- Hindi News
- National
- IMD Weather Update Today; MP Rajasthan Haryana Badrinath Cold Wave | Delhi AQI Air Pollution
भोपाल/जयपुर/देहरादून16 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

देश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और सर्द हवाओं से मैदानी राज्यों में ठिठुरन बढ़ने लगी है। राजस्थान में सोमवार को कोटा, उदयपुर समेत कई जिलों में दिन के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हुई। 10 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम रहा। फतेहपुर में सबसे कम, 5.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
मध्य प्रदेश में भी सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। नौगांव, राजगढ़, नरसिंहपुर और रीवा में सोमवार को तापमान 8 से 10 डिग्री के बीच रहा। भोपाल सहित कई जिलों में लगातार तीसरे दिन बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने राज्य में अगले चार दिन तक शीतलहर से राहत की संभावना जताई है।
इधर, बिहार में सर्दी के साथ घने कोहरे का असर बढ़ गया है। बीते दिन, पटना, खगड़िया, गोपालगंज, सारण, बेगूसराय समेत 10 शहरों में सुबह-सुबह घना कोहरा देखने को मिला। कई जगह विजिबिलिटी 100-200 मीटर तक दर्ज की गई। इससे सड़कों पर दिन में भी गाड़ियों की लाइटें जलानी पड़ी।
उत्तराखंड में पारा गिरने के साथ सर्द हवाएं चल रही हैं। बद्रीनाथ में सोमवार को तापमान माइनस 12 डिग्री पहुंच गया। यहां नदी और झरने जम गए हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की आशंका जताई है।
देशभर में सर्दी की 4 तस्वीरें…

तमिलनाडु: थूथुकुडी जिले में पिछले 3 दिनों से लगातार बारिश से आवासीय इलाके जलमग्न हैं।

उत्तराखंड: बद्रीनाथ में सोमवार को कई झरनों में पानी जम गया।

जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में डल झील पर सोमवार को धुंध छाई रही।

उत्तराखंड: बद्रीनाथ में इतनी सर्दी है कि सोमवार को घरों की रेलिंग पर भी बर्फ जम गई।
तमिलनाडु में तेज बारिश, मदुरै में स्कूल-कॉलेज बंद
तमिलनाडु के कई जिलों में सोमवार सुबह से ही बारिश हो रही है। पुडुचेरी और कराईकल के कई इलाकों में पानी भर गया है। भारी बारिश के चलते मदुरै में स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिन तमिलनाडु में बारिश का मौसम बना रहेगा।


राज्यों में मौसम का हाल…
राजस्थान: कई जिलों में धुंध, दिन के तापमान में 2 डिग्री तक गिरावट; बारिश का अलर्ट, बढ़ेगी सर्दी

श्रीगंगानगर में मंगलवार सुबह पत्तों पर ओस की बूंद जम गईं।
राजस्थान में उत्तरी-पश्चिमी हवा से सोमवार को कई जिलों के तापमान में उतार-चढ़ाव रहा। धुंध रहने से धूप कमजोर रही। डूंगरपुर, जालोर, भीलवाड़ा, कोटा, उदयपुर समेत कई जिलों में दिन के तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 27 नवंबर से उदयपुर, जोधपुर, अजमेर संभाग के जिलों में बादल छा सकते हैं। हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें…
मध्य प्रदेश: नवंबर में राहत, दिसंबर में भीषण सर्दी होगी; साइक्लोन के कारण बादल, दिन का पारा लुढ़का

भोपाल में सोमवार को बादल छाए रहे। दिन का तापमान 26.4 डिग्री दर्ज हुआ।
मध्य प्रदेश ने अगले चार दिन तक कहीं भी शीतलहर नहीं चलेगी। सोमवार को लगातार तीसरे दिन साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) की वजह से भोपाल समेत कई जिलों में हल्के बादल छाए रहे। इससे दिन में सर्दी बढ़ गई। भोपाल में दिन का तापमान 26.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में इस सप्ताह भीषण सर्दी का अनुमान नहीं है, लेकिन दिसंबर में कड़ाके की सर्दी शुरू हो जाएगी। पूरी खबर पढ़ें…
उत्तराखंड: बद्रीनाथ में तापमान माइनस 12°C, चमोली में नदियां-झीलें जमी, निचले इलाकों में कोहरा

चमोली में सोमवार को सभी नदियां और झीलें जम गईं।
उत्तराखंड के चमोली स्थित बद्रीनाथ में सोमवार को तापमान माइनस 12 डिग्री सेल्सियस चला गया, जिससे वहां सभी नदियां और झीलें जम चुकी हैं। मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री दर्ज किया गया। नई टिहरी में तापमान करीब 3.7 डिग्री रहा। मंगलवार को हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में कोहरा दिखा। पूरी खबर पढ़ें…
बिहार: 4 शहरों में 10 डिग्री के करीब पारा, 2 दिन बाद और बढ़ेगी सर्दी; कोहरे से 100 मीटर हो सकती है विजिबिलिटी

सोमवार को पटना, खगड़िया, गोपालगंज समेत 10 शहरों में सुबह के समय घना कोहरा रहा।
बिहार में सर्दी ने दस्तक दे दी है। कई जिलों में सुबह घना कोहरा देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने 48 घंटे के अंदर न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट की संभावना जताई है। सुबह में कोहरा छा सकता है। कई इलाकों में विजिबिलिटी 100 मीटर या उससे नीचे जा सकती है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहेगा। रात में लगातार ठिठुरन महसूस होगी। पूरी खबर पढ़ें…
हरियाणा: नारनौल सबसे ठंडा, तापमान 7.8 डिग्री पहुंचा; 2 दिन बाद फिर छाएंगे बादल, कोहरे की आशंका

हरियाणा के यमुनानगर में सुबह के समय सड़क पर निकलते वाहन।
हरियाणा के कई जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है। नारनौल इस समय राज्य का सबसे ठंडा शहर बना हुआ है। यहां सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज किया गया। हिसार, कैथल और जींद सहित राज्य के अधिकांश शहरों में तापमान 10 डिग्री से कम या उसके आसपास बना हुआ है। अगले 3 से 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान और गिर सकता है। पूरी खबर पढ़ें…








