एशिया कप 2025 का मुकाबला रविवार को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर खेला गया। भारत ने पाकिस्तान को 25 गेंद शेष रहते सात विकेट से हराकर मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। मुकाबले में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। इसके बाद वह पवेलियन की तरफ लौट आए। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। ऐसा ही बाकी खिलाड़ियों ने भी किया। भारतीय टीम ने अपनी जीत पहलगाम में हुए आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों और ऑपरेशन सिदूर में शामिल देश के सैनिकों को समर्पित की।
इसी बीच वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में हिमाचल के हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर स्टेडियम में बैठकर मैच देख रहे हैं। वीडियो में उनके बगल में बैठे पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी से बात करे नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि पूरे देश में पाकिस्तान का विरोध हो रहा है और भाजपा के नेता अनुराग ठाकुर और बीसीसीआई के अध्यक्ष जय शाह पाकिस्तान के खिलाड़ी शाहिद अफरीदी के साथ दुबई में पाकिस्तान और भारत एशिया कप 2025 का मुकाबला देख रहे हैं।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में सामने आया है कि यह वीडियो एशिया कप के दौरान का नहीं है। जांच में हमें यह वीडियो फरवरी 2025 से ही इंटरनेट पर मौजूद मिला। 23 फरवरी 2025 को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला हुआ था। यह मैच भी दुबई स्टेडियम में खेला गया था।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि अनुराग ठाकुर शाहिद अफरीदी के साथ बैठकर दुबई में भारत-पाकिस्तान का मैच देख रहे हैं।
तुषार पटेल नाम के एक फेसबुक यूजर ने इस वीडियो को शेयर करके लिखा, “पाकिस्तानी क्रिकेटर अफरीदी के साथ, जिन्होंने एक बार कहा था, “हम कश्मीर लेकर रहेंगे”।” पोस्ट का आर्काइव लिंक आप यहां देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों का लिंक आप यहां और यहां भी देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां भी देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें यह वीडियो क्रिकेट लवर नाम के एक फेसबुक चैनल पर देखने को मिला। इस वीडियो को 26 फरवरी 2025 को शेयर किया गया था। वीडियो को पोस्ट करके लिखा गया था, “जय शाह और शाहिद खान अफरीदी पाकिस्तान बनाम भारत मैच के दौरान” यहां से यह साफ हो गया कि वीडियो पुराना है। क्योंकि यह फरवरी से इंटरनेट पर मौजूद है।
आगे एक एक्स यूजर ने इस वीडियो के कीफ्रेम को 26 फरवरी 2025 को शेयर किया था। इस पोस्ट के साथ लिखा गया था, “राष्ट्रवाद अमीरों द्वारा गरीबों को दिया गया जहर है। लोग राष्ट्रवाद को पसंद करते हैं, क्योंकि यह उन्हें महत्वपूर्ण महसूस कराता है और बिना कुछ किए दूसरों के कामों का श्रेय लेने का मौका देता है।”
आगे हमें फ्री प्रेस जर्नल की एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट को 24 फरवरी 2025 को प्रकाशित करके लिखा गया था। इस रिपोर्ट में अनुराग ठाकुर और अफरीदी के साथ बैठने पर महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे के एक्स पोस्ट के बारे में बताया गया था। आदित्य ठाकरे ने अनुराग ठाकुर और अफरीदी को फोटो को साथ में पोस्ट करके लिखा था, “शमी और @Javedakhtarjadu जी की देशभक्ति पर शक है। उनके धर्म की वजह से। दोनों ही गौरवान्वित भारतीय हैं, जो अपने कौशल से भारतीय गौरव में सक्रिय योगदान दे रहे हैं। लेकिन यही ट्रोल्स एक भाजपा नेता और पूर्व मंत्री पर बोलने से डरते हैं, जो एक क्रिकेटर के साथ बैठे थे – जो मुखर रूप से भारत विरोधी रहा है।”
आपको बता दें कि 23 फरवरी 2025 को भारत और पाकिस्तान के बीच में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का मुकाबला खेला गया था। यह मैच भी दुबई के स्टेडियम में ही खेला गया था। इसी मैच के दौरान ही अनुराग ठाकुर और अफरीदी की मुलाकात हुई थी। तब भारत को पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव शुरू नहीं हुआ था। तनाव की स्थिति 22 अप्रैल के बाद पैदा हुई जब पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकवादियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों को गोली मार दी थी।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वीडियो फरवरी में हुए आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान का है।








