कोतवाली क्षेत्र के अजीतमल कस्बे के मोहल्ला आजाद नगर (गढ़ा) में रविवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नगदी समेत लाखों रुपये मूल्य के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार के सदस्य छत पर सो रहे थे, जबकि गृहस्वामी सवारियों को लेकर बिठूर गया हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला आजाद नगर निवासी अमित राजपूत पुत्र देशराज राजपूत ईको कार से किराये पर सवारी ढोने का कार्य करते हैं। रविवार रात करीब आठ बजे वह नियामतपुर गांव से गंगा स्नान के लिए बिठूर जा रही सवारियों को लेकर घर से बाहर गए थे। घर पर उनकी पत्नी संगीता, पुत्र ऋतिक तथा पुत्री दिव्या छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर पड़ोस में बनी लैट्रिन की छत के सहारे मकान की छत पर चढ़ गए और सीढ़ियों से नीचे उतर कर कमरे में पहुंच गए। चोरों ने कमरे में रखी सेफ और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा नगदी पर हाथ साफ कर दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी हुए सामान में एक हार, दो जंजीर, पांच अंगूठियां, मंगलसूत्र, दो करधनियां, चार जोड़ी पायल समेत लाखों रुपये मूल्य के जेवरात शामिल हैं। इसके अलावा बकरों की बिक्री से प्राप्त रुपए सहित 20 हजार रुपये गाड़ी की उधारी समेत कुल करीब 50 हजार रुपये नकद भी चोर ले गए।
सोमवार सुबह जब संगीता नींद से जागकर नीचे पहुंचीं तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा देखकर उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। वहीं बाहर गए अमित राजपूत को भी फोन पर चोरी की सूचना दी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि चोरी की घटना की जानकारी मिली है। अभी पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।








