जरूरत की खबर- फिटकरी के 7 फायदे:  ओरल हेल्थ को रखे दुरुस्त, डॉक्टर से जानें, ज्यादा इस्तेमाल के नुकसान, बरतें 5 सावधानियां
महिला

जरूरत की खबर- फिटकरी के 7 फायदे: ओरल हेल्थ को रखे दुरुस्त, डॉक्टर से जानें, ज्यादा इस्तेमाल के नुकसान, बरतें 5 सावधानियां

Spread the love


9 घंटे पहलेलेखक: शिवाकान्त शुक्ल

  • कॉपी लिंक

फिटकरी को किसी परिचय की जरूरत नहीं है। ये एक ऐसा कंपाउंड है, जो लगभग हर घरों में आसानी से मिल जाता है। अंग्रेजी में इसे एलम (Alum) कहते हैं। फिटकरी का इस्तेमाल मुख्य रूप से वाटर प्यूरिफिकेशन, कॉस्मेटिक्स, पर्सनल हाईजीन बेस्ड प्रोडक्ट्स और फूड प्रिजर्वेशन के लिए किया जाता है। इसके अलावा फिटकरी स्किन को हेल्दी बनाती है और हल्की चोट से होने वाली ब्लीडिंग को रोकने में मदद करती है।

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में पब्लिश एक स्टडी के मुताबिक, फिटकरी में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-ऑक्सिडेंट गुण होते हैं, जो घावों को ठीक करने में मदद करते हैं। हालांकि फिटकरी का इस्तेमाल सिर्फ शरीर के बाहरी हिस्सों पर ही किया जा सकता है।

इसी लाइब्रेरी की एक अन्य स्टडी बताती है कि फिटकरी से माउथवॉश करना फायदेमंद है। इसमें मौजूद एंटीमाइक्रोबियल गुण डेंटल प्लाक को रोकते हैं। डेंटल प्लाक दांतों पर मौजूद बैक्टीरिया की एक चिपचिपी परत होती है। हालांकि इस पर अभी और स्टडी की जरूरत है।

चलिए, आज जरूरत की खबर में बात फिटकरी के फायदों की। साथ ही जानेंगे कि-

  • क्या फिटकरी के इस्तेमाल के कोई साइड इफेक्ट्स भी हैं?
  • फिटकरी के इस्तेमाल करने के दौरान क्या सावधानियां बरतनी चाहिए?

एक्सपर्ट- डॉ. यशवंत राव विक्रम, आयुर्वेदाचार्य

सवाल- फिटकरी क्या है? जवाब- फिटकरी एक प्राकृतिक खनिज है, जो आसानी से पानी में घुल जाती है। ये भारत के कई हिस्सों में पाई जाती है। इनमें उड़ीसा, बिहार, पंजाब, गुजरात और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। फिटकरी सफेद या हल्के पारदर्शी रंग की होती है। इसका स्वाद कसैला और खट्‌टा होता है।

सवाल- फिटकरी सेहत के लिए कैसे फायदेमंद है? जवाब- फिटकरी चाहे क्रिस्टल के रूप में हो या पाउडर के रूप में, ये कई गुणों से भरपूर होती है। इसमें एंटीपर्सपिरेंट गुण होते हैं, जो पसीने को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। फिटकरी का इस्तेमाल मंजन में भी किया जाता है क्योंकि यह दांतों को मजबूत बनाने, सांस की बदबू को दूर करने और मसूड़ों की सूजन को कम करने में मदद करती है। यह एक नेचुरल एंटीसेप्टिक के रूप में काम करती है।

नीचे दिए ग्राफिक से फिटकरी के फायदों के बारे में जानिए-

सवाल- क्या फिटकरी के इस्तेमाल के कोई साइड इफेक्ट्स भी हैं? जवाब- जहां फिटकरी के इस्तेमाल के कई फायदे हैं। वहीं इसके कुछ संभावित साइड इफेक्ट्स भी हैं। जैसेकि-

  • सेंसिटिव स्किन वाले लोगों को जलन और खुजली हो सकती है।
  • फिटकरी का पाउडर आंखों में जाने पर जलन हो सकती है।
  • फिटकरी की गंध से सांस से जुडी समस्याएं हो सकती हैं।
  • फिटकरी निगलने से मतली, उल्टी और अन्य पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।

