मृदुला द्विवेदी2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

कोह सामुई के पास स्थित कोह नांग युआन का खूबसूरत समुद्र तट।
कोह सामुई, फुकेत के बाद थाईलैंड का दूसरा सबसे बड़ा द्वीप है। लेकिन इसके सफेद रेत वाले सुंदर समुद्रीय तटों का कोई जवाब नहीं है। अद्भुत समुद्रीय तटों के अलावा भी कोह सामुई की अनेक खासियतें हैं, जैसे बुद्ध मंदिर, हरियाली से भरे जंगल और जीवंत संस्कृति तथा कई तरह का स्वादिष्ट भोजन। यहां के सबसे लोकप्रिय समुद्र तटों में चेवांग, चोएंग मोन, लामाई और बोपुट शामिल हैं।
चेवांग तट: यह कोह सामुई का एक जीवंत स्थान है। समुद्र तट के किनारे होटलों की कतार लगी हुई मिलती है, जिससे आप कहीं भी ठहरे हों, समुद्र तट तक पहुंचना बेहद आसान होता है। आप इस तट पर लंबी सैर कर सकते हैं और वहां के वातावरण का आनंद ले सकते हैं। यहां वाटर स्पोर्ट्स काफी लोकप्रिय हैं। आप जेट स्की की सवारी कर सकते हैं या अगर आप और साहसी हैं, तो फ्लाई बोर्डिंग भी आजमा सकते हैं। जब आप थक जाएं, तो समुद्र तट के किनारे बने अनेक कैफे और रेस्तरां में जाकर स्वादिष्ट खाने और पेय पदार्थों का आनंद लिया जा सकता है। सड़क पार करते ही आपको स्ट्रीट फूड भी मिल जाएगा।
चोएंग मोन बीच: सफेद रेत वाला यह समुद्र तट बहुत सुंदर है। यहां का माहौल एकदम शांत है। यह विश्राम करने और परिवार के साथ गुणवत्तापूर्ण समय बिताने के लिए उपयुक्त है। यहां भी कुछ जलक्रीड़ा गतिविधियां उपलब्ध हैं। तट पर खुले में बने मालिश केंद्रों में आप प्राकृतिक वातावरण के बीच हल्की मसाज का आनंद भी ले सकते हैं।
आंग थोंग नेशनल मरीन पार्क: अगर आप कोह सामुई जा रहे हैं, तो सबसे रोमांचक अनुभव एक द्वीप से दूसरे द्वीप की सैर करना होगा (जिसे आईलैंड होपिंग कहते हैं)। यहां कई स्पीड बोट टूर उपलब्ध हैं, जो शानदार दर्शनीय स्थलों की सैर कराते हैं। आप इन टूरों की बुकिंग अपने होटल से या फिर बाजार में स्थित एडवेंचर शॉप्स से बात करके कर सकते हैं। दो सबसे लोकप्रिय द्वीप हैं आंग थोंग नेशनल मरीन पार्क और कोह नांग युआन। अगर संभव हो तो दोनों यात्राएं करें या फिर ऐसा टूर चुनें जिसमें दोनों का संयोजन हो। आंग थोंग नेशनल मरीन पार्क की यात्रा में आमतौर पर कयाकिंग शामिल होती है, जिसे जोड़े में किया जा सकता है। यहां एक व्यू पॉइंट तक जाने पर आपको एमराल्ड लेक का मनोरम दृश्य नजर आता है।
कोह नांग युआन: यह एक बेहद खूबसूरत द्वीप है, जहां किनारे से ही स्नॉर्कलिंग कर आप साफ पानी में रंग-बिरंगी मछलियों को देख सकते हैं। यहां एक सुंदर सैंड बार (रेतीला पुल) है जो दो द्वीपों को आपस में जोड़ता है। कम ज्वार के समय पर्यटक इन द्वीपों के बीच पैदल चल सकते हैं।
स्थानीय दर्शनीय स्थल: कोह सामुई का बिग बुद्धा टेंपल पर्यटकों के बीच बहुत लोकप्रिय है। लाड कोह व्यूपॉइंट से द्वीप का शानदार पैनोरामिक दृश्य दिखाई देता है। नमुयांग जलप्रपात भी प्रमुख आकर्षण है। इस क्षेत्र में दो जलप्रपात हैं, जिनमें से दूसरे तक पहुंचने के लिए ट्रेकिंग करनी पड़ती है। पर्यटक अक्सर अपने ठहरने की जगह के अलावा अन्य समुद्र तटों पर भी घूमना पसंद करते हैं।
कैसे पहुंचें और कब जाएं? भारत के बड़े शहरों से बैंकॉक या सिंगापुर जाकर वहां से कनेक्टिंग फ्लाइट ले सकते हैं। आप बैंकॉक से बस, ट्रेन और फिर फेरी के जरिए भी कोह सामुई पहुंच सकते हैं, लेकिन इसमें लगभग 14 घंटे का समय लगता है। कब जाएं? यह साल भर घूमने योग्य स्थल है, हालांकि सबसे अच्छा मौसम नवंबर से फरवरी तक का माना जाता है। बरसात में यहां हमेशा बरिश नहीं होती है और इस मौसम में यहां की यात्रा करना अपेक्षाकृत सस्ता भी होता है। कहां ठहरें? होटल आमतौर पर समुद्र तटों के आसपास बने हैं, इसलिए पहले यह तय करें कि आप किस समुद्र तट पर ठहरना चाहते हैं। चवांग बीच सबसे लोकप्रिय है, जहां समुद्र के बिल्कुल पास स्थित होटलों के दाम थोड़े अधिक हो सकते हैं। लामाई बीच को परिवारों के लिए उपयुक्त माना जाता है।








