![]()
नई दिल्ली। राजधानी में अवैध डेयरी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने केशवपुरम जोन में विशेष अभियान चलाया। पशु चिकित्सा सेवा विभाग की टीम ने शालीमार बाग के समीप हैदरपुर नहर क्षेत्र और शकूरपुर के-ब्लॉक के पास एनएसपी इलाके में कार्रवाई करते हुए अवैध पशुपालन और डेयरी संचालन के मामलों का खुलासा किया। अभियान के दौरान एक व्यक्ति को निगम की अनुमति के बिना डेयरी गतिविधियां संचालित करते पाया गया। जांच में सामने आया कि क्षेत्र में अनधिकृत रूप से पशुओं का रखरखाव किया जा रहा था, जिससे आसपास की स्वच्छता और जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका थी। अवैध डेयरियों के खिलाफ चलाए जा रहे नियमित अभियान कार्रवाई के दौरान अवैध डेयरी संचालन में इस्तेमाल हो रही दो बाइक, दूध परिवहन में प्रयुक्त कई ड्रम और अन्य सामग्री जब्त की गई। संयुक्त अभियान में कब्जे में लिए गए कुल 11 पशुओं (6 बछड़े और 5 गोवंश) शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई अवैध डेयरियों के खिलाफ चलाए जा रहे नियमित अभियान का हिस्सा है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। एमसीडी, पशु चिकित्सा सेवा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, शहरी क्षेत्रों में अवैध डेयरी संचालन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनस्वास्थ्य, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link








