टिपण्णी

डॉ. राम चरण का कॉलम: अगर आप लीडरशिप में नए हैं तो इन 5 बिंदुओं पर गौर करें

Spread the love




एक सीईओ की भूमिका संभालना आपके कॅरिअर का निर्णायक बदलाव हो सकता है। यह महज आपके पद में बदलाव ही नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी होती है। इसके शुरुआती दिनों का आपका प्रदर्शन आपके नेतृत्व की दिशा तय करता है और कंपनी के भविष्य को भी आकार देता है। मेरे विचार में, हर नए सीईओ को इन 5 कदमों पर ध्यान देना चाहिए। 1. गहराई से जुड़ें और लगातार सीखते रहें : आपका सबसे पहला काम कंपनी के पूरे इकोसिस्टम को गहराई से समझने का होना चाहिए। अपने ग्राहकों, कर्मचारियों और शेयरधारकों से विस्तार से बात करें। इससे आपको पता चलेगा कि क्या अच्छी तरह काम कर रहा है और कहां पर कमियां हैं। यही जानकारियां आपके रणनीतिक निर्णयों का आधार बनेंगी। एक सफल सीईओ के जीवन में सीखने की प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती। 2. अपनी टीम का मूल्यांकन करें और उसे सही भूमिका में रखें : सही लोगों को सही भूमिकाओं में रखने से कंपनी की प्रभावशीलता में उल्लेखनीय वृद्धि हो सकती है। उनकी क्षमताओं का मूल्यांकन करें और यह भी देखें कि क्या हर व्यक्ति कंपनी के विजन के अनुरूप काम कर रहा है। जरूरत पड़ने पर बदलाव करने से न हिचकें। समय पर किए उचित बदलाव आपको शुरुआत में ही गति और बढ़त दिला सकते हैं। 3. लंबित निर्णयों का निपटारा करें : उन महत्वपूर्ण निर्णयों की पहचान करें, जिन्हें अब तक टाला जाता रहा है। निर्णायक ढंग से उन पर कार्रवाई करें। लंबित निर्णयों का ढेर अड़चनें पैदा करता है और कामकाज की गति को धीमी कर देता है। इनका निपटारा एक मजबूत संदेश देता है। इससे आपकी तत्परता और कार्यकुशलता के प्रति प्रतिबद्धता भी जाहिर होती है और आपकी टीम के सामने भी एक उदाहरण प्रस्तुत होता है। 4. स्पष्ट विजन विकसित करें और उसे प्रभावी ढंग से अपने साथियों तक पहुंचाएं : अपनी लीडरशिप टीम के साथ मिलकर ऐसा विजन विकसित करें, जो स्पष्ट हो और जिस पर अमल किया जा सके। यही दृष्टि कंपनी की रणनीतिक दिशा तय करेगी और भविष्य की हर पहल के लिए एक मार्गदर्शक कसौटी का काम करेगी। इसके बाद, इस दृष्टि को पूरे संगठन में प्रभावी ढंग से सम्प्रेषित करें, ताकि सभी प्रयास उससे प्रेरित हों और एक ही दिशा में आगे बढ़ें। 5. फाइनेंस और ऑपरेशंस पर मजबूत पकड़ बनाएं : कंपनी की वित्तीय सेहत और उसके कामकाज के तरीकों को अच्छी तरह से समझना जरूरी है। राजस्व के स्रोतों, लागत केंद्रों और लाभ के मार्जिन जैसे पहलुओं की गहराई से पड़ताल करें। यह जानकारी सोच-समझकर निर्णय लेने में आपकी मदद करेगी। साथ ही, इससे आप भविष्य का अनुमान लगाने और रणनीतिक योजना बनाने में भी सक्षम होंगे। शुरुआती दिनों में उठाए जाने वाले तीन और कदम महत्वपूर्ण हैं। पहला, ग्राहकों और बाजार की गहरी समझ जल्द से जल्द विकसित करें। इससे आपको ग्राहकों की जरूरतों का पहले से अनुमान लगाने और कंपनी को इनोवेशन तथा विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। दूसरा, अपने प्रतिस्पर्धियों का बारीकी से आकलन करें। उनकी ताकत और कमजोरियों की जानकारी आपको रणनीतिक बढ़त दिलाएगी और कंपनी को बाजार में सही जगह स्थापित करने में मदद करेगी।
तीसरा, कंपनी के लिए मूल्य और सफलता रचने वाले बिंदुओं पर अपना विशेष ध्यान केंद्रित करें। कारोबार का विस्तार करने और दीर्घकालिक लक्ष्यों तक पहुंचने में इनकी निर्णायक भूमिका होती है। विवेकपूर्ण और प्रभावी नेतृत्व प्रदान करें। एक सीईओ का सफर निरंतर बदलता रहता है और अनेक चुनौतियों से भरा होता है। इसमें हर दिन आपके लिए नई चुनौतियां और नए अवसर लेकर आता है। यदि आप इन बुनियादी कदमों पर ध्यान केंद्रित करते हैं, तो आप अधिक प्रभावशाली ढंग से और ईमानदारी के साथ नेतृत्व करने के लिए बेहतर रूप से तैयार होंगे। आप आज जो कदम उठाते हैं, वे ही भविष्य की उपलब्धियों का मार्ग प्रशस्त करेंगे। अपनी इस नई भूमिका को उत्साह और जिम्मेदारी के साथ स्वीकार करें! अपने ग्राहकों, कर्मचारियों और शेयरधारकों से विस्तार से बात करें। इससे आपको पता चलेगा कि क्या अच्छी तरह काम कर रहा है और कहां पर कमियां हैं। एक सफल सीईओ के जीवन में सीखने की प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती।
(ये लेखक के अपने विचार हैं)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *