![]()
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर वहां की भाजपा सरकार ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को घेरा है। दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने पराली जलाने की तस्वीरें और एफआईआर दर्ज करने से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर कर पंजाब सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। सिरसा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में पुलिस की मौजूदगी के बावजूद खेतों में पराली जलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार में हर मामले में गठजोड़ काम कर रहा है। पराली जलाने के मामलों में बिना नाम के दर्ज की जा रही एफआईआर को भी उन्होंने इसका सबूत बताया। सिरसा ने आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति से ऊपर जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने नैतिक जिम्मेदारी निभाने और दिल्ली को प्रदूषण से बचाने के लिए कदम उठाने की अपील की। पंजाब को बदनाम किया जा रहा: खुड्डियां वहीं, पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं, वैसा कोई काम उनके अधिकारी नहीं करते। अधिकारी खेतों में जाकर किसानों को पराली न जलाने के लिए समझा रहे हैं। पंजाब को बेवजह बदनाम किया जा रहा है। खुड्डियां ने बताया कि राज्य में पराली प्रबंधन को लेकर 4 हजार से अधिक जागरूकता कैंप लगाए गए हैं। स्कूलों में भी बच्चों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदूषण पंजाब में पैदा होता तो सबसे पहले यहां के लोग प्रभावित होते। हमें भी अपने बच्चे और परिवार प्यारे हैं। सरकार नहीं, लेकिन लोग तो अपने है कृषि मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार की ओर से किसानों को पराली प्रबंधन के लिए 1 लाख 62 हजार मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। करीब 40 प्रतिशत पराली का इस्तेमाल उद्योगों और पशुओं के चारे के लिए किया जा रहा है। जब उनसे पूछा गया कि दिल्ली में अब आम आदमी पार्टी की सरकार नहीं है, ऐसे में भाजपा सरकार की ओर से पंजाब पर आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि भले ही दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार नहीं है, लेकिन वहां रहने वाले लोग तो अपने ही हैं।
Source link







