इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में पंजाब किंग्स (PBKS) को बड़ा झटका लगा है। पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बुधवार (30 अप्रैल) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मैच के दौरान टॉस के समय बताया कि ग्लेन मैक्सवेल की उंगली में फ्रैक्चर हो गया है। मैच से पहले मैक्सवेल के पंजाब और ऑस्ट्रेलिया टीम के साथी मार्कस स्टोइनिस ने भी जानकारी दी कि 26 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बारिश से प्रभावित मुकाबले से पहले ट्रेनिंग के दौरान मैक्सवेल की उंगली में फ्रैक्चर हो गया था। उन्होंने कहा कि वह “टूर्नामेंट से बाहर” हो सकते हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मैच में ग्लेन मैक्सवेल की अनुपस्थिति में पंजाब किंग्स ने सूर्यांशु शेडगे को मौका दिया और पहले गेंदबाजी करने का विकल्प चुनने के बाद अपनी प्लेइंग 1 में केवल तीन विदेशी खिलाड़ियों को शामिल किया। अय्यर ने टॉस के दौरान कहा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि उसकी उंगली में फ्रैक्चर हो गया है। ईमानदारी से कहूं तो, हमने अभी तक रिप्लेसमेंट के बारे में फैसला नहीं किया है, लेकिन हम अपनी टीम की मानसिकता और हमारे प्लेइंग इलेवन के बाहर जो कुछ भी है, उसमें काफी मजबूत हैं। हमारे पास काफी खिलाड़ी हैं, जो आपको मैच जिता सकते हैं। इसलिए हम जितना संभव हो सके, उस पर टिके रहेंगे।”









