह आम लोगों और वाहन चालकों के लिए आर्थिक बोझ बन रहा है।
  • स्थानीय लोगों को मिले टोल से छूट: मुंडका गांव के निवासियों और आसपास के क्षेत्रों के लोगों ने मांग की है कि उन्हें टोल शुल्क में छूट दी जाए, खासकर उन लोगों को जो इस मार्ग का नियमित उपयोग करते हैं। भारी भरकम टोल दर वे वहन नहीं कर सकते।
  • आधार कार्ड के आधार पर सुविधा: ग्रामीणों को आधार कार्ड के आधार पर टोल नाकों से आने-जाने की सुविधा दी जाए। इस पर विधायक ने विधायक गजेंद्र दराल ने आश्वासन दिया है कि 31 अगस्त तक क्षेत्र के ग्रामीणों को आधार कार्ड के आधार पर टोल नाकों से आने-जाने की सुविधा दी जाएगी।
  • कम दूरी के लिए उचित शुल्क लिया जाए: कुछ चालकों ने शिकायत की कि 10 किलाेमीटर जैसी कम दूरी के लिए भी पूरा टोल शुल्क देना पड़ता है। उनकी मांग है कि टोल शुल्क सड़क के उपयोग के अनुपात में निर्धारित किया जाए।
  • फैक्ट्रियों, ट्रांसपोर्टरों और ड्राइवरों के लिए भी रियायत: आसपास की फैक्ट्रियों के मालिकों, ट्रांसपोर्टरों और ड्राइवरों ने भी मांग की है कि उन्हें इस महंगे टोल से छूट दी जाए, क्योंकि यह उनके व्यवसाय और आजीविका को प्रभावित कर रहा है।

यहां जानिए अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 पर कितना टोल टैक्स….

अगले महीने से द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी टोल वसूली की तैयारी…

  • देश के पहले 8 लेन वाले हाईवे पर टोल प्लाजा तैयार : नवनिर्मित द्वारका एक्सप्रेसवे करीब 11 हजार करोड़ रुपए की लागत बना है। यह देश का पहला 8 लेन वाला हाईवे है। फिलहाल, जनता के लिए यह एक्सप्रेसवे निशुल्क चल रहा है, लेकिन अब इस पर टोल टैक्स वसूली शुरू की जाएगी। गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर पर बजघेड़ा में टोल प्लाजा पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है। अब बस इंतजार है, केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय से मंजूरी की, जिसके लिए प्रपोजल तैयार कर लिया गया है। यदि सब कुछ तय प्लानिंग के तहत चला तो यह टोल वसूली एक सितंबर या फिर एक अक्टूबर से शुरू हो सकती है।
  • प्राइवेट कार के लिए सिंगल यात्रा 105 रुपए प्रस्तावित दर : टोल दर की बात करें तो फिलहाल NHAI के प्रपोजल के हिसाब से प्राइवेट कार, वैन और जीप के लिए एक तरफ का टोल 105 रुपए और आने जाने का 155 रुपए प्रस्तावित है। वहीं, कॉमर्शियल वाहनों के लिए यह 355 रुपए से लेकर 535 रुपए तक हो सकता है। इसके अलावा सालाना पास की दर 3 हजार रुपए प्रस्तावित की गई।
  • हरियाणा का दूसरा मानव रहित टोल प्लाजा : सबसे खास बात यह है कि ये टोल मानव रहित रहेगा, यानी इस पर कोई कर्मचारी तैनात नहीं होगा। स्वचालित टोल सिस्टम होने से जहां टोल वसूली में पारदर्शिता और तेजी आएगी, वहीं बिना रुके सफर करने से समय की बचत होगी। सोनीपत के बाद यह दूसरा मानवरहित टोल होगा।
द्वारका एक्सप्रेसवे और गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर पर बजघेड़ा में बनाया गया टोल प्लाजा।

द्वारका एक्सप्रेसवे और गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर पर बजघेड़ा में बनाया गया टोल प्लाजा।

  • कुल 29 किलोमीटर लंबाई, 19 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में : द्वारका एक्सप्रेसवे को भारतमाला परियोजना के तहत विकसित किया गया है। यह देश का पहला 8-लेन एलिवेटेड अर्बन एक्सप्रेसवे है। इसकी कुल लंबाई 29 किलोमीटर है, जिसमें 18.9 किलोमीटर हरियाणा में और 10.1 किलोमीटर दिल्ली में है। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 9,000 करोड़ रुपए है। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के महिपालपुर में शिव मूर्ति से शुरू होकर गुरुग्राम के खेड़की दौला टोल प्लाजा तक जाता है, जो राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (एनएच-48) पर यातायात के दबाव को कम करने में मदद करेगा।
  • एफिल टावर और बुर्ज खलीफा से ज्यादा स्टील-सीमेंट लगा : एक्सप्रेस वे निर्माण के दौरान 1,200 पेड़ों का पुन:रोपण किया गया, ताकि पर्यावरण को नुकसान न हो। 2 लाख मीट्रिक टन स्टील और 20 लाख क्यूबिक मीटर सीमेंट का उपयोग किया गया, जो एफिल टावर और बुर्ज खलीफा की तुलना में कई गुना अधिक है।
  • दिल्ली से गुरुग्राम की दूरी 20 मिनट में : द्वारका एक्सप्रेसवे से दिल्ली और गुरुग्राम के बीच यात्रा का समय केवल 20-25 मिनट लगता है। गुरुग्राम से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) तक की यात्रा जो अभी एक घंटे तक का समय लेती है, अब मात्र 20 मिनट में पूरी हो रही है। इस एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम के 35 से अधिक सेक्टरों और 50 से ज्यादा गांवों को सीधा लाभ पहुंचता है।

————————

टोल से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…

हरियाणा के UER-2 एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली शुरू:सिंगल साइड के 235 से 2260 रुपए चुकाने होंगे; मासिक पास 50 हजार रुपए तक का

हरियाणा में बने अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) ने टोल रेट की लिस्ट जारी कर दी है। इस एक्सप्रेसवे से गुजरने पर 235 से 2260 रुपए तक का टोल चुकाना होगा। इसके अलावा मासिक पास 50 हजार तक का है। (पूरी खबर पढ़ें)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *