कुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

रविवार को कई पर्यावरण कार्यकर्ता और आम लोग इंडिया गेट पर विरोध प्रदर्शन के लिए जुटे थे।
दिल्ली में बढ़ते एयर पॉल्यूशन के खिलाफ विरोध कर रहे लोगों को हिरासत में लेने पर राहुल गांधी ने सरकार की आलोचना की है। उन्होंने X पर कहा- शांतिपूर्ण तरीके से साफ हवा की मांग करने वाले नागरिकों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है?
दरअसल दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ रविवार को इंडिया गेट पर लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। शाम होते-होते पुलिस ने लोगों को इंडिया गेट से हटाया। इस दौरान कई लोगों को डिटेन किया गया था।
इधर, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार रविवार सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 391 दर्ज हुआ, जो गंभीर श्रेणी में है। कई इलाकों जैसे बवाना (436), पटपड़गंज (425), आरके पुरम (422) और आनंद विहार (412) में हालात बेहद खराब हैं।
इंडिया गेट पर प्रदर्शन की 5 तस्वीरें…

इंडिया गेट पर एयर पॉल्यूशन के विरोध में लोग जमा हुए थे।

दिल्ली पुलिस ने लोगों को इंडिया गेट हटाया।

महिला सुरक्षाकर्मियों ने विरोध कर रहीं महिलाओं को इंडिया गेट से हटाया।

विरोध करने वाले युवक को उठाकर ले जाते पुलिसकर्मी।

पुलिस ने विरोध प्रदर्शनकारियों को बस में जबरन बिठाया।
राहुल बोले- वोट चोरी वाली सरकार को परवाह नहीं राहुल गांधी ने X पर प्रदर्शन का एक वीडियो रिपोस्ट करते हुए लिखा- वायु प्रदूषण करोड़ों भारतीयों को प्रभावित कर रहा है। हमारे बच्चों और हमारे देश के भविष्य को नुकसान पहुंचा रहा है। लेकिन वोट चोरी से सत्ता में आई सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है, न ही वह इस संकट को हल करने का प्रयास कर रही है। हमें स्वच्छ हवा की मांग कर रहे नागरिकों पर हमला करने के बजाय, वायु प्रदूषण पर अभी से निर्णायक कार्रवाई करने की जरूरत है।








