भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह और एक्ट्रेस अक्षरा सिंह का रिश्ता हमेशा सुर्खियों में रहा है. दोनों के बीच लंबे समय तक विवाद भी चला. हाल ही में बिहार के मुंगेर में एक स्टेज शो के दौरान पवन सिंह ने अक्षरा सिंह से माफी मांगी. उन्होंने अक्षरा को अपना बाबू और बेटा तक कह दिया.
वहीं, पवन सिंह के इस बयान के बाद उनकी पत्नी ज्योति सिंह का रिएक्शन भी चर्चा में आ गया है. ज्योति ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर तंज कसा है.
पवन सिंह सिंह की माफी पर पत्नी का रिएक्शन
पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘वाह रे राजपूताना स्वाभिमान.’ इसके साथ उन्होंने कैप्शन में हंसने वाला और ताली बजाने वाला इमोजी शेयर किया. हालांकि ज्योति ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया है.
पवन सिंह ने बिहार के मुंगेर जिले में एक स्टेज शो के दौरान अक्षरा सिंह और उनके माता-पिता से माफी मांगी. कल्याणपुर में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में पवन सिंह ने कहा, ‘अक्षरा सिंह मेरा बाबू है, मेरा बेटा है. उनके पिताजी मेरे भैया हैं और माताजी भाभी हैं. मेरी वजह से अक्षरा सिंह के माता-पिता को कभी बुरा लगा है, तो वो दिल से माफी मांगता हूं. और उन्हें प्रणाम करता हूं.’
क्या है विवाद?
बता दें, पवन सिंह और अक्षरा सिंह के बीच पुराना रिश्ता, ब्रेकअप और उसके बाद के बयानों को लेकर लंबा विवाद रहा है. दोनों ने साथ में कई फिल्मों और गानों में काम किया था और दोनों रिलेशनशिप में थे. हालांकि, पवन सिंह के ज्योति सिंह से अचानक शादी करने के बाद दोनों का रिश्ता टूट गया.
इसके बाद अक्षरा ने पवन पर मानसिक प्रताड़ना, मारपीट, करियर बर्बाद करने की कोशिश करने और धमकियां देने के गंभीर आरोप लगाए थे. उन्होंने कई इंटरव्यूज में पवन सिंह के साथ अपने रिश्ते को लेकर बात की और चौकाने वाले खुलासे किए थे.
वहीं, पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के तलाक के मामले में भी अक्षरा सिंह ने खुलकर ज्योति सिंह का सपोर्ट किया था.







