मैनपुरी के कुरावली में शुक्रवार रात करीब नौ बजे मोहल्ला दक्षिणी फर्दखाना में सुरेंद्र किशोर वर्मा पुत्र सूबेदार वर्मा के मकान का लिंटर अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के दौरान उनकी 60 वर्षीय पत्नी प्रेमलता मलबे में दब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
मकान का मलबा हटाने का रास्ता नहीं होने के साथ ही बची हुई इमारत भी जर्जर थी। इसके चलते मैनपुरी से रेस्क्यू टीम और मशीन मंगाई गई। मौके पर पहुंचे उप जिलाधिकारी प्रदीप सिंह, क्षेत्राधिकारी सच्चिदानंद सिंह, कानूनगो गुलबीर सिंह, बृजभूषण, लेखपाल रजनीश पांडे और प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने स्थिति का जायजा लिया। नगर पंचायत अध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा भी नगर पंचायत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य में सहयोग किया।
करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद मलबा हटाया जा सका। इसके नीचे प्रेमलता का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मैनपुरी भेज दिया।
बताया गया है कि प्रेमलता के पति का करीब पांच वर्ष पहले निधन हो चुका है। उनके पांच बेटे हैं, जिनमें से दो बेटे परिवार के साथ इसी मकान में रहते हैं। हादसे के समय उनकी पुत्रवधू और नाती मकान के दूसरे हिस्से में मौजूद थे, जिससे वे सुरक्षित बच गए। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







