झारखंड में कोरोना को लेकर सरकार अलर्ट, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी बोले- हम पूरी तरह से तैयार
करोना वायरस

झारखंड में कोरोना को लेकर सरकार अलर्ट, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी बोले- हम पूरी तरह से तैयार

Spread the love


Jharkhand Coronavirus News: झारखंड में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है. वहीं अब सरकार का दावा है कि कोरोना संक्रमण को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह से अलर्ट है. सोमवार (26 मई) को झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रांची के सदर अस्पताल में कोविड संक्रमण की आशंका को लेकर आपातकालीन बैठक बुलाई. साथ ही कहा कि हम कोविड से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं.

बैठक में सभी जिलों के स्वास्थ्य पदाधिकारियों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ गहन मंथन किया गया. देश में कोविड-19 के मामलों में फिर से वृद्धि और नए वेरिएंट्स NB.1.8.1 एवं LF.7 की पहचान के मद्देनजर यह बैठक बुलाई गई.

नियंत्रण में हालात
बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा, “स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है. मैं स्वयं स्थिति की सतत निगरानी कर रहा हूं. स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर डाल दिया गया है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. हम पूरी तरह से तैयार हैं.”

‘एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन पर होगी जांच’
बेंगलुरु में कोविड से एक वरिष्ठ नागरिक की मृत्यु की पुष्टि होते ही डॉ. अंसारी ने झारखंड में त्वरित कार्रवाई करते हुए सिविल सर्जनों को निर्देश दिए कि सभी एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर कोविड जांच केंद्र तुरंत स्थापित किए जाएं. पॉजिटिव पाए जाने पर तत्काल अस्पताल में भर्ती कर समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए.

डॉ. अंसारी ने जानकारी दी कि झारखंड के रांची में भी एक कोविड मामला सामने आया है, जिसमें मरीज की उम्र अधिक है और पहले से स्वास्थ्य समस्याएं मौजूद हैं. उन्होंने कहा, “यह संक्रमण विशेष रूप से उम्रदराज और सांस संबंधी दिक्कतों से जूझ रहे लोगों को प्रभावित कर रहा है, इसलिए सावधानी आवश्यक है.”

बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट होंगे चालू
राज्य के सभी सिविल सर्जनों को सतर्क और तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं. मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य के बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट्स को तत्काल चालू किया जाएगा ताकि भविष्य में किसी प्रकार की आपात स्थिति का सामना न करना पड़े.

डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द
स्वास्थ्य मंत्री की सख्ती के चलते डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और सभी स्वास्थ्यकर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है. साथ ही उन्होंने नर्सिंग स्टाफ को उनके सेवा भाव के लिए विशेष धन्यवाद दिया और आश्वासन दिया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टरों और नर्सों को सरकार सम्मानित करेगी.

स्वास्थ्य मंत्री ने की अपील 
वहीं स्वास्थ्य मंत्री ने अपील करते हुए कहा, “एक डॉक्टर होने के नाते मेरी आप सभी से अपील है कि सतर्क रहें, मास्क पहनें, भीड़-भाड़ से बचें, विटामिन्स और पौष्टिक आहार लें ताकि आपकी इम्युनिटी मजबूत रहे. हम सबकी जिम्मेदारी है कि हम खुद भी सुरक्षित रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रखें.”

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र सरकार की नई गाइडलाइंस का इंतजार कर रही है, और जैसे ही निर्देश मिलेंगे, त्वरित कदम उठाए जाएंगे. हालांकि फिलहाल कोई औपचारिक एडवाइजरी जारी नहीं की गई है, लेकिन नागरिकों को सजग रहने और अफवाहों से दूर रहने की सख्त सलाह दी गई है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *