8 घंटे पहलेलेखक: आशीष तिवारी
- कॉपी लिंक

आसिफ खान को वेब सीरीज ‘पंचायत’ में ‘दामाद जी’ यानी गणेश के किरदार से पहचान मिली थी।
वेब सीरीज ‘पंचायत’ में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाले एक्टर आसिफ खान ‘बिग बॉस 20’ से बाहर हो गए हैं।
शो में उनका सफर करीब 8 हफ्ते का रहा। घर से बाहर आने के बाद आसिफ ने दैनिक भास्कर से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने शो के अनुभव और घर के कुछ सदस्यों के व्यवहार पर बात की।
इंटरव्यू में वह अपने बचपन के दोस्त जैद को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि जब वह शो के अंदर थे, तभी उनके दोस्त की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
आसिफ को जुलाई 2025 में हार्ट अटैक आया था। जिसके बाद शुरुआत में उन्होंने इसे एसिड रिफ्लक्स की समस्या बताया था।
वहीं, शो के दौरान को-कंटेस्टेंट काजी तौकीर ने आसिफ की बीमारी को लेकर टिप्पणी की थी। इस पर दोनों के बीच बहस हुई थी।

इसके बाद आसिफ की पत्नी जेबा खान ने मेडिकल रिपोर्ट शेयर कर बताया था कि आसिफ की कोरोनरी आर्टरी में ब्लॉकेज हुआ था। इलाज के दौरान उनके दिल में स्टेंट भी लगाया गया था।
आसिफ ने हार्ट अटैक की बात छिपाई थी, क्योंकि उन्हें डर था कि इससे फिल्म इंडस्ट्री में उनकी छवि प्रभावित होगी और उन्हें काम मिलना बंद हो सकता है।

आसिफ खान और जेबा खान ने 10 दिसंबर 2024 को शादी की थी।
बीमारी का मजाक बनाने पर जताई नाराजगी
शो के शुरुआती हफ्तों में कंटेस्टेंट काजी तौकीर ने मनोरंजन और अटेंशन के लिए मेडिकल रूम में जाने और बीमार होने का झूठा नाटक रचा था।
इंटरव्यू के दौरान आसिफ ने कहा कि किसी गंभीर बीमारी को लेकर इस तरह का मजाक करना ठीक नहीं है। उनके मुताबिक, समाज में आज भी कई लोग ऐसी बीमारियों से जूझ रहे हैं, लेकिन वे खुलकर अपनी परेशानी के बारे में बात नहीं कर पाते। ऐसे में अगर कोई इस बीमारी को मनोरंजन का हिस्सा बना देता है, तो इससे उन लोगों पर भी असर पड़ सकता है।
आसिफ ने कहा कि इस तरह की बातों से लोगों के मन में शक पैदा हो सकता है। मान लीजिए, भविष्य में कोई व्यक्ति अपनी बीमारी के बारे में किसी को बताता है, तो सामने वाला उसकी बात पर भरोसा करने से पहले सोच सकता है। उसे लग सकता है कि शायद वह भी मजाक कर रहा है।

आसिफ ने कहा कि घर में इस मुद्दे पर बातचीत के दौरान वह कई बार भावुक हुए और रोए भी। इसके बावजूद उन्हें लगा कि उनकी भावनाओं को समझने की कोशिश नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि अगर सामने वाला उनकी बात से असहज था, तो वह वहां से उठकर जा सकता था या कुछ देर बाद वापस आकर बातचीत कर सकता था। कम से कम इससे उन्हें यह महसूस होता कि उनकी भावनाओं और आंसुओं की कद्र की जा रही है।
आसिफ ने कहा कि किसी की परेशानी को समझने के लिए बहुत कुछ करने की जरूरत नहीं होती। कई बार सिर्फ इंसानियत दिखाना ही काफी होता है।
दोस्त की मौत की खबर सुनकर लगा, शो में नहीं आना चाहिए था
इंटरव्यू के दौरान आसिफ ने अपने बचपन के दोस्त जैद की मौत का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब वह शो के पांचवें हफ्ते में कैप्टन बने थे, उसी दिन उनके दोस्त को घर पर हार्ट अटैक आया था। जैद की घर पर ही मौत हो गई।
आसिफ ने बताया कि जैद उनके बचपन का दोस्त था। दोनों की दोस्ती एलकेजी-यूकेजी के समय से थी। शो से बाहर आने के बाद जब वह अपनी पत्नी और परिवार से मिले, तो करीब डेढ़ घंटे तक सभी ने बैठकर बातचीत की। इसी दौरान उन्होंने परिवार से पूछा कि उनके शो में रहने के दौरान बाहर क्या-क्या हुआ।
आसिफ के मुताबिक, उनकी पत्नी जेबा ने बातचीत में अचानक जैद का नाम लिया। दोस्त की मौत के बारे में जानकर वह अंदर से टूट गए। उन्होंने कहा कि उस वक्त उन्हें लगा कि शायद उन्हें शो में नहीं आना चाहिए था। अगर वह बाहर होते, तो कम से कम अपने दोस्त से आखिरी बार मिल पाते और उसका चेहरा देख सकते थे।

‘पंचायत’ के अलावा आसिफ ‘जामताड़ा’, ‘मिर्जापुर’, ‘मर्डर इन अगोंडा’, ‘घर सेट है’ और ‘देहाती लड़के’ (सीजन 2) जैसे कई ओटीटी प्रोजेक्ट्स में भी नजर आ चुके हैं।
आसिफ के पिता का निधन भी हार्ट अटैक से हुआ था
दोस्त की मौत का जिक्र करते हुए आसिफ इंटरव्यू में भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह मामला उनके लिए बहुत निजी है। वह पहले ही अपने पिता को हार्ट अटैक की वजह से खो चुके हैं। इसलिए जब भी इस तरह की घटना या बात सामने आती है, तो वह भावनात्मक रूप से प्रभावित होते हैं।
उन्होंने कहा कि जब कोई ऐसी बात करता है, जिससे वह व्यक्तिगत रूप से जुड़े हुए हैं, तो उन्हें बुरा लगता है। अगर कोई उनके साथ असंवेदनशील व्यवहार करेगा, तो वह अपनी प्रतिक्रिया नहीं रोकते। बाद में जरूरत पड़ने पर माफी मांग सकते हैं, लेकिन उस वक्त उनका रिएक्शन स्वाभाविक होता है।
……………..
यह खबर भी पढ़ें…
सैफ-करीना की शादी में धोए बर्तन, चॉल में भी रहे: लोग बोले- तुम हीरो मटेरियल नहीं; ‘पंचायत’ के दामाद जी बनकर फेमस हुए आसिफ

एक्टर आसिफ खान ने दैनिक भास्कर के साथ बातचीत में अपने संघर्ष की कहानी साझा की थी। राजस्थान के निम्बाहेड़ा में जन्मे आसिफ ने एक्टिंग में करियर बनाने के लिए कई मुश्किलों का सामना किया। उन्होंने होटल में वेटर का काम किया। सैफ अली खान और करीना कपूर की शादी में भी मेहमानों को खाना परोसा था। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने अपने शुरुआती दिनों के संघर्ष के बारे में बताया था। पूरी खबर यहां पढ़ें…







