2 घंटे पहलेलेखक: शिवाकान्त शुक्ल
- कॉपी लिंक

इन दिनों उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी जाती है।
लेकिन बहुत से लोगों को अपने काम के लिए मजबूरन चिलचिलाती धूप में बाहर निकलना पड़ता है। हालांकि जब तापमान लगातार बढ़ रहा हो और लू की स्थिति बनी हो, तब बाहर निकलना ज्यादा खतरनाक हो जाता है।
ऐसे मौसम में डिहाइड्रेशन, दस्त, सिरदर्द, स्किन रैशेज और घमौरियां जैसी समस्याएं आम हैं। इन प्रॉब्लम्स से खुद को बचाने का सबसे बेहतर तरीका यही है कि जब भी घर से बाहर निकलें तो पूरी सावधानी और तैयारी के साथ ही निकलें।
तो चलिए, आज जरूरत की खबर में बात करेंगे कि भीषण गर्मी में घर से बाहर निकलने से पहले क्या तैयारियां करनी चाहिए। साथ ही जानेंगे कि तेज धूप में बाहर निकलते समय अपने साथ कौन-कौन सी चीजें रखनी जरूरी हैं।
एक्सपर्ट: डॉ. बॉबी दीवान, सीनियर फिजिशियन, दिल्ली
सवाल- गर्मी में घर से बाहर निकलने से पहले क्या तैयारी करनी चाहिए?
जवाब- वैसे तो गर्मी में घर से बाहर न निकलें तो ज्यादा बेहतर है। लेकिन अगर मजबूरी वश निकलना ही है तो पहले कुछ तैयारियां करना जरूरी है। सबसे पहले हल्के रंग के ढीले-ढाले और सूती कपड़ों का चुनाव करें, जो हवा को आसानी से पास होने दें और शरीर को ठंडा रखें। सीधी धूप से बचने के लिए अपने सिर और चेहरे को टोपी, स्कार्फ, गमछा या किसी अन्य कपड़े से ढंकना न भूलें।
आंखों को नुकसानदायक अल्ट्रावायलेट (UV) किरणों से बचाने के लिए सनग्लासेज पहनें। अगर लंबे समय तक धूप में रहने वाले हैं तो ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) के कुछ पाउच भी साथ रखें। निकलने से पहले हल्का और सुपाच्य भोजन करें। दिन के सबसे गर्म समय यानी दोपहर 12-3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। इसके अलावा कुछ और बातों का भी ध्यान रखें। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

आइए, अब ग्राफिक में दिए पॉइंट्स को विस्तार से समझते हैं।
सूती और ढीले-ढाले कपड़े पहनें
गर्मी में हल्के रंग के कपड़े पहनने से वे सूरज की किरणों को परावर्तित करते हैं, जिससे शरीर कम गर्म होता है। ढीले-ढाले कपड़े हवा को शरीर में आने देते हैं, जिससे ठंडक मिलती है। साथ ही फुल स्लीव्स वाले कपड़े स्किन को सीधी धूप से बचाते हैं। वहीं सूती कपड़े पसीना सोखने में मदद करते हैं।
टोपी या गमछे से सिर को ढकें
तेज धूप सीधे सिर पर पड़ने से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में टोपी या गमछा सिर को तेज धूप से बचाता है और ठंडा रखने में मदद करता है।
सनग्लासेस पहनें
सूरज की तेज किरणें आंखों के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। ऐसे में सनग्लासेस आंखों को यूवी किरणों से बचाता है और तेज रोशनी में बेहतर देखने में मदद करता है।
पानी की बोतल जरूर रखें
गर्मी में शरीर से पसीना बहुत निकलता है, जिससे डिहाइड्रेशन हो सकता है। ऐसे में अपने साथ पानी की बोतल रखने से बीच-बीच में पानी पीते रह सकते हैं और अपने शरीर को हाइड्रेटेड रख सकते हैं।
सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें
सूरज की खतरनाक यूवी किरणें सनबर्न, टैनिंग और लंबे समय में स्किन कैंसर का कारण बन सकती हैं। इसलिए घर से निकलने से पहले अपनी स्किन पर अच्छी क्वालिटी वाला सनस्क्रीन लगाएं। इससे इन नुकसानों से बच सकते हैं।
ORS, नींबू पानी या सत्तू का घोल पिएं
ये ड्रिंक्स आपके शरीर को इंस्टेंट एनर्जी देते हैं और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को पूरा करते हैं। ORS डिहाइड्रेशन से लड़ने में मदद करता है, नींबू पानी ताजगी देता है और सत्तू का घोल पेट को ठंडा रखता है।
बॉडी मिस्ट का इस्तेमाल करें
गर्मी में पसीने की वजह से बैक्टीरियल इन्फेक्शन हो सकता है। नेचुरल और हल्के फ्रेगरेंस वाले बॉडी मिस्ट का इस्तेमाल करने से ताजगी महसूस होती है। साथ ही यह पसीने की बदबू को भी कम करता है।

