बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र के सूदनपुर गांव में शुक्रवार सुबह बिजली के करंट की चपेट में आने से छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब सात बजे गांव से लगभग सौ मीटर दूर ट्रांसफार्मर में खराबी आई। इससे हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। इसके चलते गांव सूदनपुर के एक मोहल्ले में 11 हजार वोल्टेज का करंट फैल गया। कक्षा दस का छात्र सुभाष (16) अपने घर का लोहे का मुख्य दरवाजा खोलते ही करंट की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसे बचाने दौड़ी मां सुनीता भी गंभीर रूप से झुलस गईं। उनकी हालत चिंताजनक है।
यह भी पढ़ें- बरेली में बड़ा हादसा: हाईटेंशन लाइन टूटने से गांव में फैला करंट, छात्र समेत दो की मौत, महिला की हालत नाजुक
पड़ोस के कुंवरपाल (24) भी जमीन पर पैर रखते ही करंट की चपेट में आ गए। उन्हें अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया। एक ई-रिक्शा में भी आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही आंवला के क्षेत्राधिकारी (सीओ) नितिन कुमार और थाना प्रभारी जगत सिंह ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे। बिजली निगम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश सहित अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया।