- Hindi News
- National
- Congress INDIA Alliance Meeting 2025 Update; Rahul Gandhi Kharge | TMC AAP RJD
नई दिल्ली25 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

ऑनलाइन मीटिंग के बाद I.N.D.I.A. ब्लॉक पार्टियों के नेता जल्द ही आमने-सामने बैठक करेंगे।
संसद का मानसून सत्र शुरू होने से पहले शनिवार को I.N.D.I.A. ब्लॉक की पार्टियों ने ऑनलाइन मीटिंग की। कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके, राजद, सपा, एनसीपी-एसपी, शिवसेना (यूबीटी), झामुमो, माकपा, भाकपा, भाकपा-माले, फॉरवर्ड ब्लॉक, आईयूएमएल और केरल कांग्रेस समेत 24 पार्टियों ने इसमें हिस्सा लिया।
इस दौरान विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने तय किया कि संसद में वे एकजुट रहेंगे और सरकार से तीखे सवाल पूछेंगे। विपक्ष ने तय किया है कि संसद में पहलगाम हमला, ट्रम्प के सीजफायर के दावे, बिहार सर, परिसीमन समेत 8 बड़े मुद्दे उठाएगा।
कांग्रेस ने संसद में जम्मू-कश्मीर को फिर से राज्य बनाने, महिलाओं पर अत्याचार, बेरोजगारी, किसानों की परेशानी, देश की सुरक्षा और अहमदाबाद एयर प्लेन क्रैश जैसे मुद्दे भी रखने की बात कही है।
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि इस बात पर चिंता जताई कि पहलगाम हमले के आतंकी अभी तक पकड़े क्यों नहीं गए। PM मोदी को विपक्ष के मुद्दों का जवाब देना चाहिए, उन्हें संसद में मौजूद रहना होगा।

I.N.D.I.A. गठबंधन की ये तस्वीर 1 सितंबर 2023 को मुंबई में हुई पहली बैठक की है।
क्यों नहीं आए तृणमूल और AAP तृणमूल कांग्रेस 21 जुलाई को ‘शहीद दिवस’ मना रही है, इसलिए उसके नेता कोलकाता में बिजी थे। वहीं, AAP गुजरात और दूसरे राज्यों में अपने विस्तार अभियान में जुटी है। AAP ने कांग्रेस से कई राज्यों में सीधी लड़ाई का रास्ता चुना है और पार्टी का कहना है कि I.N.D.I.A. गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव तक सीमित था। हालांकि, विपक्षी नेताओं का कहना है कि संसद में विपक्ष एकजुट रहेगा, भले ही कुछ दल बैठक में न आएं।
I.N.D.I.A ब्लॉक पर उमर, ममता और तेजस्वी के बयान
- ब्लॉक को बंद कर देना चाहिए: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इसी साल जनवरी में इंडिया अलायंस खत्म करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था, ‘लोकसभा चुनाव के बाद इसकी कोई बैठक नहीं हुई है। यह गठबंधन लोकसभा चुनाव तक ही था तो इसे खत्म कर देना चाहिए। इसके पास न कोई एजेंडा है और न ही कोई लीडरशिप।’
- मौका मिला तो मैं लीड करूंगी: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हरियाणा-महाराष्ट्र और उपचुनावों में INDIA ब्लॉक के खराब प्रदर्शन को लेकर 7 दिसंबर 2024 को नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था, ‘मैंने INDIA गठबंधन बनाया। इसका नेतृत्व करने वाले इसे ठीक से नहीं चला सकते, तो मुझे मौका दें। मैं बंगाल से ही गठबंधन का नेतृत्व करने के लिए तैयार हूं।’ ममता बनर्जी के बयान का शिवसेना (UBT), सपा ने समर्थन किया था। इस पर भाजपा ने कमेंट किया था, ‘विपक्ष के नेताओं को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व पर भरोसा नहीं है। वे अब भी राहुल को राजनीति का कच्चा खिलाड़ी समझते हैं।’
- INDIA गठबंधन सिर्फ लोकसभा चुनाव तक था: तेजस्वी यादव ने भी जनवरी 2025 में इंडिया गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि ‘इंडिया गठबंधन सिर्फ 2024 के लोकसभा चुनाव तक के लिए बना था।’ तेजस्वी यादव ने कहा था, ‘यह अस्वाभाविक नहीं है कि कांग्रेस और आप जैसे दलों में मतभेद हों। गठबंधन का मुख्य उद्देश्य लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना था, और यह गठबंधन उसी लक्ष्य तक सीमित था।’

तेजस्वी यादव कार्यकर्ता संवाद यात्रा पर बक्सर में इंडिया गठबंधन को लेकर बात की थी।
I.N.D.I.A. ब्लॉक की 6 मीटिंग, पहली नीतीश, आखिरी कांग्रेस ने बुलाई I.N.D.I.A ब्लॉक बनने के बाद इसकी 6 बैठकें हुई हैं। पहली बैठक 23 जून 2023 को पटना में हुई थी। इसे नीतीश कुमार ने बुलाया था। बाद में नीतीश I.N.D.I.A ब्लॉक छोड़कर NDA में शामिल हो गए थे। आखिरी बैठक 1 जून 2024 को हुई थी।
यह आखिरी बैठक ढाई घंटे से ज्यादा चली। खड़गे ने मीटिंग के बारे में बताया था, I.N.D.I.A. ब्लॉक की 295 और उससे ज्यादा सीटें आएंगी। इससे कम तो नहीं आएंगी, ये हमने आकलन किया है। हमारे सभी नेताओं से पूछने के बाद यह आंकड़ा मिला है और इस आंकड़े में कोई बदलाव नहीं है।

I.N.D.I.A की बैठक ढाई घंटे चली।
पांचवीं बैठक: सीट शेयरिंग पर पेंच फंसा, ममता-अखिलेश कांग्रेस को ज्यादा सीटें देने को तैयार नहीं

ये मीटिंग 13 जनवरी 2024 को वर्चुअली हुई थी। इसमें 28 दलों के 9 नेता जुड़े थे। चेयरपर्सन के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम पर सहमति बनी, लेकिन संयोजक के नाम पर फैसला नहीं हो सका। मीटिंग के बाद NCP प्रमुख शरद पवार ने कहा, ‘हमारे बीच चर्चा हुई कि हम जल्द सीट शेयरिंग पर फैसला लेंगे।’ तब JDU भी I.N.D.I. में शामिल था। JDU ने भी सीट शेयरिंग में हो रही देरी से नाराजगी जताई थी। इस बैठक में सीटों को लेकर सहमति नहीं बन पाई थी।
चौथी बैठक: ममता ने PM फेस के लिए खड़गे का नाम दिया

बैठक में राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान, ममता बनर्जी, महबूबा मुफ्ती समेत कई नेता शामिल हुए।
I.N.D.I.A की चौथी बैठक 19 दिसंबर 2023 को दिल्ली के अशोका होटल में हुई थी। इसमें पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने PM चेहरे के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे के नाम का सुझाव रखा। अरविंद केजरीवाल ने इसका समर्थन किया। यह जानकारी बैठक के बाद MDMK (मरूमलारची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) के सांसद वाइको ने दी। हालांकि PM फेस के सवाल पर UP के पूर्व CM अखिलेश यादव ने चुप्पी साध ली।
तीसरी बैठक: 5 कमेटियां बनीं, चुनाव की रणनीति बनाई गई

मुंबई में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक हुई मीटिंग में अलायंस ने 5 कमेटियों का गठन किया था।
I.N.D.I.A अलायंस की तीसरी बैठक मुंबई में 31 अगस्त-1 सितंबर 2023 को हुई थी। मीटिंग में अलायंस ने 5 कमेटियों का गठन किया था। इनमें कैंपेन कमेटी, कोऑर्डिनेशन/स्ट्रैटजी कमेटी, मीडिया, सोशल मीडिया और रिसर्च कमेटी शामिल हैं। इस बैठक में 28 विपक्षी दलों ने पांच राज्यों में हो चुके चुनाव की रणनीति तैयार की थी।
दूसरी बैठक : गठबंधन का नाम I.N.D.I.A तय किया गया

बेंगुलुरु मीटिंग में गठबंधन को इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस नाम दिया गया था।
विपक्षी एकता की दूसरी बैठक 17-18 जुलाई 2023 को बेंगलुरु में हुई थी। 2024 के आम चुनाव में भाजपा को हराने के लिए विपक्ष के 26 दल एक साथ आए थे। इस बैठक में विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम INDIA तय किया गया था। इसका फुल फॉर्म इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस है।
पहली बैठक: नीतीश ने अगुआई की, 15 दल शामिल हुए

विपक्षी गठबंधन की पहली बैठक पटना में हुई थी। नीतीश कुमार इसके मेजबान थे।
विपक्षी गठबंधन की पहली बैठक 23 जून 2023 को पटना में हुई थी। इस बैठक की अगुआई बिहार के CM नीतीश कुमार ने की थी। बैठक में विपक्ष के 15 दल शामिल हुए थे। ये बैठक अगले लोकसभा चुनाव में मोदी सरकार का सामना करने के लिए विपक्ष को एक साथ लाने के लिए थी।
लोकसभा चुनाव में INDIA को 234 सीटें मिली थीं लोकसभा चुनाव में I.N.D.I.A को 234 सीटें मिली हैं। इसमें कांग्रेस की 99, समाजवादी पार्टी की 37 और तृणमूल कांग्रेस की 29 सीटें शामिल हैं। बहुमत का आंकड़ा 272 है। वहीं, महाराष्ट्र चुनाव में INDIA ब्लॉक को कांग्रेस लीड कर रही थी। विपक्षी महाविकास अघाड़ी (MVA) की 288 में से सिर्फ 45 सीटें आईं। भाजपा गठबंधन को 230 सीटें मिलीं।

——————————–
ये खबर भी पढ़ें…
ऑपरेशन सिंदूर पर I.N.D.I.A ब्लॉक की बैठक, 16 दल शामिल, PM से संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग

‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर संसद का विशेष सत्र बुलाने के लिए I.N.D.I.A ब्लॉक की नई दिल्ली में बैठक हुई। इसमें 16 विपक्षी पार्टियों ने हिस्सा लिया। TMC सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने जानकारी दी कि सभी दलों ने PM को पत्र लिखकर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की गई है। पूरी खबर पढ़ें…








