भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार और बीजेपी नेता पवन सिंह पिछले काफी समय से वाइफ ज्योति सिंह के साथ तलाक को लेकर चर्चा में हैं. दोनों के तलाक का केस बलिया कोर्ट में चल रहा है. ऐसे में अब पवन सिंह को लेकर जानकारी सामने आ रही है कि तलाक की सुनवाई के दौरान कोर्ट की ओर से पवन पर 3000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है.
दरअसल, पवन सिंह तलाक के केस की सुनवाई के दौरान हाजिर नहीं हो रहे है. इसकी वजह से कोर्ट ने उन पर 3000 रुपये का फाइन लगाया है. उनके के अधिवक्ता ने यह जानकारी दी है.
कोर्ट क्यों नहीं पहुंचे पवन सिंह?
पवन सिंह के अधिवक्ता हरिवंश सिंह ने शनिवार को पीटीआई को बताया कि कुटुंब न्यायालय के अपर प्रधान न्यायाधीश कमला पति प्रजापति के अदालत में उनकी पत्नी ज्योति सिंह द्वारा अंतरिम भरण पोषण के लिए दाखिल वाद पर शनिवार को सुनवाई निर्धारित थी. अधिवक्ता ने बताया कि पवन सिंह अपनी मां प्रतिमा देवी की तबीयत खराब होने के कारण न्यायालय में शनिवार को निर्धारित सुनवाई पर उपस्थित नहीं हो सके.
यह भी पढ़ें: ‘जेलर 2’ के बीच ‘दृश्यम 3’ ने तोड़ा ‘हनुमान अंश’ का रिकॉर्ड, बनी 2026 की 3rd हाईएस्ट ग्रॉसर
उन्होंने बताया कि अदालत ने पवन सिंह पर तीन हजार रुपये का हर्जाना लगाते हुए अगली सुनवाई की तिथि 12 नवंबर को निर्धारित की है. आपको बता दें कि पवन सिंह और ज्योति सिंह के तलाक का केस चार साल से कोर्ट में चल रहा है. 22 अप्रैल, 2022 में बलिया के फैमिली कोर्ट में ज्योति ने भरण-पोषण के लिए याचिका दायर की थी. कपल ने 6 मार्च, 2018 में शादी की थी.
पवन सिंह पर वाइफ ज्योति ने लगाए थे इल्जाम
गौरतलब है कि पवन सिंह और ज्योति सिंह को बिहार चुनाव में विवादों के बीच साथ में देखा गया था लेकिन बाद वो फिर से अलग हो गए थे. ऐसे में 2025 में वो लखनऊ पवन सिंह के घर भी पहुंची थीं. इस दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस उन्हें घर से बाहर निकालने के लिए भी आई थी. ज्योति ने आरोप लगाया था कि उनके पति ने उनके खिलाफ पुलिस में एफआईआर की है. लखनऊ में काफी बड़ा हंगामा हुआ था.
वहीं, ज्योति सिंह ने पति पवन पर आरोप लगाए थे कि वो उनके सामने चुनाव प्रचार के दौरान लड़की को होटल लेकर गए थे, जिसकी वजह से वो वहां से चली गई थीं. हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, ज्योति का कहना था, ‘ये समात की सेवा करेंगे? ये पवन जी सेवा करेंगे जो अपनी पत्नी को निकालने के लिए पुलिस बुला रहे हैं? चुनाव के दौरान अपनी पत्नी का इस्तेमाल किया और फिर दूसरी लड़कियों को लेकर होटल गए और अब ये पवन सिंह इंसाफ करेंगे?’






