सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा दिखने वाला कोई शख्स रैली करते हुए नजर आ रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी को रैली में एक शख्स ने कहा कि सर गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो में नजर आ रहा शख्स प्रधानमंत्री मोदी नहीं हैं। ये उनके जैसे दिखने वाला कोई अन्य शख्स है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी को रैली में एक शख्स ने कहा कि सर गैस सिलिंडर नहीं मिल रहा है।
महाराष्ट्र बंधु न्यूज (@BandhuNews_in) नाम के एक्स हैंडल ने लिखा,” गैस नहीं मिल रहा सर!” देश की आम जनता अब सीधे सवाल कर रही है कि आखिर रोज़मर्रा की चीज़ें कब क़ाबू में आएंगी।” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें तेज स्क्रॉल के फेसबुक अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि इस वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति प्रधानमंत्री मोदी के हमशक्ल सदानंद नायक हैं।
आगे की पड़ताल में हमें ओडिशा रिपोर्टर के यूट्यूब चैनल पर एक रिपोर्ट मिली। यहां हमें वायरल वीडियो से संबंधित कई क्लिप देखने को मिली। इस रिपोर्ट में बताया गया है कि राउरकेला में रमन बामी अकड़ा की शोभायात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वेश में एक व्यक्ति को देखा गया। वह बिल्कुल पीएम मोदी जैसा दिखता है, इसलिए उसे पहचानना आसान नहीं है।
इसके बाद हमने कीवर्ड से सर्च किया। इस दौरान हमें कांलिगा टीवी की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 27 सितंबर 2025 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हमशक्ल को देखा गया। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी जल्द ही ओडिशा पहुंचने वाले हैं। प्रधानमंत्री मोदी के हमशक्ल को आमलीपाली मैदान में देखा गया, जहां प्रधानमंत्री के जल्द ही पहुंचने की उम्मीद है। हमारे रिपोर्टर ने रैली स्थल पर घूमते हुए इस व्यक्ति को देखा। मोदी के हमशक्ल की पहचान सदानंद नायक के रूप में हुई है। वह कर्नाटक के निवासी हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि सदानंद रैली स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वेश में पहुंचे हैं। हर कोई उनके साथ सेल्फी लेने के लिए उमड़ रहा है।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स को प्रधानमंत्री मोदी के हमशक्ल पाया है।