सवाल- गर्मी में घर से बाहर निकलने से पहले अपने साथ कौन सी चीजें रखनी चाहिए?
जवाब- अगर गर्मी के मौसम में घर से बाहर निकल रहे हैं तो अपने साथ कुछ सामान जरूर साथ रखें। इससे आप तेज धूप के प्रकोप से बच सकते हैं। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

सवाल- अगर काम से घर से बाहर हैं तो किस तरह की सावधानियां बरतनी चाहिए?
जवाब- गर्मी के मौसम में सेहत का विशेष ख्याल रखना चाहिए, खासकर अगर आप खुले एरिया में काम करते हैं। इसके लिए बीच-बीच में ब्रेक लेकर ठंडी या छायादार जगह पर जाएं। अगर संभव हो तो दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच में हैवी फिजिकल एक्टिविटी से बचें।
हल्का, सुपाच्य और पौष्टिक भोजन करें, जिसमें फल और सब्जियां शामिल हों। चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना, तेज सिरदर्द, अधिक पसीना आना या कम पसीना आना, ये सभी हीट स्ट्रोक के लक्षण हो सकते हैं। इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। इसके अलावा कुछ और भी बातों का ध्यान रखें। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

सवाल- धूप में घर लौटने पर क्या करना चाहिए?
जवाब- अगर तेज धूप में बाहर से घर लौट रहे हैं तो सबसे पहले कुछ देर आराम करें। इसके बाद ठंडे पानी से नहाएं या किसी कपड़े को ठंडे पानी में भिगोकर अपना शरीर पोछें। गर्मी से थके हुए शरीर को आराम देना बहुत जरूरी है। इसके बाद आसानी से पचने वाला और हल्का भोजन करें। तला-भुना और मसालेदार भोजन से बचें। कोई भी परेशानी महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह लें।
कुल मिलाकर भीषण गर्मी में सावधानी ही बचाव है। जब तक जरूरी न हो घर से न निकलें। अगर निकलना पड़े तो ऊपर बताई गई बातों का ध्यान रखें। इससे आप और आपका परिवार सुरक्षित रह सकता है। अपने आसपास के लोगों का भी ध्यान रखें और उन्हें भी गर्मी से बचाव के लिए जागरूक करें।
…………………..
जरूरत की ये खबर भी पढ़िए
जरूरत की खबर- गर्मी में आंखों की सुरक्षा बड़ी चुनौती: हीटवेव में आंखों का रखें खास ख्याल, हर उम्र के लिए अपनाएं ये टिप्स

इंटरनेशनल जर्नल ऑफ एनवायरनमेंटल हेल्थ एंड पब्लिक हेल्थ में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक, गर्म हवाएं आंखों की नाजुक परत यानी कॉर्निया पर सीधा असर डालती हैं। यह आई स्ट्रोक का कारण भी बन सकती हैं। ऐसे में जरूरी है कि इस मौसम में आंखों की एक्स्ट्रा केयर की जाए। पूरी खबर पढ़िए…