सवाल- फिटकरी के इस्तेमाल के दौरान किस तरह की सावधानियां बरतनी चाहिए? जवाब- फिटकरी के सुरक्षित और प्रभावी इस्तेमाल के लिए कुछ सावधानियां बरतनी जरूरी हैं। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए-

सवाल- क्या फिटकरी का इस्तेमाल रोजाना कर सकते हैं? जवाब- आयुर्वेदाचार्य डॉ. यशवंत राव विक्रम बताते हैं कि फिटकरी के रोजाना इस्तेमाल से बचना चाहिए। स्किन पर इसका इस्तेमाल सप्ताह में एक या दो बार ही करना बेहतर है।

सवाल- क्या फिटकरी स्किन के लिए सुरक्षित है? जवाब- हां बिल्कुल, फिटकरी स्किन के लिए सुरक्षित है। ये स्किन में टाइटनेस लाती है और मुंहासों व दाग धब्बों को कम करती है। हालांकि इसके अधिक इस्तेमाल से चेहरे पर ड्राईनेस और जलन हो सकती है।

सवाल- चेहरे पर फिटकरी का इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है? जवाब- चेहरे पर फिटकरी का इस्तेमाल कई तरीकों से किया जा सकता है। जैसेकि-

  • फिटकरी के पाउडर को पानी या गुलाब जल में मिलाकर चेहरे पर लगा सकते हैं।
  • फिटकरी और मुल्तानी मिट्टी का पेस्ट बनाकर चेहरे पर लगा सकते हैं।
  • फिटकरी, दही और शहद का पेस्ट बनाकर चेहरे पर लगा सकते हैं।
  • फिटकरी के टुकड़े को रातभर पानी में रखकर सुबह चेहरे पर लगा सकते हैं।
  • शेविंग के बाद फिटकरी के टुकड़े को गीला करके चेहरे पर लगा सकते हैं।

ध्यान रखें कि चेहरे पर फिटकरी के इस्तेमाल के बाद मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं। इससे स्किन सॉफ्ट होती है।

सवाल- क्या शेविंग के बाद फिटकरी लगाना सही है? जवाब- डॉ. यशवंत राव विक्रम बताते हैं कि हां बिल्कुल, शेविंग के बाद फिटकरी लगाना सही है क्योंकि इसमें एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो इन्फेक्शन से बचाते हैं। शेविंग के दौरान कट लग जाने पर फिटकरी रगड़ने से ब्लीडिंग रुक जाती है। इसके अलावा ये चेहरे को भी सॉफ्ट बनाती है।

सवाल- क्या फिटकरी दांतों के दर्द के लिए फायदेमंद है? जवाब- अपने एंटीबैक्टीरियल गुणों के कारण फिटकरी ओरल हेल्थ के लिए फायदेमंद है। इसे पानी में उबालकर कुल्ला करने से दांतों के दर्द से राहत मिलती है और कैविटी से छुटकारा मिलता है। साथ ही पायरिया का भी खतरा कम होता है।

सवाल- क्या फिटकरी जोड़ों के दर्द और सूजन को कम करने में कारगर है? जवाब- फिटकरी में मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण जोड़ों के दर्द को कम करने में मददगार है। इसके अलावा यह सूजन को भी कम करती है। इसके लिए दर्द या सूजन वाले हिस्से पर फिटकरी के पानी से सिकाई करनी चाहिए।

सवाल- क्या फिटकरी ऑपरेशन के बाद के घावों को ठीक करती है? जवाब- सर्जरी के बाद के घावों को ठीक करने के लिए फिटकरी का पानी मददगार हो सकता है। लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह के ऐसे घावों पर फिटकरी का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

…………………

जरूरत की ये खबर भी पढ़िए

जरूरत की खबर- फ्रोजन फूड सेहत के लिए कितना सही: न्यूट्रिशनिस्ट से जानिए, इसका सुरक्षित इस्तेमाल

तेजी से भागती-दौड़ती इस दुनिया में लोग पैकेज्ड, प्रोसेस्ड और फ्रोजन फूड्स जैसे रेडी-टू-ईट मील्स को खूब पसंद करते हैं। ये खाने-पीने की चीजें उन लोगों के लिए बेहद सुविधाजनक हैं, जिनकी लाइफस्टाइल काफी बिजी है। पूरी खबर पढ़िए…

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *